Doubtnut Promotions Sticky

ऊर्जा के स्रोत कक्षा 10 भौतिकी

भूमिका

किसी वस्तु की कार्य करने की क्षमता को उस वस्तु की ऊर्जा कहते हैं। उस प्रत्येक वस्तु में जो कुछ न कुछ कार्य कर सकती है, ऊर्जा होती है। जैसे जलता कोयला, जल को भाप में बदल सकता है। ऊर्जा का जब एक रूप से दूसरे में अथवा एक स्थान से दूसरे स्थान को स्थानान्तरण होता है, तभी कार्य सम्पन्न होता है।

इस अध्याय में हम ऊर्जा के विभिन्न प्रकार एवं स्वरूप के बारे में अध्ययन करेंगे, साथ ही ऊर्जा के रूपांतरण एवं इनके स्त्रोत के बारे में भी अध्ययन करेंगे।

ऊर्जा

ऊर्जा द्वारा हम कोई भी कार्य कर सकते है। किसी भी कार्य को संपन्न करने के लिए हमे श्रम करना पड़ता है। किसी भारी वस्तु को उठाने के लिए अधिक कार्य करना पड़ता है और इसमें अधिक ऊर्जा की आवश्यकता होती है।

हमने देखा था कि ऊर्जा और कार्य का सीधा संबंध है। अधिक कार्य करने के लिए आपको अधिक ऊर्जा की ज़रूरत होती है। आपके पास जितनी अधिक ऊर्जा होगी आप उतना ही अधिक कार्य कर पाएंगे।

'ऊर्जा' शब्द का आविष्कार आज से 200 वर्ष पूर्व एक ब्रिटिश वैज्ञानिक थॉमस यंग ने किया था। थॉमस यंग ने 'ऊर्जा' शब्द एक यूनानी वाक्य अंदर कार्य से प्रेरित होकर इजाद किया। उनके अनुसार 'ऊर्जा' के अंदर कार्य छिपा है, आप उस ऊर्जा के उपयोग से कार्य कर सकते हैं। हमारे शरीर में भी एक निश्चित मात्रा में ऊर्जा है। जितना अधिक हम कार्य करेंगे, उतनी अधिक ऊर्जा की खपत होगी और हमें थकान महसूस होगी। इस ऊर्जा की आपूर्ति के लिए हमें भोजन की आवश्यकता होती है।

ऊर्जा के विभिन्न रूप

हम ऊर्जा के अनेक रूपों से परिचित हैं- प्रकाश ऊर्जा, ऊष्मा ऊर्जा, ध्वनि ऊर्जा, विद्युत ऊर्जा आदि। घर को प्रकाशित करने के लिए प्रकाशीय ऊर्जा, पानी गर्म करने चाय बनाने, भोजन पकाने के लिए ऊष्मीय ऊर्जा, साइकिल चलाने अथवा समान ढोने के लिए पेशीय ऊर्जा, मित्रों से बात करने के लिए पेशीय ऊर्जा तथा ध्वनि ऊर्जा का उपयोग करते है।

इन विभिन्न रूपों के ऊर्जाओं को विभिन्न ऊर्जा स्रोतों से प्राप्त किया जाता हैं, प्रकाशिय ऊर्जा ताप-विद्युत या जल-विद्युत द्वारा प्राप्त किया जाता हैं ऊष्मीय ऊर्जा एल०पी०जी० गैस या प्राकृतिक गैस के दहन से प्राप्त करते है। पेशीय ऊर्जा हमें भोजन द्वारा प्राप्त होता हैं, वार्तालाप में ध्वनि ऊर्जा भोजन से प्राप्त पेशीय ऊर्जा से प्राप्त होती है, तथा घंटी बजाने के लिए ध्वनि ऊर्जा ताप विद्युत या जल-विद्युत से प्राप्त होती हैं।

ऊर्जा का उत्तम स्त्रोत :

किसी कार्य को करने के लिए ऊर्जा की जितनी मात्रा का उपयोग किया जाता है वह मात्रा उपभुक्त (consume) हो जाती है और उसका पुनः उपयोग नहीं किया जा सकता। अत: ऊर्जा स्रोत का मुख्य लक्षण यह है कि ऊर्जा स्त्रोत से पर्याप्त मात्रा में उपयोगी ऊर्जा उत्पन्न होनी चाहिए।

पृथ्वी पर ऊर्जा का मुख्य ऊर्जा स्रोत सूर्य है। पृथ्वी सूर्य से ऊष्मा और प्रकाश के रूप में ऊर्जा प्राप्त करती है। इसी ऊर्जा से पौधे भोजन बनाते हैं। हमें भी भोजन पौधों से ही प्राप्त होता है। सूर्य के प्रकाश में हमारे द्वारा अनेक कार्य किया जाता है। सौर ऊर्जा को विद्युत ऊर्जा में बदलकर उससे रात्रि में प्रकाश किया जा सकता है तथा अनेक विद्युत उपकरण चलाया जा सकता हैं।

ऊर्जा की आवश्यकता मुख्य रूप से निम्नलिखित कार्यों के लिए होती है :-
  1. भोजन पकाने के लिए।

  2. प्रकाश उत्पन्न करने के लिए।

  3. वाहन चलाने के लिए।

  4. घरों में तथा उद्योगों में मशीनों को चलाने के लिए।

  5. मनोरंजन के लिए टी.वी., इंटरनेट आदि चलाने के लिए।

  6. सुविधा/आराम के लिए कूलर, एयर कण्डीशनर, हीटर आदि चलाने के लिए।

  7. कृषि कार्य में ट्यूबवेल से पानी निकालने के लिए तथा ट्रैक्टर, थ्रेशर आदि मशीनों को चलाने के लिए।

अच्छे ईंधन का चयन :

अच्छे ईंधन का चयन करते समय हमें निम्नलिखित बिन्दुओ को ध्यान रखना चाहिए :-
  1. यह ईंधन दहन में कितनी ऊष्मा मुक्त करता है अर्थात् इसका कैलोरी मान अधिक होना चाहिए।

  2. इसका ज्वलन ताप मध्यम होना चाहिए।

  3. दहन के पश्चात् यह अत्यधिक धुआँ उत्पन्न न करता हो।

  4. दहन के पश्चात् अन्य हानिकारक गैसें उत्पन्न न करता हो।

  5. दहन के पश्चात् ठोस अवशेष न बचे।

  6. यह आसानी से उपलब्ध होना चाहिए।

  7. यह सस्ता होना चाहिए।

  8. यह उपयोग करने में सुरक्षित (safe) होना चाहिए।
आज ऊर्जा के परंपरागत स्रोतों लकड़ी, कोयला की उपलब्धता भी धीरे-धीरे कम हो रही है तथा गैर-परम्परागत स्रोतों - गैसें, पेट्रोल, विद्युत ऊर्जा की अत्यधिक मांग है। इस प्रकार अब हम कह सकते है कि एक उत्तम ऊर्जा का स्रोत वह है, जो :-
  1. प्रति इकाई द्रव्यमान तथा आयतन अधिक ऊर्जा उत्पन्न करें।

  2. पर्याप्त मात्रा में ऊर्जा उत्पन्न करे।

  3. पर्याप्त मात्रा में आवश्यक प्रकार की ऊर्जा नियत दर से लम्बे समय तक उत्पन्न कर सके।

  4. प्रयोग करने में आसान हो।

  5. आसानी से उपलब्ध (प्राप्त होने वाला) हो।

  6. आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाया जा सके।

  7. सुरक्षित भण्डारण में आसान हो।

  8. प्रदूषण मुक्त हो।

  9. सस्ता हो।
सावधानीपूर्वक विश्लेषण करने पर देखा जा सकता हैं कि जीवन संबंधी क्रियाकलापों के अतिरिक्त हम ऊर्जा का उपयोग मुख्यतः ऊष्मा तथा प्रकाश प्राप्त करने के लिए करते हैं। इसके बाद ऊर्जा का दूसरा मुख्य उपयोग मशीनों व यंत्रों को चलाने के लिए करते हैं। इन आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए ईंधन या विद्युत के रूप में ऊर्जा का प्रयोग करते हैं। प्रौद्योगिकी ऊर्जा के विभिन्न स्रोतों से प्राप्त होने वाली ऊर्जा को ईंधनों या विद्युत में परिवर्तित करने के साधन प्रदान करती है।

ऊर्जा के पारंपरिक स्त्रोत

प्रकृति में बहुत लम्बे समय से एकत्रित ऊर्जा के स्रोत जो समाप्त होने पर पुनः स्थापित नहीं किये जा सकते जिनका पुनर्जनन (regeneration) नहीं किया जा सकता उन्हें ऊर्जा के परंपरागत स्रोत अथवा अनवीकरणीय (non-renewable) स्त्रोत कहते है।

ocr_image

जीवाश्मी ईंधन :

जीवों (पौधों और जन्तुओं) के जमीन अथवा समुद्र तल में दबकर अत्यधिक दाब और ऊष्मा के कारण बने ईंधन को जीवाश्मी ईंधन कहते है।
यह तीन प्रकार का है :-
  • कोयला

  • पेट्रोलियम

  • प्राकृतिक गैस

कोयले में कार्बन, हाइड्रोजन और ऑक्सीजन के यौगिक होते है। इसमें कुछ स्वतंत्र कार्बन तथा नाइट्रोजन और गंधक के यौगिक भी होते हैं। पेट्रोलियम काले रंग का गाढ़ा द्रव है, इसे तेल भी कहते है। यह अनेक प्रकार के हाइड्रोकार्बनों का मिश्रण है इसमें कुछ जल, लवण, मिट्टी, कार्बन के अन्य यौगिक, ऑक्सीजन, नाइट्रोजन और गंधक के यौगिक भी होते है।

पेट्रोलियम को इसके उपयोगी घटकों में पृथक्करण को परिष्करण (refining) कहते है। इसके लिए पेट्रोलियम का आंशिक आसवन (Fractional distillation) किया जाता है। इसमें पहले सह-उत्पाद के रूप में गैस प्राप्त होती है। इसके घटक मुख्य रूप से ब्यूटेन, प्रोपेन और इथेन है। सामान्य दाब पर ये गैसीय अवस्था में होते है किन्तु उच्च दाब पर उन्हें द्रवित (Iiguefied) अवस्था में प्राप्त किया जाता है। इसे लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (L.P.G.) के नाम से बेचा जाता है। यह भोजन पकाने का मुख्य ईंधन है।

ocr_image

पेट्रोलियम निकालते समय पहले उसके साथ संचित गैस निकलती है, जिसे प्राकृतिक गैस कहते है। इसका मुख्य घटक मेथेन (95% तक) है इसके साथ एथेन और प्रोपेन होते हैं। इसे संपीडित (compress) करके कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (C.N.G.) के नाम से बेचा जाता है वर्तमान में इसका उपयोग मुख्य रूप से बड़े वाहनों में हो रहा है।

जीवाश्मी ईंधन करोड़ों वर्षों में बने है तथा अत्यधिक उपयोग के बाद अब केवल इनके सीमित भण्डार ही शेष हैं। इनका उपयोग इसी उच्च दर से होता रहा तो ये भण्डार शीघ्र ही रिक्त हो जायेंगे। परन्तु आज भी ऊर्जा की अधिकांश आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए जीवाश्मी ईंधनों पर बहुत कुछ निर्भरता बनी हुई है। इसके कारण है :-
  1. कम खर्च पर अत्यधिक ऊर्जा की प्राप्ति

  2. आसान परिवहन

  3. ऊर्जा क्षय कम

  4. उपलब्धता तथा भण्डार सुगम।
जीवाश्मी ईंधनों को जलाने से अनेक अन्य हानियाँ हैं। इनमें से कुछ प्रमुख हानियाँ निम्नलिखित है :-
  • जीवाश्मी ईंधन को जलाने पर कार्बन, नाइट्रोजन तथा सल्फर के ऑक्साइड मुक्त होते हैं।

  • यह सभी ऑक्साइड अम्लीय प्रकृति के होते हैं अर्थात् जल से क्रिया करके अम्ल बनाते है।

  • यह ऑक्साइड वर्षा के जल के साथ मिल जाते हैं तथा इनके कारण अम्लीय वर्षा होती है।

  • अम्लीय वर्षा पृथ्वी पर पहुँच कर जल तथा मृदा के संसाधनों को प्रदूषित करती है।

  • कार्बन डाइऑक्साइड गैस एक ओर जहाँ वायु को प्रदूषित करती है वहीं दूसरी ओर ग्रीनहाउस प्रभाव उत्पन्न करती है।

  • जीवाश्मी ईधन बहुत अधिक वायु प्रदूषण फैलाते है। कोयले को खदानों से निकालना पड़ता है जिसके कारण भूस्खलन की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
जीवाश्मी ईंधनों की दहन प्रकम की दक्षता में वृद्धि करके इनके जलाने से होने वाले वायु प्रदूषण को किसी सीमा तक कम किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त इन ईंधन के दहन के फलस्वरूप उत्पन्न होने वाली हानिकारक गैसों तथा राखों को वातावरण में पहुंचने से रोकने के लिए कुछ तकनीकी उपयोग किया जाए तो वायु प्रदूषण को और घटाया जा सकता है।

तापीय विद्युत संयंत्र :

इन संयंत्रों में ईंधन के दहन द्वारा ऊष्मीय ऊर्जा उत्पन्न की जाती है, जिसे विद्युत ऊर्जा में रूपांतरित किया जाता है। इसलिए इन संयंत्रों को तापीय विद्युत संयंत्र कहा जाता है। इनमें प्रतिदिन विशाल मात्रा में कोयले अथवा पेट्रोलियम का दहन करके जल उबालकर भाप बनाई जाती है, जो टरबाइनों को घुमाकर विद्युत उत्पन्न करती है।

कोयले और पेट्रोलियम के परिवहन का खर्चा बचाने के लिए बहुत से तापीय विद्युत संयंत्र कोयले तथा तेल के उत्पादन क्षेत्रों के निकट स्थापित किए गए हैं। इन संयंत्रों को तापीय विद्युत संयंत्र कहने का कारण यह है कि इन संयंत्रों में ईंधन के दहन द्वारा ऊष्मीय ऊर्जा उत्पन्न की जाती है जिसे विद्युत ऊर्जा में रूपांतरित किया जाता है।
ocr_image

विद्युत उत्पन्न करने के लिए टरबाइन का उपयोग किया जाता है। सरलतम टरबाइनों का गतिशील भाग रोटर-ब्लेड संयोजन है। ऊपर दिए गए चित्र में एक विद्युत उत्पादन का मॉडल बना है जिसमे कुकर से पानी को उबालकर उसमे से भाप बनाकर टरबाइन में भेजा जाता है जिससे टरबाइन में लगी पंखुड़ियाँ घूमने लगती है। इसके बाद डायनमो की सहायता से विद्युत उत्पन्न हो जाती है। इस प्रकार बल्ब जलने लग जाता है।

जल विद्युत संयंत्र :

ऊर्जा का एक अन्य पारंपरिक स्त्रोत बहते जल की गतिज ऊर्जा या ऊँचाई पर स्थित जल की स्थितिज ऊर्जा है। गिरते हुए जल की स्थितिज ऊर्जा को गतिज ऊर्जा में बदलकर टरबाईन पर डाला जाता है। इस टरबाईन की यांत्रिक ऊर्जा विद्युत जनरेटर को दी जाती है और अंततः विद्युत ऊर्जा में रूपांतरित हो जाती है।

जल विद्युत उत्पन्न करने के लिए नदियों के बहाव को रोककर बड़े जलाशयों (कृत्रिम झीलों) में जल एकत्रित करने के लिए ऊँचे-ऊँचे बाँध बनाए जाते हैं। इन जलाशयों में वर्षा के समय जल संचित होता रहता है। यह संचित जल बाँध के ऊपरी भाग से पाइपों द्वारा, बाँध के आधार के पास लगे टरबाईन के ब्लेडों पर मुक्त रूप से गिरता है। फलस्वरूप टरबाईन की ब्लेड घूर्णन करती है और जनित्र द्वारा विद्युत उत्पादन होता है।

ocr_image

जल विद्युत ऊर्जा एक नवीकरणीय ऊर्जा स्त्रोत है क्योंकि वर्षा के बाद जलाशय पुनः भर जाता है। बाँध निर्माण के साथ कई समस्याएँ भी जुड़ी इसमें बहुत से खेती योग्य भूमि तथा मानव आवास डूब जाते हैं। बहुत से परिस्थितिक तंत्र भी नष्ट हो जाते हैं।

ऊर्जा के पारंपरिक स्रोतों के उपयोग के लिए प्रौद्योगिकी में सुधार

जैव मात्रा (बायो मास) :

हमारे देश में कृषि एवं पशुपालन को विशेष महत्व दिया जाता है। यहाँ कृषि अपशिष्ट तथा पशुओं की बहुतायत होने के कारण गोबर भी सरलता से उपलब्ध है। ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी इन्हें सीधे जलाकर ऊर्जा प्राप्त करने का प्रचलन है। इससे ऊर्जा का एक बड़ा भाग प्रकृति में विलीन हो जाता है। ये ईंधन अधिक ऊष्मा उत्पन्न नहीं करते तथा इन्हें जलाने पर अत्यधिक धुँआ निकलता है। इसलिए इन ईंधनो की दक्षता में वृद्धि के लिए प्रौद्योगिकी का सहारा आवश्यक है।

जब लकड़ी को वायु की सीमित मात्रा में जलाया जाता है तब उसमें से जल तथा वाष्पशील पदार्थ बाहर निकल जाते हैं और सिर्फ चारकोल रह जाता है। चारकोल को जलाने पर धुँआ नहीं होता और यह बिना ज्वाला के जलता है। इसकी ऊष्मा उत्पन्न करने की दक्षता भी अधिक होती है।

गोबर, पादप अपशिष्ट और मल ऑक्सीजन की अनुपस्थिति में अपघटित होकर बायो गैस (जैव गैस) बनाते हैं। बायो गैस, मीथेन, कार्बन डाई ऑक्साइड, हाइड्रोजन तथा हाइड्रोजन सल्फाइड का मिश्रण है।

बायो गैस संयंत्र में ईंटों से बनी गुंबद टंकी होती है जिसमें गोबर व जल का गाढ़ा घोल (slurry) बनाया जाता है। इसे संपाचित्र (digester) में डाल देते हैं जिसमें ऑक्सीजन नहीं होती। अवायवीय सूक्ष्मजीव, जिन्हें जीवित रहने के लिए ऑक्सीजन की आवश्यकता नहीं होती, गोबर का अपघटन करते हैं।

ocr_image

जैव गैस को संपाचित्र (digester) के ऊपर बनी टंकी में संचित किया जाता है। इसे पाइपों द्वारा बाहर निकाला जाता है। जैव गैस में 75 प्रतिशत मीथेन गैस होती है, जो धुँआ उत्पन्न किए बिना जलती है और इसके जलने के पश्चात् राख जैसा कोई अपशिष्ट भी नहीं बचता है। जैव गैस का उपयोग प्रकाश के स्त्रोत के रूप में भी किया जाता है।

जैव गैस के लाभ :

  1. यह जलते समय धुआँ उत्पन्न नहीं करती।

  2. जलने के बाद राख जैसा कोई अपशिष्ट पदार्थ भी शेष नहीं बचता।

  3. संयंत्र में शेष बची स्लरी एक उत्तम जैव खाद है। इसमें नाइट्रोजन तथा फास्फोरस प्रचुर मात्रा में होते है।

  4. इसकी तापन क्षमता उच्च होती है।

  5. इसका उपयोग प्रकाश स्रोत के रूप में भी किया जाता है।

  6. जैव खाद के निर्माण में जैव अपशिष्टों व वाहित मल के प्रयोग होने से इन पदार्थों के निपटारे का सुरक्षित उपाय मिल जाता है।

  7. इसके अतिरिक्त जैव मात्रा ऊर्जा का एक नवीकरणीय स्रोत है।

पवन ऊर्जा :

पवन एक अन्य सूर्य संबंधी ऊर्जा स्रोत है वायु में वायु की गति के लिए उत्तरदायी एक मुख्य कारक सूर्य है। चलती वायु को पवन कहते हैं। गति/प्रवाह के कारण इसमें गतिज ऊर्जा होती है, जिसे पवन ऊर्जा कहते हैं। पुराने समय से पवन ऊर्जा से पाल वाली नावें नदी और समुद्र में चलती हैं तथा पवन चक्की भूमिगत जल को निकालने में प्रयुक्त होती हैं। सूर्य के विकिरणों द्वारा भूखण्ड तथा जलाशयों के समान तप्त होने के कारण वायु में गति उत्पन्न होती है तथा पवनों का प्रवाह होता है।

नई प्रौद्योगिकी के प्रयोग द्वारा पवन चक्की की घूर्णी गति का उपयोग विद्युत उत्पन्न करने के लिए विद्युत जनित्र के टरबाइन को घुमाने के लिए किया जाता है। किसी विशाल क्षेत्र में बहुत सी पवन चक्कियां लगाई जाती है। इस क्षेत्र को पवन ऊर्जा फार्म कहते हैं। सभी पवन चक्कियों से प्राप्त विद्युत को परस्पर युग्मित कर लिया जाता है। प्राप्त नेट ऊर्जा सभी पवन चक्कियों द्वारा उत्पन्न विद्युत ऊर्जाओं के योग के बराबर होती है।

ocr_image

पवन ऊर्जा का कार्य प्रणाली :-
  1. पवन से चक्कियों में गति आती है।

  2. शाफ़्ट द्वारा जनित्र शुरू होता है और विद्युत उत्पन्न होती है।

  3. ट्रांसफार्मर द्वारा विद्युत उच्च विभव पर परिवर्तित किया जाता है।

  4. विद्युत ग्रिड द्वारा विद्युत संचारण होता है।
पवन ऊर्जा नवीकरणीय ऊर्जा का एक पर्यावरण-हितैषी एवं दक्ष स्रोत है। इसके द्वारा विद्युत उत्पादन के लिए बार-बार धन खर्च करने की आवश्यकता नहीं होती। परंतु पवन ऊर्जा के उपयोग करने की बहुत-सी सीमाएँ हैं।

पवन ऊर्जा फार्म स्थापित करने की प्रारम्भिक लागत बहुत अधिक है।
पवन ऊर्जा फार्म स्थापित करने के लिए एक विशाल भूखंड की आवश्यकता होती है। इसका कारण यह है कि 1 MW के जनित्र के लिए पवन फार्म को लगभग 2 हेक्टेयर भूमि चाहिए।

पवन ऊर्जा फार्म केवल उन्हीं क्षेत्रों में स्थापित किए जा सकते है जहाँ वर्ष के अधिकांश दिनों में तीन पवन चलती हों। ऐसे स्थान बहुत सीमित हैं।

टरबाइन की आवश्यक चाल को बनाए रखने के लिए पवन की चाल भी 15 km/h से अधिक होनी चाहिए।

जिस समय उपरोक्त चाल की पवन नहीं चलती तो उस समय ऊर्जा की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए संचायक सेलों जैसी कोई पूर्ति करने वाली सुविधा भी होनी चाहिए।

चूँकि पवन चक्कियाँ खुले स्थानों में स्थापित करनी होती है अत: अंधड़, चक्रवात, धूप, वर्षा आदि प्राकृतिक वातावरण को सहन करने के लिए उनके लिए उच्च स्तरीय रख रखाव की आवश्यकता होती है।

डेनमार्क को 'पवनो का देश' कहा जाता है। जर्मनी भी पवन ऊर्जा उत्पादन में एक अग्रणी देश है।

भारत का पवन ऊर्जा द्वारा विद्युत उत्पादन करने वाले देशों में पॉंचवाँ स्थान है।

भारत का विशालतम पवन ऊर्जा फार्म तमिलनाडु में कन्याकुमारी के समीप स्थापित है। इसकी विद्युत उत्पादन क्षमता 380MW है।

वैकल्पिक अथवा गैर-परंपरागत ऊर्जा स्रोत

जैसे-जैसे औद्योगीकरण से मानव का जीवन स्तर उन्नत होता जा रहा है, उसकी मूल आवश्यकताओं में भी निरंतर वृद्धि हो रही है जीवन शैली में परिवर्तन के कारण मशीनों का उपयोग बढ़ता जा रहा है। इसके लिए ऊर्जा की मांग में वृद्धि होने से अधिक ऊर्जा स्रोतों की आवश्यकता बढ़ रही है।
अतः ऊर्जा के नए स्रोतों की खोज की जा रही है। इन स्रोतों द्वारा प्राप्त ऊर्जा से संचालित युक्तियों (devices) को बनाया जा रहा है।

सौर ऊर्जा :

सूर्य लगभग 5 करोड़ वर्ष से निरंतर वर्तमान दर पर विशाल मात्रा में ऊर्जा विकरित कर रहा है तथा इस दर से भविष्य में भी लगभग 5 करोड़ वर्ष तक ऊर्जा विकरित करता रहेगा। सौर ऊर्जा का केवल एक लघु भाग ही पृथ्वी के वायुमंडल की बाह्य परतों पर पहुँच पाता है। इसका लगभग आधा भाग वायुमंडल से गुजरते समय अवशोषित हो जाता है तथा शेष भाग पृथ्वी के पृष्ठ पर पहुँचता है।

भारत एक भाग्यशाली देश है क्योंकि वर्ष के अधिकांश दिनों में हमे सौर ऊर्जा प्राप्त होती है। सौर ऊर्जा का अर्थ धरती पर पड़ रहे सूर्य के प्रकाश और ऊष्मा से है। सूर्य ऊर्जा का विशाल स्त्रोत है। सूर्य ऊर्जा परम्परागत ऊर्जा स्त्रोतों से भिन्न है। सौर ऊर्जा के तत्काल रूपांतरण द्वारा विद्युत ऊर्जा उत्पन्न की जा सकती है।

सौर तापन युक्तियाँ :

वे युक्तियाँ जिनमे सौर ऊर्जा का अधिकाधिक संग्रह किया जा सके सौर तापन युक्तियाँ कहलाती है।

सौर कुकर :

सौर कुकर एक युक्ति है जिसे सूर्य द्वारा विकरित ऊष्मा ऊर्जा का उपयोग करके खाना पकाने के लिए प्रयोग किया जाता है। सोलर कुकर एक रोधी धातु या लकड़ी के बक्से का बना होता है। जो भीतर से पूर्णतः काले रंग का होता है। पकाए जाने वाले भोजन को धातु पात्रों में रखते है। जो बाहर से काले रंग के होते है। तत्पश्चात् धातु पात्रों को सौर कुकर बक्से के अंदर रखते है, और काँच शीट से ढ़क देते है।

ocr_image

एक बार सूर्य की ऊष्मा किरणें कुकर बक्से में प्रवेश कर दी जाती है, तो कांच का ढ़क्कन उन्हें वापस बाहर जाने नहीं देता है। इस तरह सूर्य की अधिकाधिक ऊष्मा किरणें बक्से में रोक ली जाती है जिसके कारण सौर कुकर बक्से में तापमान दो से तीन घण्टे में ही लगभग 100C से अधिक बढ़ जाता है। यह ऊष्मा काले पात्रों में रखी भोजन सामग्रियों जैसे - चावल, दालों और सब्जियों को पकाने के लिए प्रयुक्त की जाती है।

सौर-सेल :

सौर कुकर और सौर जल तापक केवल दिन के समय तेज धूप में ही उपयोगी होते हैं। सौर सेल द्वारा सौर ऊर्जा को विद्युत ऊर्जा में परिवर्तित किया जाता है। अत: इसकी ऊर्जा को संचायक (storage) बैटरी में संचय करके हम रात्रि में भी प्रयोग कर सकते है।

ocr_image

  • सौर सेल में शुद्ध सिलिकॉन सेमीकंडक्टर के साथ एल्युमिनियम या फॉस्फोरस की बहुत कम मात्रा अशुद्धि के रूप में मिलाई जाती है।

  • जब सूर्य का प्रकाश इस सेमीकंडक्टर पर पड़ता है, तो दोनों धातुओं के बीच एक विभवान्तर उत्पन्न हो जाता है और विद्युत धारा बहती है।

  • धूप में रखे जाने पर एक सौर सेल से 0.51.0V तक वोल्टता विकसित होती है तथा लगभग 0.7W विद्युत उत्पन्न कर सकते है।

  • जब बहुत अधिक संख्या में सौर सेलों को संयोजित करते है, तो यह व्यवस्था सौर पैनल (solar panel) कहलाती है, जिससे व्यावहारिक उपयोग के लिए पर्याप्त विद्युत ऊर्जा प्राप्त हो जाती है।

  • सौर पैनल बनाने के लिए सौर सेलों को परस्पर संयोजित करने के लिए चाँदी का उपयोग किया जाता है। इससे लागत बढ़ जाती है।

  • उच्च लागत और कम दक्षता होने पर भी सौर सेल का उपयोग मानव निर्मित उपग्रहों में प्रमुख ऊर्जा स्रोत के रूप में किया जाता है।

  • कैलकुलेटर, स्ट्रीट लाइट, रेडियो, बेतार संचार मंत्रियों, सुदूर क्षेत्रों के टी०वी० रिले-केन्द्रो में, वाटर पम्प संचालन में सौर सेलों का उपयोग किया जाता है। सौर ऊर्जा स्वच्छ प्रदूषण रहित ऊर्जा है, यह ऊर्जा का नवीकरणीय स्रोत है।

  • सौर-सेल लंबे समय तक काम करते रहते है। सौर पैनल की स्थापना सुदूर तथा अगम्य स्थानों पर भी की जा सकती है सौर सेलों का निर्माण महँगा, प्रारंभिक व्यय अधिक है। ये केवल D.C विद्युत उत्पन्न करते है।

समुद्रों से ऊर्जा

समुद्र जल ऊर्जा के विशाल भण्डार है। समुद्रों में ऊर्जा कई रूपों में संचित रहती है। जैसे- ज्वारीय ऊर्जा, तरंग ऊर्जा, महासागरीय तापीय ऊर्जा।

ज्वारीय ऊर्जा :

समुद्र तट पर पानी का स्तर दिन में दो बार चढ़ता व गिरता है। तट के अनुदिश जल स्तर का प्रतिदिन बढ़ना-उतरना ज्वार-भाटा कहलाता है। ज्वार भाटा का कारण मुख्य रूप से चन्द्रमा का गुरुत्वीय खिंचाव है। प्रत्येक पूर्णिमा तथा अमावस्या को उच्च ज्वार आता है जिससे जल स्तर कुछ मीटर तक उठ सकता है। ज्वार-भाटे में जल स्तर के चढ़ने तथा गिरने से अर्जित ऊर्जा को ज्वारीय ऊर्जा कहते हैं।

ocr_image

ज्वारीय ऊर्जा, ऊर्जा प्राप्त करने का एक अन्य स्रोत है। जिसका दोहन विद्युत ऊर्जा उत्पादन करने के लिए किया जा सकता है। इसके लिए समुद्र के किसी संकीर्ण प्रवेश क्षेत्र पर का निर्माण करके इस ज्वारीय ऊर्जा को जलीय विद्युत में परिवर्तित किया जाता है। ज्वार-भाटे के समय इस संकीर्ण क्षेत्र से जल बांध के अन्दर तथा उससे भर जाता है। इस प्रक्रम में यह जल बांध की दीवार में स्थापित टरबाइनों को घुमाता है जिसके फलस्वरूप नेत्र द्वारा ज्वारीय ऊर्जा को विद्युत ऊर्जा में रूपान्तरित कर दिया जाता है।

ज्वारीय ऊर्जा प्राप्त करने की सीमाएँ :-
  1. ज्वार-भाटे की परिघटना के दौरान जल का चढ़ाव व उतराव बड़े पैमाने पर विद्युत उत्पादन के लिए पर्याप्त ऊर्जा नहीं होता।

  2. बाँध बनाने के लिए बहुत कम स्थान उपयुक्त होते हैं। इन्हीं कारणों से ऊर्जा के इस स्रोत का उपयोग मुख्यतः नहीं हो पाता।

तरंग ऊर्जा :

समुद्रों के तट पर बहती हुई। पवन जल-तरंगों में परिवर्तित हो जाती है। जल तरंगों के अनुदिश गति करती हुई जल की विशाल मात्रा में उच्च परिमाण में गतिज ऊर्जा निहित होती है। समुद्र तट के निकट विशाल तरंगों की गतिज ऊर्जा को भी विद्युत उत्पन्न करने के लिए इसी ढंग से ट्रेप किया जा सकता है।

ocr_image

महासागरों के पृष्ठ पर आर-पार बहने वाली प्रबल पवन तरंगें उत्पन्न करती है। तरंग ऊर्जा का वही पर व्यावहारिक उपयोग हो सकता है जहाँ तरंगे अत्यंत प्रबल हो। तरंग ऊर्जा को ट्रेप करने के लिए विविध युक्तियाँ विकसित की गई है ताकि टरबाइन को घुमाकर विद्युत उत्पन्न करने के लिए इनका उपयोग किया जा सके।

तरंग ऊर्जा प्राप्त करने की सीमाएँ :- तरंग की ऊर्जा से औद्योगिक रूप से विद्युत उत्पादन के लिए वही स्थान उपयुक्त होते है। जहाँ तट के प्रति किलोमीटर से औसतन 40MW ऊर्जा प्राप्त हो सके। परन्तु ऐसे स्थानों की संख्या बहुत सीमित है।

महासागरीय तापीय ऊर्जा :

समुद्रों की सतह का जल सूर्य की किरणों द्वारा तप्त हो जाता है जबकि इसके गहराई वाले भाग का जल अपेक्षाकृत ठंडा होता है यह तापान्तर समुद्री से प्राप्त ऊर्जा का एक अन्य रूप है। इस ऊर्जा को महासागरीय तापीय ऊर्जा (Ocean Thermal Energy) कहते है। इस ऊर्जा को प्राप्त करने के लिए प्रयुक्त युक्ति को सागरीय तापीय ऊर्जा रूपांतरण विद्युत संयंत्र (Ocean Thermal Energy Conversion Power Plant) या OTEC विद्युत संयंत्र कहते है।

यह संयंत्र केवल तभी प्रचालित होते है जब महासागर के पृष्ठ पर जल का ताप तथा 2 km तक की गहराई पर जल के ताप में 20°C का अंतर हो। पृष्ठ के तप्त जल का उपयोग अमोनिया जैसे वाष्पशील द्रवों को उबालने में किया जाता है। इस प्रकार बनी द्रवों की वाष्प फिर जनित्र के टरबाइन को घुमाती है।

ocr_image

महासागर की गहराइयों से ठंडे जल को पंपों से खींचकर वाष्प को ठंडा करके फिर से द्रव में संघनित किया जाता है।
इस प्रकार महासागरों की ऊर्जा क्षमता अति विशाल है परन्तु इसके दक्षतापूर्ण व्यापारिक दोहन में अनेक कठिनाइयाँ हैं। OTEC प्रणाली को पूरे वर्ष चौबीसों घंटे नहीं चलाया जा सकता है।

भूतापिय ऊर्जा

भौमिकीय परिवर्तनों के कारण भूपर्पटी में गहराइयों पर तप्त क्षेत्रों में पिघली चट्टानें ऊपर धकेल दी जाती हैं। यह चट्टानें कुछ क्षेत्रों में एकत्र हो जाती हैं जिन्हें तप्त स्थल कहते हैं। भूमिगत जल जब इन चट्टानों के सम्पर्क में आता है, तो उच्च दाब पर भाप बनती है। कभी-कभी इस तप्त जल को पृथ्वी से बाहर निकलने के लिए मार्ग मिल जाता है जिन्हें गरम चश्मा या उष्ण स्रोत कहते है। परन्तु कभी कभी यह भाप चट्टानों के बीच में फँस जाती है जहाँ इसका दाब बहुत अधिक बढ़ जाता है। इस स्थिति में तप्त स्थलों तक पाइप डालकर इस भाप को बाहर निकाला जाता है। उच्च दाब युक्त यह भाप विद्युत जनित्र के टरबाइनों को घुमाने के काम में लाया जाता है।

ocr_image

भूतापीय ऊर्जा के लाभ :

  • इस ऊर्जा का दोहन पूरे वर्ष चौबीसों घंटे किया जा सकता है।

  • यह स्वच्छ तथा पर्यावरण हितैषी है।

  • इसके द्वारा विद्युत उत्पादन की लागत बहुत कम है।

सीमाएं :

भारत में ऐसे बहुत कम क्षेत्र हैं जहाँ भूतापीय ऊर्जा का व्यापारिक स्तर पर दोहन किया जा सके। न्यूजीलैंड तथा संयुक्त राज्य अमेरिका में भूतापीय ऊर्जा पर आधारित कई विद्युत शक्ति संयंत्र कार्य कर रहे हैं।

नाभिकीय ऊर्जा

आपको ज्ञात है कि प्रत्येक परमाणु के नाभिक में प्रोटॉन तथा न्यूट्रॉन होते हैं तथा इलेक्ट्रॉन विभिन्न कक्षाओं में नाभिक को घेरे रहते हैं। वैज्ञानिकों ने अध्ययनों से यह ज्ञात किया कि किसी पदार्थ के परमाणुओं के केन्द्र में स्थित नाभिक असीमित ऊर्जा के भंडार हैं इसी ऊर्जा को नाभिकीय ऊर्जा कहा जाता है। नाभिकीय ऊर्जा को दो प्रकार की अभिक्रियाओं से प्राप्त किया जाता है। ये निम्न हैं :-

  1. नाभिकीय विखंडन (Nuclear Fission)

  2. नाभिकीय संलयन (Nuclear Fusion)

नाभिकीय विखण्डन :

नाभिकीय विखण्डन (nuclear fission) अभिक्रिया में किसी भारी तत्त्व के परमाणु जैसे यूरेनियम के नाभिक पर निम्न ऊर्जा न्यूट्रॉन से बमबारी कराई जाती है, तो वह हल्के नाभिकों बेरियम और क्रिप्टॉन में टूट जाता है। इस अभिक्रिया में विशाल ऊर्जा मुक्त होती है।

इस अभिक्रिया में ऊर्जा मुक्त होने का कारण यह है कि अभिक्रिया के उत्पादों के द्रव्यमानों का योग मूल नाभिक के द्रव्यमान से कुछ कम होता है। द्रव्यमानों का यह अन्तर (Δm) आइन्स्टाइन द्वारा दिए गए प्रसिद्धि समीकरण E=Δma2 के अनुसार ऊर्जा में रूपान्तरित हो जाता है। यहाँ c प्रकाश की निर्वात में चाल है जिसका मान 3×108 मी/से होता है। विखण्डन अभिक्रिया में मुक्त ऊर्जा की विशालता का अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि कोयले के किसी कार्बन परमाणु के दहन से उत्पन्न ऊर्जा की तुलना में 1 करोड़ गुनी अधिक ऊर्जा यूरेनियम के एक परमाणु के विखण्डन से उत्पन्न होती है।

ocr_image

इस विखण्डन प्रक्रिया को नियंत्रित करके ऊष्मा के रूप में मुक्त ऊर्जा के द्वारा जल से भाप बनाई जाती है, जिसके द्वारा विद्युत जनित्र की टरबाइन घुमाई जाती है। इस प्रक्रिया पर आधारित नाभिकीय विद्युत संयंत्र भारत में तारापुर (महाराष्ट्र) , राणा प्रताप सागर (राजस्थान), नरौरा (उत्तर प्रदेश), कलपक्कम (तमिलनाडु) आदि अनेक स्थानों पर किए गए हैं।
नाभिकीय विज्ञान में ऊर्जा का मात्रक इलेक्ट्रॉन वोल्ट (ev) प्रयोग किया जाता है। [1ev=1.602×1019]

नाभिकीय संलयन :

वह प्रक्रिया जिसमें हल्के नाभिकों को जोड़कर एक भारी नाभिक बनाया जाता है नाभिकीय संलयन अभिक्रिया कहलाती है। इस अभिक्रिया में भी आइन्स्टाइन के ऊर्जा समीकरण के अनुसार विशाल परमाणु में ऊर्जा मुक्त होती है।

यहाँ भी ऊर्जा मुक्त होने का कारण द्रव्यमान क्षय (Deltam) है। नाभिकीय संलयन में भाग लेने वाले मूल नाभिको के द्रव्यमानो का योग उत्पन्न नाभिक के द्रव्यमान से कुछ अधिक होता है। संलयन अभिक्रिया में सामान्यतः हाइड्रोजन अथवा हाइड्रोजन के समस्थानिकों से हीलियम उत्पन्न की जाती है।

ocr_image
सूर्य तथा तारों की विशाल ऊर्जा का स्रोत नाभिकीय संलयन अभिक्रियाएँ हैं। नाभिकीय संलयन प्रक्रिया के होने के लिए आवश्यक शर्तें चरम कोटि की हैं- मिलियन कोटि केल्विन ताप तथा मिलियन कोटि पास्कल दाब। हाइड्रोजन बम "ताप नाभिकीय अभिक्रिया" पर आधारित होता है। हाइड्रोजन बम के क्रोड में यूरेनियम अथवा प्लूटोनियम के विखंडन पर आधारित किसी नाभिकीय बम को रख देते है। यह नाभिकीय बम ऐसे पदार्थ में अंत:स्थापित किया जाता है जिनमें ड्यूटीरियम तथा लीथियम होते हैं।

जब इस नाभिकीय बम (जो विखण्डन पर आधारित है) को अधिविस्फोटित करते है, तो इस पदार्थ का ताप कुछ ही माइक्रोसेकंड में 107K तक बढ़ जाता है। यह अति उच्च ताप हल्के नाभिकों को संलयित होने के लिए पर्याप्त ऊर्जा उत्पन्न कर देता है जिसके फलस्वरूप अति विशाल परिमाण की ऊर्जा मुक्त होती है।

हानि/सीमाएँ :

  • नाभिकीय अपशिष्टों का भंडारण तथा निपटारा उचित प्रकार से न होने के कारण पर्यावरण प्रदूषित हो सकता है।

  • नाभिकीय विद्युत शक्ति संयंत्रों को स्थापित करने की लागत बहुत अधिक होती है।

  • नाभिकीय विकिरणों के रिसाव का खतरा बना रहता है।

  • यूरेनियम की उपलब्धता बहुत सीमित है।

  • नाभिकीय विखंडन अभिक्रिया में उत्पन्न अपशिष्ट पदार्थ अत्याधिक रेडियोएक्टिव होते हैं जिन्हें भण्डारित करना अथवा निपटा एक खतरनाक एवं चुनौतीपूर्ण कार्य है।

  • संलयन अभिक्रिया द्वारा उत्पन्न ऊर्जा स्वच्छ होती है तथा इसके साथ कोई रेडियोएक्टिव हानिकारक अपशिष्ट पदार्थ भी उत्पन्न नहीं होते।

पर्यावरण विषयक सरोकार

ऊर्जा के विभिन्न स्रोतों से किसी भी प्रकार की ऊर्जा का दोहन करने की प्रक्रिया में पर्यावरण को किसी न किसी रूप में विक्षोभ अवश्य उत्पन्न होता है। हमें किसी ऊर्जा स्रोत का चयन करते समय निम्नलिखित कारकों को ध्यान में रखना चाहिए।

  1. उस ऊर्जा स्रोत से ऊर्जा प्राप्त करने में सरलता,

  2. उस ऊर्जा स्रोत से ऊर्जा प्राप्त करने में मितव्ययता,

  3. उस ऊर्जा स्रोत से ऊर्जा प्राप्त करने की उपलब्ध प्रौद्योगिकी की दक्षता, तथा

  4. उस ऊर्जा स्रोत को उपयोग करने से पर्यावरण को होने वाली क्षति।

जब हम किसी ऊर्जा के स्रोत जैसे संपीडित प्राकृतिक गैस (C.N.G.) को स्वच्छ ईधन कहते हैं, तो इसका अभिप्राय यह है कि यह ईधन कोयले की अपेक्षा अधिक स्वच्छ है। किन्तु यह पूर्णरूपेण प्रदूषण मुक्त नहीं है। सौर-सेल जैसे कुछ युक्तियों (devices) का वास्तविक संचालन प्रदूषण मुक्त हो सकता है किन्तु उस युक्ति के निर्माण और संयोजन में पर्यावरणीय क्षति कितनी हुई इसका देखना आवश्यक है। इस क्षेत्र में निरंतर अनुसंधान हो रहे हैं और इस प्रकार की युक्तियों के निर्माण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं जो अधिक समय तक कार्य कर सकें तथा अपने समस्त कार्यकाल में कम से कम क्षति पहुँचाए।

नवीकरणीय तथा अनवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों की तुलना

जल ऊर्जा, पवन ऊर्जा, सौर ऊर्जा आदि ऊर्जा के वे स्रोत जो, बार-बार उपयोग और लम्बे समय तक उपयोग किए जा सकते हैं, उन्हें नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत कहते है।

वे ऊर्जा स्रोत, जिनके भण्डार सीमित हैं और जिनके पुनर्स्थापन में लाखों वर्ष लगते हैं, उन्हें नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत कहते हैं। जैसे कोयला और पेट्रोलियम।

नवीकरणीय स्रोत अक्षय (असमाप्य) (non-exhaustible) ऊर्जा स्रोत हैं। नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत किसी-न-किसी दिन समाप्त हो जायेंगे, इसलिए उन्हें समाप्य (exhaustible) ऊर्जा स्रोत कहते हैं।

हमारे प्राकृतिक पर्यावरण में नवीकरणीय ऊर्जा उपलब्ध है। यह ऊर्जा, ऊर्जा की संतत तथा आवर्ती धातुओं के रूप में, अथवा भूमिगत भंडारों में इतनी विशाल मात्रा में संचित है कि इन भंडारों के खाली होने की दर व्यावहारिक दृष्टि से नगण्य है।

सारांश

  1. हमारी जीवन शैली के स्तर में वृद्धि के साथ हमारी ऊर्जा की आवश्यकताओं में वृद्धि होती है।

  2. हमारी ऊर्जा की आवश्यकताओं की पूर्ति करने के लिए हमें ऊर्जा के उपयोग की दक्षता में सुधार का प्रयास करना चाहिए। साथ ही हमें ऊर्जा के नए स्रोतों को परखना एवं उनका दोहन भी करना चाहिए।

  3. हमें ऊर्जा के नवीन स्रोतों की ओर ध्यान देने की आवश्यकता है क्योंकि, हमारे पारंपरिक ऊर्जा स्रोत जैसे जीवाश्मी ईंधन संकटग्रस्त हैं और शीघ्र ही समाप्त हो जाएंगे।

  4. हमारा ऊर्जा स्रोत का चयन उपलब्धता में सरलता, ऊर्जा निष्कर्ष की लागत, ऊर्जा स्रोत के उपयोग की उपलब्ध प्रौद्योगिकी की दक्षता, ऊर्जा स्रोत के उपयोग का पर्यावरण पर प्रभाव जैसे कारकों पर निर्भर करता है।

  5. हमारे अधिकांश ऊर्जा स्रोत अंततः सूर्य से प्राप्त ऊर्जा से व्युत्पन्न होते हैं।