Doubtnut Promotions Sticky

वस्तुओं के समूह बनाना कक्षा 6 विज्ञान

भूमिका

बच्चों आप सभी ने अपने आस-पास बहुत सी विभिन्न प्रकार की वस्तुएँ देखी ही होंगी। ये सभी वस्तुएँ विभिन्न प्रकार के पदार्थों से बने होते है एवं इनके गुण भी अलग-अलग होते है। तो आगे हम इन्ही सभी वस्तुओं के बारे में विस्तार से अध्ययन करेंगे और जानेंगे कि वस्तुओं के समूह बनाने की आवश्यकता क्यों पड़ती है ?

हमारे चारों ओर की वस्तुएँ

हम अपने दैनिक जीवन में बहुत सी वस्तुओं का उपयोग करते है जैसे कि - कपड़े, जूते, भोजन, टेबल, कुर्सी, पंखा, नल, साइकिल, खिलौने इत्यादि। ये सभी वस्तुएँ विभिन्न प्रकार के पदार्थों से बनी होती है जिनके गुण भी भिन्न-भिन्न होते है। वस्तुओं के समूह से तात्पर्य ये है कि हम एक ही प्रकार के वस्तुओं को इकठ्ठा करते है। वस्तुओं के समूह बनाने के लिए हम अपने आस-पास की चीजों को देखते है तो हमें कुछ एक ही आकार की बहुत सी वस्तुएँ दिखाई देती है जैसे - गोलाकार वस्तुएँ इसमें प्लास्टिक की गेंद, रबर की गेंद, काँच के सामान आदि दिखाई देते है जो आकृति में तो सामान है परन्तु ये जिनसे बने है वह पदार्थ भिन्न-भिन्न है। अतः एक ही आकृति की वस्तुओं के समूह बनाये जा सकते है।

यदि हम पदार्थ के आधार पर वस्तुओं के समूह बनाएंगे तो हम देखेंगे कि प्लास्टिक से बनी वस्तुओं में बाल्टी, खिलौने, बर्तन, रस्सी इत्यादि आते है जो एक ही पदार्थ से बने है। अतः एक ही पदार्थ से बहुत सी वस्तुएँ बनाई जा सकती है या एक से अधिक प्रकार के पदार्थों से मिला कर वस्तुएँ बनाये जा सकते है। ये पदार्थ धातु, काँच, प्लास्टिक, कागज, लकड़ी आदि हो सकते है।

वस्तुओं के निर्माण के लिए धातुओं का भी उपयोग किया जाता है जैसे लोहा, तांबा, एल्युमिनियम आदि इनसे कई प्रकार की वस्तुएँ जैसे - बर्तन, साइकिल, पाइप आदि बनाये जाते है। यानि की धातु से बनी वस्तुओं का अलग समूह बनाया जा सकता है।

अतः वस्तुएँ एक या एक से अधिक प्रकार के पदार्थों से बनाये जाते है। ये पदार्थ धातु, काँच, प्लास्टिक, कागज, लकड़ी आदि हो सकते है। अब हमें ये कैसे पता चलेगा कि कौन सी वस्तु किस पदार्थ की बनी है ? यह जानने के लिए हमें पदार्थों के गुणों के बारे में जानकारी लेना आवश्यक है।

ocr_image

पदार्थों के गुण

यह तो हम जानते है कि वस्तुएँ एक या एक से अधिक प्रकार के पदार्थों से बनायी जाती है। इन पदार्थों का अपना एक विशेष गुण होता है। जैसे वस्त्र बनाने के लिए धातु का उपयोग नहीं किया जाता कपड़े का ही उपयोग किया जाता है धातु का उपयोग कठोर वस्तुएँ बनाने में किया जाता है। इसी प्रकार किताब बनाने के लिए काँच का उयपोग करना मूर्खता ही है किताब बनाने के लिए कागज का उपयोग ही किया जाता है।

सभी पदार्थों के गुणों के आधार पर ही उनसे वस्तुओं को बनाया जाता है। गलत पदार्थ का चुनाव करने पर वस्तु की गुणवत्ता में कमी आएगी या वस्तु उपयोगी नहीं रहेगी। इसलिए सही पदार्थ का चुनाव बहुत जरुरी है। पदार्थों के विभिन्न गुण निचे प्रदर्शित है -

  • दिखावट

  • कठोरता

  • जल में विलेय अथवा अविलेय

  • जल में डूब या तैर सकते है

  • पारदर्शिता


आइये ऊपर दिए पदार्थों के गुणों पर चर्चा करते है -

दिखावट : सभी पदार्थ एक - दूसरे से अलग दिखाई देते है। जब हम लोहा, लकड़ी, काँच, कागज, कपड़े, ताम्बा, एल्युमिनियम आदि पदार्थों को देखते है तो हमे उनकी दिखावट में अंतर दिखाई देता है। कुछ पदार्थ जैसे लोहा, एल्युमिनियम, ताम्बा एक - दूसरे से भिन्न दिखाई देते है परन्तु इनमे कुछ समानताएँ होती है। जो लकड़ी, प्लास्टिक, कागज में नहीं पाई जाती। धात्विक पदार्थों को जब बीच से काटकर देखा जाता है तो उनके कटे हुए भाग में चमक दिखाई देती है। इसी प्रकार अन्य पदार्थों को काटकर देखा जाता है तो उनमे चमक नहीं पाया जाता। यह केवल धातुओं का गुण है। दिखावट के आधार पर पदार्थों में विभिन्न गुण हो सकते है जैसे - चमकदार, चिकना, खुरदुरा आदि।

ocr_image

कठोरता : विभिन्न पदार्थों को जब हम अपने हाथों से दबाते है तो कुछ पदार्थ आसानी से पिचक जाते है या दबकर सिकुड़ जाते है इसके विपरीत कुछ पदार्थों को हाथों से दबाना बहुत ही कठिन होता है। आसानी से हाथों से सिकुड़ने (संपीडित होना) वाले पदार्थों को कोमल पदार्थ और जिन्हे आसानी से दबाया नहीं जा सकता उन्हें कठोर पदार्थ कहते है। पदार्थ का कठोर होना और कोमल होना उनका एक विशेष गुण होता है। कोमल पदार्थों को आसानी से काटा और घिसा जा सकता है परन्तु कठोर पदार्थों को काटने और घिसने में कठिनाई होती है।

ocr_image

रुई, स्पंज, कपड़े आदि कोमल पदार्थ के उदाहरण है। लोहा, प्लास्टिक, लकड़ी आदि कठोर पदार्थ के उदाहरण है।

जल में विलेय अथवा अविलेय : पदार्थों के इस गुण का पता लगाने के लिए हम कुछ पदार्थों को जैसे नमक, चीनी, चॉक पाउडर, रेत, लकड़ी, ईंट, लोहा आदि को जल में डाल कर थोड़ी देर रखते है। कुछ देर बाद जब हम इन्हे देखते है तो हमें कुछ पदार्थ पूणर्तः पहले जैसे ही दिखाई देते है और कुछ पदार्थ बिल्कुल भी दिखाई नहीं देते।

ocr_image

ऐसा इसलिए होता है क्यूंकि कुछ पदार्थ जल में पूर्णतः घुल जाते हैं जैसा की चित्र में दिखाया गया है और कुछ पदार्थ जल में बिल्कुल नहीं घुलते। वे पदार्थ जो जल में पूरी तरह से घुल जाते है उन्हें विलेय पदार्थ कहते है। उदाहरण - नमक, चीनी, चॉक पाउडर आदि जल में विलेय है। इसी प्रकार वे पदार्थ जो जल में बिल्कुल भी नहीं घुलते जल को हिलाने पर भी ये पदार्थ अपनी ठोस अवस्था में ही बने रहते है ऐसे पदार्थ अविलेय पदार्थ कहलाते है। उदाहरण - लोहा, रेत, ईंट, लकड़ी आदि जल में अविलेय है।

ocr_image

ठोस पदार्थों की तरह बहुत से द्रव पदार्थ भी जल में घुल जाते है और कुछ जल में नहीं घुलते जैसे - सिरका, नीबू का रस जल में घुल जाते है और तेल जल में नहीं घुलता वह जल के ऊपर परत बना कर तैरने लगता है। नीचे तेल, जल और रेत को एक ही पत्र में डालने से क्या होता है दिखाया गया है।

ocr_image

कुछ गैसें भी जल में विलेय होती है ऑक्सीजन गैस जल में घुली होती है जिसकी सहायता से जलीय जीव-जंतु जल में जीवित रहते है।

जल में डूब या तैर सकते है : जैसा की हम जान चुके है कि पदार्थ जल में घुलती हैं और कुछ पदार्थ नहीं घुलती। इसी प्रकार बहुत सी वस्तुएँ जल में डालने पर जल के अंदर चली जाती है और कुछ वस्तुएँ जल के ऊपर तैरने लगती है। चित्र में कुछ वस्तुओं को दिखाया गया है इन्हें देखिये-

ocr_image

नाव पर तो आप बैठे ही चुके होंगे। नाव पानी के ऊपर तैरती है अतः नाव लकड़ी की बनी होती है इसका मतलब है कि लकड़ी जल के ऊपर तैरती है। आज कल प्लास्टिक का उपयोग करके भी नाव बनाया जाता है प्लास्टिक भी पानी में तैरती है। परन्तु बहुत से पदार्थ जल में डूब जाते है जैसे - कंकड़-पत्थर, धातु आदि सभी जल में डूब जाते है।

पारदर्शिता : पारदर्शिता के आधार पर हम वस्तुओं को तीन भागों में बाँट सकते है जो निचे दिए हुए है -
  • पारदर्शी

  • अपारदर्शी

  • पारभासी
आइये इनपर विस्तार से चर्चा करें -

पारदर्शी - ऐसे पदार्थ जिनके आर-पार पूरी तरह से देखा जा सकता है उन्हें पारदर्शी वस्तुएँ कहते हैं। ऐसा तब होता है जब किसी वस्तु से प्रकाश एक ओर से दूसरी ओर पूरी तरह गुजरता है तो हमें वस्तु के आरपार दिखाई देता है। उदाहरण - काँच, वायु, जल आदि पारदर्शी पदार्थ है। इसे चित्र द्वारा अच्छे से समझा जा सकता है।

ocr_image

अपारदर्शी - ऐसे पदार्थ जिनके आर-पार बिल्कुल भी नहीं देखा जा सकता उन्हें अपारदर्शी वस्तुएँ कहते है। अपारदर्शी वस्तुओं से प्रकाश किरणें एक ओर से दूसरी ओर नहीं जा सकती इसलिए इसके आरपार नहीं देखा जा सकता। उदाहरण - लकड़ी, धातु, डैस्क, ब्लैकबोर्ड, किताब, पत्थर का टुकड़ा आदि अपरदर्शी वस्तुएँ है। निचे दिए चित्र द्वारा इसे अच्छे से समझा जा सकता है।

ocr_image

पारभासी - ऐसे पदार्थ जिनके आर-पार पूर्ण स्पष्टता से नहीं देखा जा सकता अथवा धुंधला दिखाई पड़ता है उन्हें पारभासी पदार्थ कहते है। प्रकाश किरणें इन्हें पूर्णतः पार नहीं कर सकती है इसलिए पारभासी वस्तुओं के आर-पार हमें धुंधला दिखाई पड़ता है। उदाहरण - तेल लगा कागज़, पॉलीथिन, धुंधला काँच आदि पारभासी वस्तुएँ है।

ocr_image

ऊपर दिए चित्र में तीनों गुणों को देखकर पदार्थों की पारदर्शिता को समझा जा सकता है। पारदर्शिता पदार्थों का महत्वपूर्ण गुण है। इस गुण के कारण पदार्थों का सही उपयोग करके बहुत सी उपयोगी वस्तुएँ बनाई जा सकती है । जैसे - चश्में, दर्पण, शीशे की बनी वस्तुएँ आदि ।

वस्तुओं के समूहन की आवश्यकता

हमने पदार्थों के गुणों के बारे में तो पढ़ लिया लेकिन हमें वस्तुओं के समूह बनाने की आवश्यकता क्यों पड़ती है ? आइये इसके बारे में चर्चा करते है -

हम अपने आस-पास की चीजों को अपने उपयोग के आधार पर व्यवस्थित रखते है। जिससे हमें यह पता होता है कि कौन सी वस्तुएँ कहाँ रखी है? जैसे - कपड़ों को अलमारी में, किताबों को टेबल में, सभी खाद्य पदार्थों को रसोई में रखा जाता है इससे हमें इन वस्तुओं को खोजने में आसानी होती है। इसी प्रकार विभिन्न प्रकार के वस्तुओं के समूह बनाने से उनके गुणों का अध्ययन करने में आसानी होती है कि कौन-सी वस्तु किस पदार्थ की बनी है और वस्तुओं के समूह बनाने से वस्तुओं की बनावट, विशेषता और गुणों का भी ज्ञान मिलता है। अतः वस्तुओं के बारे में अच्छे से अध्ययन करने के लिए उनके समूह बनाना आवश्यक है।

महत्वपूर्ण सारणियाँ

पदार्थ एवं इनसे बनने वाली वस्तुओं की सारणी :

ocr_image

जल में घुलने वाली और नहीं घुलने वाली वस्तुओं की सारणी :

ocr_image

जल में तैरने अथवा डूबने वाले पदार्थों की सारणी :

ocr_image

सारांश

  1. हमने जाना की हमारे आस-पास की सभी वस्तुएँ विभिन्न प्रकार के पदार्थों से बनी होती है।

  2. किसी भी वस्तु को बनाने के लिए एक या एक से अधिक पदार्थों का उपयोग किया जाता है। किसी एक पदार्थ से बहुत-सी वस्तुएँ बनाई जा सकती है।

  3. अलग-अलग पदार्थों के गुण भी अलग-अलग होते है।

  4. पदार्थों में कठोरता का गुण भी पाया जाता है जैसे - धातु और कुछ पदार्थों में कोमलता पायी जाती है जैसे - रुई। कुछ चिकने होते है तो कुछ खुरदुरे।

  5. कुछ पदार्थों में जल में घुलने की विशेषता होती है जिन्हे विलेय कहते है और कुछ जल में नहीं घुलते उन्हें अविलेय कहते है।

  6. पदार्थो में पारदर्शिता (जिसके आर-पार देख सकते है), अपारदर्शिता (आर-पार नहीं देख सकते) और पारभासी (धुंधला) जैसे गुण भी पाए जाते है।

  7. वस्तुओं के पदार्थों के गुणों की जानकारी प्राप्त करने के लिए वस्तुओं के समूह बनाना आवश्यक है।