Doubtnut Promotions Sticky

पुष्पी पादपों की आकारिकी कक्षा 11 जीव विज्ञान

भूमिका

बच्चों, वनस्पति जगत वाले अध्याय में हमने जाना था कि कुछ पौधे थैलस के आकार के होते हैं, अर्थात उनमें स्पष्ट मूल, तना, पत्तियां तथा पुष्प नहीं पाए जाते हैं। ऐसे पादपों को हमने अपुष्पीय पादप कहा था। जैसे- शैवाल तथा ब्रायोफाइटा आदि। परंतु वनस्पति जगत में कुछ ऐसे भी पौधे पाए जाते हैं, जिनमें स्पष्ट मूल, तना, पत्तियां तथा पुष्प आदि होते हैं। तब उन पौधों को पुष्पी पादप या आवृतबीजी (एंजिओस्पर्म) कहते हैं। पुष्पी पादपों (एंजिओस्पर्म) की आकारिकी अथवा बाह्य संरचना में बहुत भिन्नता पायी जाती है। इन उच्च पादपों में मूल, स्तम्भ, पत्तियां, पुष्प, फल तथा बीज की उपस्थिति इसका मुख्य अभिलक्षण है। पुष्पी पादपों का भूमिगत भाग मूल तंत्र (Root system) होता है जबकि ऊपरी भाग प्ररोह तंत्र (Shoot system) कहलाता है। बच्चों, इस अध्याय में हम पुष्पी पादपों की आकारिकी का अध्ययन ( मूल, तना, पत्ती, पुष्पक्रम, पुष्प, फल तथा बीज आदि )करेंगे एवं इस अध्याय में कुछ महत्वपूर्ण कुलों का भी विस्तार से अध्ययन करेंगे।

मूल / जड़ (Root)

बच्चों, पौधों का वह भाग जो भूमिगत अर्थात भूमि के अंदर होता है सामान्यतः मूल कहलाता है। बीज के मूलांकुर से विकसित होने वाले भाग को जड़ कहते हैं जो सामान्यतः जमीन के नीचे स्थित होता है | बहुत से द्विबीजपत्री पौधों में मूलांकुर (radicle) के लंबे होने पर प्राथमिक मूल (primary root) बनती है। इनमें पार्श्व मूल होती है जो आगे बढ़कर प्राथमिक एवं द्वितीयक मूल बनाती हैं। प्राथमिक मूल तथा इसकी शाखाएं मिलकर मूसला मूल तंत्र (tap root system) बनाती हैं। जैसे- सरसों के पादप की मूल। जैसा कि चित्र में दिखाया गया है।

ocr_image


परंतु बच्चों, एक बीज पत्री पौधे में प्राथमिक मूल कम उम्र की होती है अर्थात यह जल्दी ही समाप्त हो जाती है और इसके स्थान पर कई मूल तने के निचले भाग से गुच्छे के रूप में निकल आती हैं, इन्हें रेशेदार मूल कहते हैं। इन्हें ही अपस्थानिक मूल भी कहते हैं। जैसे- गेहूं की मूल।

ocr_image


मूल के क्षेत्र

मूल या जड़ में निम्न क्षेत्र पाए जाते हैं।

मूल गोप ( root cap )-

जड़ का शीर्ष एवं अंगुलीनुमा भाग मूल गोप कहलाता है। यह जड़ के नीचे टोपी के समान संरचना होती है जो मूल का सुरक्षात्मक कवच बनाता है।


मेरेस्टेमी क्रियाओं का क्षेत्र (region of cell division)-

मूल गोप से कुछ मिलीमीटर ऊपर ही यह क्षेत्र पाया जाता है। इस क्षेत्र की कोशिकाओं की भित्ति पतली होती हैं तथा इनमें सघन प्रोटोप्लाज्म पाया जाता है। इस क्षेत्र की कोशिकाओं में लगातार विभाजन होता रहता है।


दीर्घीकरण क्षेत्र (region of elongation)-

इस क्षेत्र में पाई जाने वाली कोशिकाएं लंबाई में वृद्धि करती हैं तथा दीर्घीकरण क्षेत्र को बनाती हैं। दीर्घीकरण क्षेत्र की कोशिकाओं में विविधता एवं परिपक्वता आ जाती है। इसीलिए दीर्घीकरण क्षेत्र के समीप स्थित क्षेत्र परिपक्व क्षेत्र (region of maturation) बन जाता है जिन पर मूल रोम (root hairs) उपस्थित होते हैं।

बच्चों, अब मूल के क्षेत्र को हम चित्र के द्वारा समझ लेते हैं।

ocr_image


मूल के कार्य-
    1.मूल का प्रमुख कार्य मिट्टी से जल तथा खनिज लवणों का अवशोषण करना है।
    2. जड़ कई प्रकार के भोज्य पदार्थों को संचित करती हैं।

मूल के रूपांतरण

बच्चों, वैसे तो मूल अथवा जड़ का सामान्य कार्य पौधे को स्थिर रखना और जल एवं खनिज पदार्थों का अवशोषण करना है। इसके अतिरिक्त जड़े कुछ विशिष्ट कार्यों को सम्पन्न करने के लिए रूपान्तरित हो जाती हैं। इसे ही मूल या जड़ का रूपांतरण कहते हैं। जैसे- बरगद, शलजम तथा मैंग्रोव वृक्ष आदि।

स्तम्भ मूल (prop roots) : बरगद (Banyan Tree) में पेड़ों की शाखाओं से जड़े निकलकर मिट्टी में धंस जाती हैं। इन्हें स्तम्भ मूल (prop roots) कहते हैं। ये शाखाओं को सहारा प्रदान करने के अतिरिक्त जल एवं खनिजों का अवशोषण भी करती हैं। ये अपस्थानिक होती हैं। जैसा कि हम चित्र में देख सकते हैं।

ocr_image


कुम्भीरूप जड़ (napiform root) : जब मूसला जड़ भोजन संचय के कारण फूलकर कुम्भ रूपी हो जाती है। इसे कुम्भीरूप जड़ (napiform root) कहते हैं। उदाहरण : शलजम (Turnip) जैसा कि हम चित्र में देख सकते हैं।

ocr_image


श्वसन मूल : मैंग्रोव वृक्ष (Mangrove Tree) लवणोदभिद् होते हैं। इनकी कुछ जड़ों के अन्तिम छोर मिट्टी से बाहर निकल आते हैं। इन पर श्वास रन्ध्र पाए जाते हैं। ये जड़े श्वसन में सहायक होती हैं। अतः इन्हें श्वसन मूल कहते हैं। जैसे-राइजोफोरा में। जैसा कि हम चित्र में देख सकते हैं।

ocr_image


तना

बच्चों, तना अक्ष का ऊपरी भाग है जिस पर पत्तियां, पुष्प, फल तथा बीज आदि पाए जाते हैं। यह अंकुरित बीज के भ्रूण के प्रांकुर से विकसित होता है। जब तना छोटा होता है, तब प्रायः हरा होता है परंतु बाद में वह मोटा और गहरा भूरा हो जाता है।

तने का कार्य :

    1.तने का मुख्य कार्य शाखाओं को फैलाना, पत्ती, फल, फूल आदि को संभाल कर रखना है।
    2. यह पानी, खनिज लवण, भोज्य पदार्थों के संवहन में भी सहायता करता है।
    3. कुछ तने भोजन संग्रहण का कार्य भी करते हैं।

तने का रूपांतरण

बच्चों, सभी तने प्ररोह ही नहीं होते, कुछ तने आवश्यकता के अनुसार निम्न प्रकार से रूपांतरित हो जाते हैं | यह भोजन के संग्रहण का कार्य करते हैं इसे ही हम तने का रूपांतरण कहते हैं।

भूमिगत रूपांतरण

कुछ तने आवश्यकता के अनुसार रूपांतरित होकर जमीन के अंदर पाए जाते हैं जिन्हें भूमिगत तना कहा जाता हैं। यह भोजन के संग्रहण का कार्य करते हैं तथा वर्धी प्रजनन भी करते हैं | जैसे- आलू, अदरक, हल्दी, जिमीकंद, अरबी आदि भोजन का संग्रहण करके भूमिगत रूपांतरित तने हो जाते हैं। जैसा कि हम चित्र में देख सकते हैं।

ocr_image


भूतलीय रूपांतरण

कुछ पौधों में मुख्य तने की कुछ निचली सुप्त कलियाँ, पतली पार्श्व शाखाओं के रूप में वृद्धि करती है। इनका मुख्य कार्य वर्धी प्रजनन होता है। यह कई प्रकार के होते हैं, जैसे उपरिभूस्तारी (runner), भूस्तारी (stolon) और अंतः भूस्तारी (sucker)
उपरिभूस्तारी (runner)- इस प्रकार का तना खट्टी बूटी (Oxalis) आदि के तनों में देखने को मिलता है | उपरिभूस्तारी तना धरती पर रेंगता है। इसमे लंबे-लंबे पर्व (Intermodes) होते हैं। इनकी पर्वसंधियों (nodes) से जड़े निकलती है। कुछ दूर जमीन में चलने के बाद इसका सिरा अंतस्थ कलिका (terminal bud) के रूप में बाहर निकलता है और एक नए पौधे के रूप में आगे बढ़ता है |

ocr_image



भूस्तारी (stolon) - यह पत्ती के कक्षीय कलिका से निकली हुई एक शाखा होती है | जिसके एक सिरे पर ऊपर की ओर पत्तियों का एक झुंड और नीचे की ओर अपस्थानिक जड़े निकलती हैं, जैसे जलकुभी (Eichhornia)


ocr_image



अंतः भूस्तारी (sucker) - यह मुख्य पौधे के भूमिगत तने के कक्षीय कलिका की वृद्धि से उत्पन्न होता है जो वर्धी प्रजनन का कार्य करता है, जैसे गुलदाउदी (Chrysanthemum)

ocr_image



आकाशी रूपांतरण (Aerial Modifications)

यह निम्न प्रकार के हैं :
स्तम्भ-प्रतान - यह पतली, सर्पिलाकार तथा ऐंठी हुई शाखा होती है जिसकी सहायता से दुर्बल पौधे पास की वस्तुओं से लिपट जाते हैं, जैसे अंगूर,लौकी |

ocr_image



काँटा - यह कक्षीय कलिकाओं (axillary buds) के रूपांतरण से बनता है जो कठोर, सीधी और नुकीली संरचना है | यह एक रक्षक अंग होता है जिससे पौधे जानवरों से अपनी रक्षा करते हैं | जैसे बेल, नींबू आदि |

ocr_image


HELLO POINTS

बच्चों, पौधे के सभी भूमिगत भाग सदैव मूल नहीं होते हैं। जैसे- आलू अरबी आदि यह भूमिगत तने के उदाहरण हैं।

पत्ती (Leaves)

बच्चों, पत्ती पार्श्वीय चपटी संरचना होती है जो तने पर लगी रहती है। यह गांठ पर पाई जाती है तथा इसके कक्ष में कली होती है। कक्षीय कली बाद में शाखा में विकसित हो जाती है। पत्तियां प्ररोह के शीर्षस्थ मेरिस्टम से निकलती हैं। पत्तियां पौधों का बहुत ही महत्वपूर्ण कायिक अंग होती हैं। क्योंकि बच्चों, पत्तियों के द्वारा ही भोजन निर्माण की प्रक्रिया (प्रकाश संश्लेषण) संपन्न होती है। एक प्रारूपी पत्ती के 3 भाग होते हैं। पर्णाधार, पर्णवृंत तथा स्तरिका। जैसा कि हम चित्र में देख सकते हैं।

ocr_image


पत्ती पर्णाधार की सहायता से तने से जुड़ी रहती है और इसके आधार पर पार्श्व में दो छोटी पत्तियां निकलती हैं जिन्हें अनुपर्ण कहते हैं। स्तरिका पत्ती का, हरा तथा फैला हुआ भाग होता है जिसमें शिराएं तथा शिरिकाएं होती हैं। इसके बीच में एक स्पष्ट शिरा होती है जिसे मध्य शिरा कहते हैं। शिराएं पत्ती को दृढ़ता प्रदान करती हैं और पानी, खनिज तथा भोजन के स्थानांतरण के लिए नलिकाओं की तरह कार्य करती हैं।

शिराविन्यास

पत्ती पर शिरा तथा शिरिकाओं के विन्यास को शिराविन्यास कहते हैं। यह दो प्रकार का होता है।

1. जालिकावत शिराविन्यास- जब शिरिकाएँ स्तरिका पर एक जाल सा बनाती हैं तब इसे जालिकावत शिराविन्यास कहते हैं। यह द्विबीजपत्री पौधों में मिलता है।

2. समानांतर शिराविन्यास- जब शिरिकाएँ स्तरिका पर समानांतर रूप में होती हैं तब इसे समानांतर शिराविन्यास कहते हैं। यह प्रायः एकबीजपत्री पौधों में मिलता है। जैसा कि हम चित्र में देख सकते हैं। चित्र (ब) में जालिकावत तथा (स) में समानांतर शिराविन्यास दर्शाया गया है।

ocr_image


पत्ती के प्रकार

पत्ती प्रायः दो प्रकार की होती हैं। सरल पत्ती एवं संयुक्त पत्ती।
सरल पत्ती- जब पत्ती की स्तरिका अच्छिन्न होती है अथवा कटी हुई लेकिन कटाव मध्यशिरा तक नहीं पहुंच पाता तब इसे सरल पत्ती कहते हैं।
संयुक्त पत्ती- जब पत्ती की स्तरिका का कटाव मध्यशिरा तक पहुंचे और बहुत पत्रको में टूट जाए तब इसे संयुक्त पत्ती कहते हैं। संयुक्त पत्ती प्रायः दो प्रकार की होती है।
a. पिच्छाकार संयुक्त पत्ती- इस पत्ती में बहुत से पत्रक एक ही अक्ष जो कि मध्यशिरा है, से जुड़े होते हैं। जैसे- नीम की पत्ती।
b. हस्ताकार संयुक्त पत्ती- इस पत्ती में पत्रक एक ही बिंदु अर्थात पर्णवृन्त की चोटी से जुड़े रहते है। जैसे- सिल्क कॉटन वृक्ष। जैसा कि चित्र में दिखाया गया है।

ocr_image


पर्णविन्यास

तने अथवा शाखा पर पत्तियों के लगने के क्रम को पर्णविन्यास कहते हैं। यह तीन प्रकार का होता है।
1. एकांतर
2. सम्मुख
3. चक्करदार
1. एकान्तर (Alternate) : जब एक पर्वसन्धि पर एक पत्ती होती है तथा अगली और पिछली पर्वसन्धि पर लगी पत्ती से इसकी दिशा विपरीत होती है जैसे- गुड़हल, सरसों आदि।
2. सम्मुख (Opposite): जब एक पर्वसन्धि पर दो पत्तियाँ होती हैं तथा पत्तियों की दिशा प्रत्येक पर्वसन्धि पर एक ही होती है; जैसे— अमरूद
3. चक्करदार (Whorled) :जब एक पर्वसन्धि पर दो से अधिक पत्तियाँ होती हैं। जैसे— चंपा
बच्चों, अब तीनों प्रकार के पर्णविन्यास को हम चित्र के द्वारा समझ लेते हैं।

ocr_image


पत्ती के रूपांतरण

पत्तियों का प्रमुख कार्य प्रकाश संश्लेषण द्वारा भोजन निर्माण करना है। इसके अतिरिक्त वाष्पोत्सर्जन, श्वसन आदि सामान्य कार्य भी पत्तियाँ करती हैं, किन्तु कभी-कभी विशेष कार्य करने के लिए इनका स्वरूप ही बदल जाता है। इसे ही पत्ती का रूपांतरण कहते हैं। यह निम्न प्रकार का होता है।
1. प्रतान (Tendril) :सम्पूर्ण पत्ती या उसका कोई भाग, लम्बे, कुण्डलित तन्तु की तरह की रचना में बदल जाता है। इसे प्रतान (tendril) कहते हैं। प्रतान दुर्बल पौधों की आरोहण में सहायता करते हैं। जैसे- मटर
2. कंटक या शूल (Spines) : वाष्पोत्सर्जन को कम करने और पौधे की सुरक्षा के लिए पत्तियों अथवा उनके कुछ भाग काँटों में बदल जाते हैं। जैसे- नागफनी
3.भोजन संग्रहण(Food storage): प्याज तथा लहसुन की गूदेदार पत्तियों में भोजन संचित हो जाता है यह पत्तियां भोजन को संग्रहण करने का कार्य करती हैं। बच्चों, अब पत्तियों के रूपांतरण को हम चित्र के द्वारा समझ लेते हैं।

ocr_image


पुष्पक्रम (Inflorescence)

पुष्पी अक्ष (peduncle) पर पुष्पों के लगने के क्रम को पुष्पक्रम कहते हैं। अनेक पौधों में शाखाओं पर अकेले पुष्प लगे होते हैं, इन्हें एकल (solitary) पुष्प कहते हैं। ये एकल शीर्षस्थ (solitary terminal) या एकल कक्षस्थ (solitary axillary) होते हैं। पुष्पक्रम मुख्यत: तीन प्रकार के होते हैं।
(क) असीमाक्षी पुष्पक्रम
(ख) ससीमाक्षी पुष्पक्रम
(ग) विशिष्ट पुष्पक्रम

(क) असीमाक्षी पुष्पक्रम (Racemose Inflorescence)

इसमें पुष्पी अक्ष (peduncle) की लम्बाई निरन्तर बढ़ती रहती है। पुष्प अग्राभिसारी क्रम में निकलते हैं। नीचे के पुष्प बड़े तथा ऊपर के पुष्प क्रमशः छोटे होते हैं। जैसा कि चित्र में दिखाया गया है।

ocr_image


यह निम्न प्रकार के होते हैं :

स्पाइक :इस प्रकार के पुष्पक्रम में पुष्पी अक्ष पर अवृन्त (जिन पुष्पों में डंठल नहीं होती) पुष्प लगे होते हैं जैसे : चिरचिटा |

ocr_image




स्पाइकलेट :इस प्रकार के पुष्पक्रम में कहीं पर बहुत सारे तथा कहीं पर केवल एक पुष्प होता है यह पुष्प तुषनिपत्रों द्वारा घिरे रहते हैं | जैसे : गेहूं

ocr_image




मंजरी (catkin) : इस प्रकार के पुष्पक्रम में अक्ष लंबा तथा निलम्बी होता है जिस पर एकलिंगी और पंखुड़ीहीन पुष्प लगे होते हैं | जैसे : शहतूत |

ocr_image




स्थूलमंजरी : यह एकलिंगी स्पाइक अर्थात मंजरी है जो बड़े रंगीन निपत्रों (spathe) से ढका रहता है | जैसे : केला |

ocr_image




समशिख (corymb) : इस प्रकार के पुष्पक्रम में मुख्य अक्ष छोटा होता है और नीचे के पुष्प के वृंत लंबे तथा ऊपर के पुष्प के वृंत छोटे होते है जिससे यह समान ऊंचाई पर दिखाई देते हैं | जैसे : कैन्डीटफ्ट |

ocr_image




पुष्पछत्र (umbel) : इस प्रकार के पुष्पक्रम में सभी पुष्प एक ही बिन्दु पर लगे नजर आते हैं और यह एक छाते का रूप ले लेते हैं जिसमें मध्य में नए व छोटे पुष्प तथा बाहर की ओर पुराने और बड़े पुष्प लगे होते हैं | जैसे : धनिये का पुष्प |

ocr_image




मुंडक (Head or Capitulum) : इस प्रकार के पुष्पक्रम में मुख्य अक्ष चपटा होता है और पुष्पक अवृन्तीय होते हैं | इनमें दो प्रकार के पुष्पक पाए जाते हैं बाहर की ओर लगे पुष्पक को रश्मि पुष्पक (ray floret) तथा बीच में लगे पुष्पक को बिम्ब पुष्पक (disc floret) कहते हैं उदाहरण : गेंदा

ocr_image



(ख) ससीमाक्षी पुष्पक्रम (Cymose Inflorescence)

इसमें पुष्पी अक्ष की अग्रस्थ कलिका के पुष्प में परिवर्धित हो जाने से वृद्धि रुक जाती है। अर्थात इस प्रकार के पुष्पक्रम में पुष्पी अक्ष के शीर्ष पर एक पुष्प निकल आता है जिसकी वजह से इस अक्ष की वृद्धि रुक जाती है | इससे नीचे स्थित पर्वसन्धियों से पार्श्व शाखाएँ निकलकर पुष्प बनाती हैं। इस कारण पुष्पों के लगने का क्रम तलाभिसारी (basipetal) होता है। इसमें केन्द्रीय पुष्प बड़ा और पुराना तथा नीचे के पुष्प छोटे और नए होते हैं।बच्चों, जैसा कि चित्र में दिखाया गया है।

ocr_image


यह निम्न प्रकार के होते हैं :

एकल शाखी ससीमाक्षी - मुख्य अक्ष पर एक पुष्प निकलता है और एक बार में केवल एक ही पाश्र्व अक्ष उत्पन्न होता है जिससे एक ही पुष्प बनता है उदाहरण : मकोय, बिगोनिया |

युग्म शाखी ससीमाक्षी - मुख्य अक्ष पर एक पुष्प निकलता है और दोनों ओर से पाश्र्व कलिकाएं निकलकर पुष्प अक्ष बनाती है | उदाहरण : चमेली |

बहुशाखी ससीमाक्षी - इस प्रकार के पुष्पक्रम में कई अक्षों की भ्रमि बनती हैं | उदाहरण : हैमीलिया |

(ग) विशिष्ट पुष्पक्रम (Special Inflorescence)

यह निम्न प्रकार के होते हैं :

1. कटोरिया अथवा साइएथियम (Cyathium) - इस प्रकार के पुष्पक्रम में सहपत्र आपस में जुड़कर कटोरे के आकार की संरचना बनाते है जिसे सहपत्र चक्र (involucre) कहते हैं | बाहरी सतह पर मकरंद ग्रंथियां (nectar glands) तथा बीच में एक मादा पुष्प होता है जिसके चारों ओर नर पुष्प लगे होते हैं | नर पुष्प एकतन्तु पुंकेसर द्वारा तथा मादा पुष्प केवल एक जायांग द्वारा प्रदर्शित होता है | उदाहरण : यूफोर्बिया की अनेक जातियाँ |

ocr_image





2. कूटचक्र (Verticillaster) - बच्चों ! यह युग्मशाखित ससीमाक्षी का ही संघनित रूप है | इसमे दो वृश्चिकि ससीमाक्ष होते है जिनके पर्व छोटे होते हैं और हर एक गांठ पर अवृन्तीय पुष्पों का चक्र लगा होता है | जैसे - तुलसी |

ocr_image




3. हाइपेनथोडियम (Hypanthodium) - इस प्रकार के पुष्पक्रम में पुष्पाक्ष, गूदेदार और खोखली गुहा जैसा होता है जिसमे ऊपर एक छेद होता है जो शल्कों से ढका होता है | इस गुहा के अंदर तीन प्रकार के पुष्प पाए जाते हैं नर पुष्प जो छेद के पास होते है, साधारण मादा पुष्प जिसकी वर्तिका लंबी होती है तथा एक गाल मादा पुष्प जिसकी वर्तिका छोटी होती है और इनमें कीटों के लार्वा होते हैं | उदाहरण : गूलर, बरगद, पीपल आदि |

ocr_image


पुष्प (Flower)

पुष्प एक रूपान्तरित प्ररोह (modified shoot) है। एन्जियोस्पर्म में जनन हेतु बनने वाली संरचना वास्तव में रूपान्तरित प्ररोह है। पुष्प एक डंठल द्वारा तने से लगा होता है जिसे पुष्पवृन्त (Pedicel) कहते हैं | जिन पुष्पों में पुष्पवृन्त होता है उसे संवृन्त पुष्प कहते हैं जिनमें पुष्पवृन्त नहीं होता हैं उसे आवृन्त पुष्प कहते हैं | एक फूल में पुष्पपत्रों की चार भ्रमियाँ (whorls) होती हैं | पुष्प का पुष्पासन (Thalamus) अत्यन्त संघनित अक्षीय तना है। पुष्पासन को पात्र (receptacle) भी कहते है। पुष्पासन पर बाह्यदलपुंज (calyx), दलपुंज (corolla), पुमंग (androecium) और जायांग (gynoecium) क्रम से लगे होते हैं। बाह्य दलपुंज और दलपुंज सहायक अंग (accessory organs) तथा पुमंग और जायांग जनन अंग (reproductive organ) कहलाते है। जब चारो पुष्पपत्र उपस्थित रहते हैं उसे पूर्ण (complete) पुष्प कहते है और यदि कोई भी भाग अनुपस्थित होता है उसे अपूर्ण (incomplete) कहते है। जब दोनों जनन अंग उपस्थित रहते हैं तब उन्हें द्विलिंगी (bisexual) पुष्प कहा जाता है। जब पुष्प में एक ही जनन अंग होता है तब उसे एकलिंगी (unisexual) कहा जाता है | पर्वसन्धियों पर पाई जाने वाली पत्तियाँ रूपान्तरित होकर विभिन्न पुष्पीय भाग बनाती हैं। पुष्प विभिन्न आकार, आकृति, रंग के होते हैं। जब पुष्प में पुंकेसर और जायांग दोनों ही उपस्थित होते हैं तब उन्हें द्विलिंगी (bisexual) कहते हैं | यदि किसी पुष्प में सिर्फ एक जनन अंग पाया जाता है तो उसे एकलिंगी (unisexual) कहते हैं | यदि पुष्प दो बराबर भागों में बंट जाते हैं तो उसे त्रिज्यसममिति (actinomorphic) कहते हैं जैसे: सरसों | यदि पुष्प केवल एक ही ऊर्ध्वाधार समतल से दो समान भाँगों में बंट जाए तो उसे एकव्यासममिति (Zygomorphic) कहते हैं | जैसे : मटर | यदि पुष्प किसी भी समतल से काटने पर दो बराबर भाँगों में न बंटे तो उसे असममिति (asymmetrical) कहते है जैसे : केना |पुष्प को उनके भागों के आधार पर भी बांटते हैं :

अधोजायांगता : जायांग ऊपर स्थित होता है और पुष्प के बाकी भाग नीचे से निकलते हैं | अंडाशय ऊर्ध्ववर्ती कहलाते हैं जैसे : सरसों , बैंगन |

परिजायांगता : अंडाशय मध्य में तथा समान ऊंचाई पर होते हैं और पुष्प के बाकी भाग किनारे पर स्थित होते हैं | अंडाशय आधा अधोवर्ती कहलाता है | जैसे : गुलाब

अधिजायांगता : पुष्प के भाग अंडाशय के ऊपर से निकलते हैं और अंडाशय नीचे हो जाता है | अंडाशय अधोवर्ती कहलाता है |

ocr_image


पुष्प के भाग

पुष्प के निम्नलिखित भाग होते हैं।
    1.बाह्यदलपुंज
    2.दलपुंज
    3.पुमंग
    4.जायांग
बाह्यदलपुंज तथा दलपुंज सहायक अंग और पुमंग तथा जायांग जनन अंग कहलाते हैं। पुष्पीय भाग पुष्पवृन्त के शिखर पर स्थित पुष्पासन (pedicel) पर लगे रहते हैं।

ocr_image




1. बाह्यदलपुंज (Calyx) :

यह पुष्प का सबसे बाहरी चक्र है। इसकी इकाई को बाह्यदल (sepal) कहते हैं। ये प्रायः हरे होते हैं। सरसों के बाह्यदल हरे-पीले रंग के होते हैं। बाह्यदल अन्य पुष्पीय भागों की सुरक्षा करते हैं। भोजन का निर्माण करते हैं। रंगीन होने पर परागण में सहायक होते हैं।


2. दलपुंज (Corolla) :

यह पुष्प का दूसरा चक्र है। इसका निर्माण रंगीन दलों (petals) से होता है। सरसों में चार पीले रंग के दल होते हैं। इनका ऊपरी सिरा चौड़ा तथा निचला सिरा पतला होता है। ये परस्पर क्रॉस ‘X’ रूपी आकृति बनाते है। अत: इनको क्रॉसरूपी (cruciform) कहते हैं। ये एक-दूसरे से स्वतन्त्र अर्थात् पृथक्दली (polypetalous) होते हैं। दल परागण में सहायक होते हैं।


3. पुमंग (Androecium) : यह पुष्प का नर जनन अंग है। इसका निर्माण पुंकेसरों (stamens) से होता है। प्रत्येक पुंकेसर के तीन भाग होते है।
    i.पुंतन्तु
    ii.योजि
    iii.परागकोश
परागकोश में परागकण या लघुबीजाणु (pollen grains or microspores) बनते हैं। सरसों में 6 पुंकेसर होते हैं। ये 4+2 के चक्रों में व्यवस्थित होते हैं। भीतरी चक्र में 4 लम्बे पुंतन्तु वाले तथा बाहरी चक्र में 2 छोटे पुतन्तु वाले पुंकेसर होते हैं। पुंकेसरों के आधार पर मकरन्द ग्रन्थियाँ पाई जाती हैं। जिन पुंकेसरों में परागकण नहीं बनते हैं उन्हें स्टैमिनोड कहते हैं | जब पुंकेसर और दलपुंज आपस में जुड़े होते हैं तो यह इपीपेटलस (epipetalous) कहते हैं जैसे : बैंगन | जब फूलों में पुंकेसर स्वतंत्र अवस्था में पाए जाते हैं तब इसे पॉलीएण्ड्रस अवस्था कहते हैं जब पुंकेसर एक गुच्छों में जुड़े हुए पाए जाते हैं तब उसे डायडेल्फस कहते हैं | जब दो से ज्यादा बंडलों में व्यवस्थित होते हैं तब उन्हें पॉलीडेल्फस कहते हैं |

4. जायांग (Gynoecium) :

यह पुष्प का मादा जनन अंग है। इसका निर्माण अण्डपों से होता है। प्रत्येक अण्डप (carpel) के तीन भाग होते है।

    i.अण्डाशय (ovary)
    ii.वर्तिका (style) तथा
    iii.वर्तिकाग्र (stigma)
अण्डाशय में एक या एक से अधिक बीजांड होते हैं | अण्डाशय एक पतले वृंत के रूप में ऊपर तक जाता है जो पालियुक्त सिर बनाता है जिसे वर्तिकाग्र कहते हैं |अण्डाशय और वर्तिका के बीच के भाग को वर्तिकाग्र कहते हैं | मुक्त अंडप वाले जायांग को एपोकार्पस कहते हैं | जब अंडप संग्लित हो जाते है तब उन्हें सिनकार्पस कहते हैं | सरसों का जायांग द्विअण्डपी (bicarpellary), युक्ताण्डपी (syncarpous) तथा ऊर्ध्ववर्ती (superior) अण्डाशय युक्त होता है। अण्डाशय में बीजाण्ड भित्तिलग्न बीजाण्डन्यास में लगे होते हैं। सरसों के पौधे में अण्डाशय पहले एक कोष्ठीय होता है, बाद में कूटपट (replum) बनने के कारण द्विकोष्ठीय हो जाता है। वर्तिका एक तथा वर्तिकाग्र द्विपालित होती है।निषेचन के पश्चात् बीजाण्ड से बीज तथा अण्डाशय से फल का निर्माण होता है। सरसों के फल सरल, शुष्क, सिलिकुआ (siliqua) होते हैं। अब हम सरसों के पौधे का पुष्पी सूत्र तथा पुष्प के भागों का चित्र देख लेते हैं



ocr_image




ocr_image


पुष्पदल विन्यास (Aestivation)

कलिका अवस्था में बाह्यदलों या दलों (sepals or petals) की परस्पर सापेक्ष व्यवस्था को पुष्पदल विन्यास कहते हैं। यह कोरस्पर्शी, व्यावर्तित, कोरछादी या वैक्जीलरी प्रकार का होता है। जैसा की चित्र में दिखाया गया है।

ocr_image


कोरस्पर्शी (valvate) - इस प्रकार के पुष्पदल विन्यास में किनारों पर छूते हुए सहायक अंग पाए जाते हैं | जैसे : मदार

व्यावर्तित (Twisted) - इस पकार के पुष्पदल विन्यास में बाह्यदल पुंज तथा दलपुंज के एक पत्र की कोर दूसरे से ढँक जाती है | जैसे : गुड़हल

कोरछादी (Imbricate) - इस प्रकार के पुष्पदल विन्यास में सहायक अंग में एक पत्र की दोनों कोरे अन्य दो पत्रों से ढँकी होती है और एक पत्र की दोनों कोरे दो पत्रों की दो कोरों से ढँकी होती है | जैसे : गुलमोहर

वैक्जीलरी/ ध्वजिक - इस प्रकार के पुष्पदल विन्यास में पिछली पंखुरी सबसे बड़ी होती है इसे स्टैन्डर्ड कहते हैं | यह अपने पड़ोस की दोनों पंखड़ियों को लगभग ढक देती है इन्हें विंग्स कहते हैं | यह दोनों पंखुड़ियाँ सबसे छोटी वाली वाली दोनों पंखुड़ियों को ढँक लेती हैं इसे पैपलियोनेसीयस प्रकार का पुष्पदल विन्यास भी कहते हैं | जैसे : मटर तथा सेम |

बीजाण्डन्यास (Placentation)

अण्डाशय में जरायु (placenta) पर बीजाण्डों की व्यवस्था को बीजाण्डन्यास कहते हैं। बीजाण्डन्यास सीमान्त, स्तम्भीय, भित्तीय, मुक्त स्तम्भीय, आधारी या परिभित्तीय प्रकार का होता है।
1. सीमान्त (Marginal) -यह एकअण्डपी अण्डाशय में पाया जाता है। अण्डाशय एककोष्ठीय होता है, बीजाण्ड अक्षीय सन्धि पर विकसित होते है। जैसे– चना, मटर, सेम आदि फलों में।
2. स्तम्भीय (Axile) -यह द्विअण्डपी, त्रिअण्डपी या बहुअण्डपी, युक्ताण्डपी अण्डाशय में पाया जाता है। अण्डाशय में जितने अण्डप होते हैं, उतने ही कोष्ठकों का निर्माण होता है। बीजाण्ड अक्षवर्ती जरायु से लगे रहते है। जैसे— आलू, टमाटर, मकोय, गुड़हल आदि में।
3. भित्तीय (Parietal) - यह बहुअण्डपी, एककोष्ठीय अण्डाशय में पाया जाता है। इसमें जहाँ अण्डपों के तट मिलते हैं, वहाँ जरायु विकसित हो जाता है। जरायु (बीजाण्डासन) पर बीजाण्ड लगे होते हैं, अर्थात् बीजाण्ड अण्डाशय की भीतरी सतह पर लगे रहते है। जैसे— पपीता, सरसों, मूली आदि में।
4. मुक्त स्तम्भीय (Free central) -यह बहुअण्डपी, एककोष्ठीय अण्डाशय में पाया जाता है। इसमें बीजाण्ड केन्द्रीय अक्ष के चारों ओर लगे होते हैं। केन्द्रीय अक्ष का सम्बन्ध अण्डाशय भित्ति से नहीं होता है। जैसे- डायएन्थस, प्रिमरोज आदि।
5. आधारी (Basal) यह द्विअण्डपी, एककोष्ठीय अण्डाशय में पाया जाता है जिसमें केवल एक बीजाण्ड पुष्पाक्ष से लगा रहता है। जैसे- कम्पोजिटी कुल के सदस्यों में।
6. परिभित्तीय (Superficial) -यह बहुअण्डपी, बहुकोष्ठीय अण्डाशय में पाया जाता है। इसमें बीजाण्डासन या जरायु कोष्ठकों की भीतरी सतह पर विकसित होते हैं, अर्थात् बीजाण्ड कोष्ठकों की भीतरी सतह पर व्यवस्थित रहते है। जैसे—कुमुदिनी (water lily) में। बच्चों, अब हम विभिन्न प्रकार के बीजांडन्यास को क्रमशः चित्र के द्वारा समझ लेते हैं।

ocr_image


फल (Fruit)

फल एक परिपक्व अंडाशय होता है जो निषेचन के बाद विकसित होता है| यह पुष्पी पादपों का एक प्रमुख अभिलक्षण है | बिना निषेचन के विकसित हुए फल को अनिषेकी फल कहते हैं | फल में प्रायः एक भित्ति जिसे फल भित्ति कहते हैं तथा बीज होते हैं फल भित्ति शुष्क या गूदेदार हो सकती है।मोटी भित्ति तथा गूदेदार वाले फल में एक बाहरी भित्ति होती है जिसे बाह्य फलभित्ति कहते है। इसके बीच में मध्य फल भित्ति तथा भीतरी अर्थात अंदर के भाग में अंतःफल भित्ति पाई जाती है। आम तथा नारियल के फल को ड्रूप फल कहते हैं। जैसा कि चित्र में दिखाया गया है।

ocr_image


बीज

निषेचन के बाद बने भाग को बीजांड कहते हैं इस बीजांड से बीज का निर्माण होता है | बीज में प्रायः एक बीजावरण तथा भ्रूण पाया जाता है | भ्रूण में एक मूलांकुर, एक भ्रूणीय अक्ष तथा एक या दो बीज पत्र पाए जाते हैं।

द्विबीजपत्री बीज की संरचना

बीज की बाहरी परत को बीजावरण कहते हैं | यह बीजावरण दो सतहों से मिलकर बना होता है बाहरी बीजचोल(testa) तथा भीतरी टेग्मेन (tegmen) | कुछ बीजों में धीरे धीरे टेग्मेन खत्म हो जाता है | बीजावरण बीज के कोमल आंतरिक भागों की रक्षा करता है। बीज को एक ओर उसके नुकीले सिरे के नीचे एक गड्ढा दिखाई देता है उसे नाभिका (hilum) कहा जाता है। नाभिका के ठीक ऊपर एक बारीक दरार या छेद दिखाई देता है यह बीजांडद्वार (micropyle) कहलाता है। बीजावरण के नीचे भ्रूण (embryo) होता है। भ्रूण में दो सफेद गूदेदार (fleshy) संरचनाएँ होती है जो बीजपत्र (cotyledons) कहलाती है। भ्रूण में एक छोटा अक्ष (axis) होता है जिससे बीजपत्र जुड़े होते है। अक्ष का वह भाग जो बीज के नुकीले सिरे की ओर होता है मूलांकुर (radicle) कहलाता है और दूसरा भाग जो बीजपत्रों के बीच में होता है, प्रांकुर (plumule) कहलाता है। कुछ बीजों में भ्रूणपोष विकसित होता है जैसे रेंडी यह भोज्य पदार्थों का संचय करते हैं | बच्चों, अब हम एक द्विबीजपत्री बीज की संरचना का अध्ययन चित्र के द्वारा करते हैं।

ocr_image


एकबीजपत्री बीज की संरचना

एकबीजपत्री बीज साधारण रूप से भ्रूणपोषी (endospermic) होते हैं, परंतु कुछ बीजपत्री जैसे ऑर्किड में भ्रूणपोष नहीं होता है। कुछ बीजों में जैसे धान, मक्का में दाने का आवरण (grain coat) बीजचोल (seed coat) तथा फलभित्ति (pericarp) के जुड़ने से बनता है। भ्रूणपोष बड़ा तथा भोज्य पदार्थों को संचित रखता है। भ्रूणपोष की बाहरी परत को ऐल्यूरोन स्तर (aleurone layer) कहते है। भ्रूण भ्रूणपोष के एक सिरे पर एक खाँच में स्थित होता है। बीजपत्र का वह भाग जिसमें अक्ष होता है उसे स्कुटेलम (scutellum) कहते हैं। भ्रूणपोष तथा स्कुटेलम के बीच में एपिथीलियल स्तर (epithelial layer) होता है। अक्ष के नीचे का भाग मूलांकुर (radicle) तथा ऊपरी भाग प्रांकुर को जन्म देता है। प्रांकुर, एक पर्ण-आच्छद या प्रांकुर चोल (coleoptile) से और मूलांकुर, मूल-आच्छद या मूलांकुर चोल (coleorhiza) से घिरा रहता है।

ocr_image


एक प्ररूपी पुष्पीपादप (एंजियोस्पर्म) का अर्द्धतकनीकी विवरण

बहुत से आकारिकी अभिलक्षणों का उपयोग करके पुष्पीपादप को वर्णित किया जाता है। पुष्पीपादपों का वर्णन संक्षिप्त सरल तथा वैज्ञानिक भाषा में क्रमवार किया जाता है | पौधे के वर्णन में उसकी प्रकृति, कायिक अभिलक्षण, मूल, तना तथा पत्तियाँ और उसके बाद पुष्पी अभिलक्षण, पुष्प विन्यास, फूल के भाग तथा जनन अंगों का वर्णन आता है। पौधे के विभिन्न भागों के वर्णन के बाद पुष्पी भाग के पुष्पी चित्र तथा पुष्पी सूत्र बताने पड़ते हैं। पुष्पी सूत्र को कुछ संकेतों द्वारा इंगित किया जाता है। पुष्पी सूत्र में सहपत्र को Br से, केल्किस अर्थात बाह्यदल पुंज को K से, कोरोला अर्थात दल पुंज को C से, परिदल पुंज को P से, पुमंग को A से तथा जायांग को G से लिखते हैं। इनके आगे लिखी संख्या भ्रमि के अंगों की संख्या दर्शाती है जैसे K5 | यदि भ्रमि के अंग जुड़े हुए है तो उसे ब्रैकिट ( ) में लिखकर दर्शाते हैं | यदि पुंकेसर और दल पुंज आपस में जुड़े होते हैं तब C और A के ऊपर एक चाप बनाकर दर्शाते हैं | ऊर्ध्ववर्ती अंडाशय को लिखने के लिए G के नीचे रेखा खींचते हैं और अधोवर्ती अंडाशय को लिखने के लिए G के ऊपर रेखा खींचते हैं | एकलिंगी अर्थात पुमंगी और जायांगी तथा द्विलिंगी को चित्र में दिखाए गए चिन्हों से दर्शाते हैं | त्रिज्या सममिति को दर्शाने के लिए गोले में + का चिन्ह बनाते है तथा एकव्यास सममिति को दर्शाने के लिए % का उपयोग करते हैं | मातृ अक्ष की स्थिति फूल के सापेक्ष होती है जिसे डॉट द्वारा पुष्पी चित्र के ऊपर इंगित करते हैं। केल्किस, कोरोला, पुमंग तथा जायांग क्रमवार चक्कर में दिखाए जाते हैं। कैल्किस सबसे बाहर की ओर फिर कोरोला और पुमंग अंदर की ओर तथा जायांग सबसे भीतर होता है।

ocr_image


कुछ महत्वपूर्ण कुलों का वर्णन

फेबेसी

इस कुल को पहले पैपिलिओनोइडी कहते थे। यह लेग्युमिनोसी कुल का उपकुल था। यह सारे विश्व में पाई जाती हैं |
वर्गीकृत स्थान :
    जगत : पादप
    उपजगत :फैनेरोगैम्स
    प्रभाग : डाइकॉटिलीडंस
    वर्ग : पॉलीपेटैली
    श्रेणी :कैलीसीफ्लोरी
    गण : रोजेल्स
    कुल :फेबेसी

स्वभाव : वृक्ष, झाड़ी |
जड़ : मूल ग्रंथियों सहित मूल, मूसला तथा शाखित जड़, जड़ों की गाँठो में नाइट्रोजन स्थिरीकरण जीवाणु पाए जाते हैं
तनाः सीधा,शाखित, बेलनाकार |
पत्तियाँ: संयुक्त पिच्छाकर, कभी कभी सरल, एकांतर, पर्णाधार तल्पयुक्त, अनुपर्णी, जालिका शिराविन्यास
पुष्पक्रम : असीमाक्षी या एकल कक्षीय |
फूल : उभयलिंगी, एकव्याससममित, संवृन्त, अधोजाय
बाह्यदल पुंज :पाँच बाह्यदल, संयुक्तबाह्यदली, कोरस्पर्शी/कोरछादी
दल पुंज :पाँच दल, विमुक्त दली, पैपिलिओनेसियस, पश्च पंखुड़ी बड़ी तथा स्टैंडर्ड या वेक्सीलम होती है | दो पार्श्व दल छोटे तथा एली या विंग्स कहलाते हैं | आगे के दो दल सबसे छोटे और जुड़े होते है | यह एक नाव जैसी संरचना बनाते हैं इन्हें कील कहते हैं इस कील के अंदर पुंकेसर तथा अंडप पाए जाते हैं | यह दलपुंज तितली जैसा दिखता है |
पुमंग: 10 पुंकेसर, द्विसंधी, परागकोश द्विकोष्टी, नौ पुंकेसर पुतन्तु द्वारा जुड़े होते है लेकिन इनके परागकोश मुक्त होते हैं | दसवां पुंकेसर बिल्कुल मुक्त होता है |
जायाग: अंडाशय एक अंडपी, ऊर्ध्ववर्ती , अनेकों बीजांड , सीमांत बीजांडन्यास ,वर्तिका एकल
फल : लेग्यूम या पॉड
बीज: एक से अधिक, अभ्रूणपोषीय
आर्थिक महत्व : इस कुल के सदस्यों में अनेकों प्रकार की दाल (चना, अरहर, सेम, मूंग, सोयाबीन) खाद्य तेल (सोयाबीन, मूँगफली), रंग (नील) , तंतु (सनई), सजावटी फूल, औषधि (मुलेठी) के स्रोत है |

ocr_image




ocr_image


कुल सोलेनेसी

वर्गीकृत स्थान :
    जगत : पादप
    उपजगत :फैनेरोगैम्स
    प्रभाग : डाइकॉटिलीडंस
    वर्ग : पॉलीपेटैली
    श्रेणी : बाइकारपिलेटी
    गण : पॉलिमोनियेल्स
    कुल :सोलेनेसी
कुल सोलेनेसी (Family solanaceae) का सामान्य पौधा सोलेनम नाइग्रम (Solanum nigrum, मकोय) है। यह एक जंगली शाकीय पौधा है जो स्वत: आलू, टमाटर के खेतों में उग आता है।
आवास एवं स्वभाव (Habit and Habitat) - जंगली, वार्षिक शाकीय पादप।
मूल (Roots) - शाखामय, मूसला जड़ तन्त्र।
तना (Stem) - शाकीय, बेलनाकार, शाखामय, चिकना, हरा।
पत्ती (Leaves) - स्तम्भिक और शाखीय, एकान्तर, सरल, अननुपर्णी (exstipulate) एकशिरीय जालिकावत (unicostate reticulate)।
पुष्पक्रम (Inflorescence) - ससीमाक्षी, कभी, कभी कुंडलित ससीमाक्ष ।
पुष्प (Flower) - असहपत्री (ebracteate) या सहपत्री (bracteate), सवृन्त, पूर्ण, द्विलिंगी, त्रिज्यासममित, पंचतयी (pentamerous), अधोजाय (hypogynous)।
बाह्यदलपुंज (Calyx) - 5 बाह्यदल ,संयुक्त बाह्यदल (gamopetalous), कोरस्पर्शी (valvate), हरे, चिरलग्न (persistent)।
दलपुंज (Corolla) - 5 दल ,संयुक्त दल (gamopetalous), चक्राकार (rotate), या व्यावर्तित (twisted)।
पुमंग (Androecium) - 5 पुंकेसर,दललग्न, दल के एकान्तर में व्यवस्थित, अन्तर्मुखी, परागकोश लम्बे एवं द्विपालित, पुंतन्तु छोटे। परागकोश में स्फुटन अग्र छिद्रों (apical pores) द्वारा।
जायांग (Gynoecium) - द्विअण्डपी (bicarpellary), युक्ताण्डपी (syncarpous), अण्डाशय ऊर्ध्ववर्ती (superior ovary), स्तम्भीय बीजाण्डन्यास (axile placentation), जरायु तिरछा तथा फूला हुआ। वर्तिका एक, वर्तिकाग्र द्विपालित।
फल (Fruit) - कैप्सूल, बेरी।
आर्थिक महत्व (Economic Importance)-
  • आलू तथा बैंगन का उपयोग सब्जी के रूप में किया जाता है |
  • टमाटर के कच्चे और पक्के दोनों तरह के फल खाए जाते हैं |
  • एट्रोपा बेलाडोना नामक पौधे से एट्रोपीन नामक दवा बनाई जाती है |
  • पिटुनिया एवं रात रानी को सजावटी पौधों के रूप में इस्तेमाल किया जाता है |
  • तंबाकू की पत्तियों का उपयोग बीड़ी एवं सिगरेट बनाने में किया जाता है |


  • ocr_image




    ocr_image


    लिलिएसी

    वर्गीकृत स्थान :
      जगत : पादप
      उपजगत :फैनेरोगैम्स
      प्रभाग : एकबीजपत्री
      श्रेणी : कोरोनेरि
      कुल :लिलिएसी
    स्वभाव : एकवर्षी या द्विवर्षी, कभी कभी बहुवर्षी |
    मूल (Roots) - अपस्थानिक
    तना (Stem) - शाकीय तथा भूमिगत तना जैसे बल्ब (प्याज और लहसुन में)
    पत्तियाँ (Leaves) - मूलीय, अननुपत्री (exstipulate) परंतु स्माइलेक्स में अनुपर्णी होती है, अवृंत (sessile) शल्कीय (scaly) या गूदेदार (fleshy), एकांतर (alternate), सामान्यतः समानांतर विन्यास (parallel venation) होता है |
    पुष्पक्रम (Inflorescence) - रेसीमोज (racemose) लेकिन एलियम (Allium) या प्याज में ससीमाक्षी पुष्पक्रम पाया जाता है |
    पुष्प - नियमित, त्रिज्यासममित, द्विलिंगी (bisexual), त्रितयी (trimerous), जायांगधर, सहपत्री
    परिदलपुंज (Perianth) - परिदल 6, 3+3 के दो चक्रों में विन्यसित, संयुक्त अथवा स्वतंत्र होते है। परिदलपुंज कोरछादी विन्यास(aestivation) में स्थित होते हैं।
    पुमंग (Androecium) - पुंकेसर 6, 3+3 के चक्र में विन्यसित, स्वतंत्र तथा परिदललग्न (epiphyllous) होता है, परागकोष अंतर्मुखी, द्विकोष्ठी होते हैं |
    जायांग (Gynoecium) - अंडाशय त्रिअंडपी एवं युक्ताण्डपी होता है। अक्षीय (axile) बीजांडन्यास होते हैं तथा प्रत्येक कोष्ठ में अनेक बीजांड पाए जाते हैं। वर्तिका (style) सरल होती है एवं वर्तिकाग्र त्रिभाजित होते हैं |
    फल (Fruit) - कैप्स्यूल या बेरी
    बीज (Seed) - भ्रूणपोषी (endospermic)
    आर्थिक महत्व - इस कुल के अधिकांश पौधे सजावट के रूप में जैसे ट्यूलिप, ग्लोरिओसा तथा औषधि के स्रोत के रूप में भी उपयोग किए जाते हैं जैसे एलो

    ocr_image




    ocr_image


    सारांश

    यदि हम सम्पूर्ण पादप जगत को देखे तो पुष्पीय पादप सर्वाधिक विकसित होते हैं। ये आकार, पोषण की विधि,माप, संरचना, जीवन काल, प्रकृति तथा आवास में अत्यधिक विविधता प्रदर्शित करते हैं। इनमें मूल तथा प्ररोह तंत्र पूर्ण तरीके से विकसित होते हैं। इनमें मूल तंत्र मूसला अथवा झकड़ा मूल पाई जाती है। द्विबीजपत्री पादपों में समान्यताः मूसला जड़े पाई जाती है जबकि एक बीजपत्री पादपों में झकड़ा मूल पाई जाती है। कुछ पादपों में मूल का रूपांतरण, भोजन संग्रहण, यांत्रिक सहारे तथा श्वसन के लिए हो जाता है। प्ररोह तंत्र तना, पत्ती, पुष्प तथा फलों में बँटा रहता है। तने के आकारिकीय लक्षण जैसे गाँठों तथा पोरियों की उपस्थिति बहुकोशिक रोम तथा घनात्मक प्रकाशानुवर्ती प्रकृति आदि की उपस्थिति से तने तथा मूल में अंतर को आसानी से समझा जा सकता है। तने भी खाद्य संचयन, कायिक प्रवर्धन जैसे विभिन्न कार्यों को सम्पन्न करने के लिए तथा विभिन्न परिस्थितियों में संरक्षण के लिए अपने आप को रूपांतरित कर लेते हैं। पत्ती तने की गांठ पर बाहरी रूप में विकसित होती है। यह हरे रंग की होती है ताकि प्रकाश संश्लेषण की क्रिया को संपन्न कर सके। पत्तियों के आकार, माप, किनारे, शीर्ष, तथा पत्नी की स्तरिका के कटाव में अलग अलग विविधताएं देखने को मिलती हैं। पत्तियों में भी विभिन्न कार्य को सम्पन्न करने के लिए कई प्रकार के रूपांतरण देखने को मिलते हैं जैसे प्रतान, चढ़ने के लिए तथा शूल संरक्षण के लिए | पुष्प, प्ररोह का रूपांतरित रूप है जो पौधों में लैंगिक जनन की क्रिया को संपन्न करता है। पुष्प विभिन्न प्रकार के पुष्पक्रम में व्यवस्थित रहते हैं। यह संरचना, ज्यामिति, अन्य भागों के सापेक्ष अंडाशय की स्थिति, दलों, बाह्य दलों, अंडाशय आदि के क्रमबद्ध विन्यास में भी विविधता प्रदर्शित करता है। निषेचन के पश्चात अंडाशय से फल तथा बीजांड से बीजों का निर्माण होता है। बीज एकबीजपत्री अथवा द्विबीजपत्रीय हो सकते है | पुष्पीय पादपों के वर्गीकरण तथा पहचान के लिए पुष्पीय अभिलक्षण का उपयोग किया जाता हैं। पुष्पीय पादप के पुष्पीय अभिलक्षण का वर्णन वैज्ञानिक शब्दावली का उपयोग करके पुष्पी सूत्र द्वारा तथा पुष्पी चित्र द्वारा क्रमवार किया जाता है |