Doubtnut Promotions Sticky

चुंबकों द्वारा मनोरंजन कक्षा 6 विज्ञान

भूमिका

बच्चों आप चुंबक के बारे में जानते ही होंगे। चुंबक लोहे और लोहे से बनी वस्तुओं को अपनी ओर आकर्षित करती है और साथ में चिपक भी जाती है।

आज हम चुंबक के इतिहास के बारे में जानेंगे और इनके गुण तथा यह कितने प्रकार के होते है, यह भी जानेंगे। अध्याय के अंत में चुंबक के द्वारा दिशा कैसे पता करते है, यह भी जानेंगे।

चुम्बक (मैग्नेट) क्या होता है

मैग्नेट शब्द जिसे हिन्दी में चुंबक कहते हैं, ग्रीस के एक नाम "मैग्नस" से आया है।

"एक ऐसा पदार्थ जिसमें लोहा की मात्रा रहती है, या लोहे का बना होता है, तथा उसमें लोहे को या लोहे से बनी वस्तुओं को आकर्षित करने की क्षमता होती है, चुंबक (मैग्नेट) कहलाता है।"

ocr_image

चुंबक उस पदार्थ को कहते है, जो लोहे और लोहे से बनी वस्तुओं को अपनी ओर आकर्षित करता है। चुंबक के इस गुण को चुंबकत्व कहते है।

चुम्बक की खोज

आज से लगभग दो हजार वर्ष पहले प्राचीन यूनान में एक गड़रिया (चरवाहा) रहता था, जिसका नाम मैग्नस था। वह अपने भेड़ों तथा बकरियों को चराने के लिए ले जाता था। वह भेड़ों पर नियंत्रण के लिए हमेंशा एक छ्ड़ी रखता था। छड़ी के निचले सिरे पर लोहे की टोपी लगी होती थी।

एक बार मैग्नस भेड़ों को चराने के लिए पहाड़ पर ले गया। भेड़ों को चराते हुए वह आश्चर्यचकित रह गया, जब उसके छड़ी के लोहे का सिरा, एक चट्टान से चिपक गया तथा जोर से खींचने के बाद ही वह अलग हो पाया। बाद में उसने महसूस किया कि जब भी वह उस चट्टान के पास छड़ी को ले जाता, वह चट्टान उसके छड़ी को अपनी ओर खींचने लगता था।

ocr_image

वास्तव में उसकी छड़ी के एक सिरे पर एक लोहे का टुकड़ा लगा हुआ था, जो कि उस चट्टान से चिपक जाता था। कहा जाता है कि वह चट्टान कुछ और नहीं बल्कि एक प्राकृतिक चुम्बक था और इस तरह चुम्बक की खोज हुई।

वह चट्टान, जो लोहा या लोहे से बनी वस्तुओं को आकर्षित करता था, उसे मैग्नेटाइट (Magnetite) के नाम से बुलाया जाने लगा। संभवत: इस चट्टान का नाम उस चरवाहे "मैग्नस" के नाम पर पड़ा। कुछ लोगों का विश्वास है कि मैग्नेशिया नामक जगह में सबसे पहले मैग्नेटाइट पाया गया था। जिन पदार्थों में लोहे को आकर्षित करने का गुण पाया जाता है, वे चुंबक कहलाते है।

चुंबक के प्रकार

चुंबक मुख्यतः दो प्रकार के होते है, जो निम्न है :-

  1. प्राकृतिक चुंबक

  2. कृत्रिम चुंबक

प्राकृतिक चुंबक : प्राकृतिक चुम्बक मैग्नेटाइट से बना होता है। मैग्नेटाइट एक चट्टानीय खनिज है। मैग्नेटाइट में लोहा होता है तथा इसमें लोहा या लोहे से बनी वस्तुओं को आकर्षित करने का गुण होता है।

ocr_image
  • प्राकृतिक चुंबको में चुंबकत्व बहुत ही कम मात्रा में होता है। ये अधिक शक्तिशाली नहीं होते है।

  • इनका आकार अनियमित होता है।

  • ये कम टिकाऊ एवं अत्यधिक भंगुर होते है। अतः इनका उपयोग प्रायोगिक कार्यों के लिए बहुत कम होता है।

कृत्रिम चुंबक : कुछ धातु या मिश्रधातु ऐसे हैं, जिन्हें कृत्रिम उपायों से चुंबकित करके शक्तिशाली चुंबक बनाया जा सकता है। ऐसे चुंबकों को कृत्रिम चुंबक कहा जाता है। शक्तिशाली चुंबक स्टील या कोबाल्ट-स्टील या निकल-स्टील आदि के बनाये जाते है। इनका चुंबकत्व अधिक समय तक बना रहता है।

कृत्रिम चुंबकों के नाम उनकी आकृति के आधार पर रखे गए है, जो निम्नलिखित है :-

ocr_image
  • दंड चुंबक या छड़ चुंबक - ये आयताकार या बेलनाकार छड़ की आकृति के होते है।

  • नाल चुंबक - यह घोड़े के नाल के रूप में मुड़ा हुआ दंड चुंबक होता है।

  • यु-आकार का चुंबक - किसी छड़ चुंबक को यु-आकार में मोड़ देने पर यह चुंबक प्राप्त होता है।

  • ocr_image

  • गोलांत चुंबक - यह लम्बा और पतला छड़ चुंबक होता है, जिसके सिरे गोलाकार होते है।

  • चुंबकीय सुई - यह स्टील की बनी पतली और चपटी पट्टी होती है, जो बीच में चौड़ी और सिरों पर नुकीली होती है। यह मध्य बिंदु पर एक नुकीली कील पर टिकी रहती है, जिससे क्षैतिज तल पर वह आसानी से घूम सके।

  • चुंबकीय कम्पास - यह डिबिया में बंद छोटी चुंबकीय सुई है, जिसके ऊपरी सिरे पर काँच की प्लेट लगी होती है। इसके दोनों सिरों पर N और S अंकित होता है। इसका उपयोग प्रायः हवाई जहाज और पानी के जहाज में दिशाओं का पता करने के लिए किया जाता है।

चुंबकीय और अचुंबकीय पदार्थ

चुंबकीय पदार्थ : ऐसे पदार्थ जो चुंबक द्वारा आकर्षित किये जाते है और जिन्हें चुंबक बनाया जा सकता है, चुंबकीय पदार्थ कहलाते है। उदाहरण - लोहा, कोबाल्ट, निकिल एवं उनकी मिश्र धातु चुंबकीय पदार्थ के उदाहरण है।

ocr_image

अचुंबकीय पदार्थ : ऐसे पदार्थ जो ना तो चुंबक द्वारा आकर्षित होते है और ना ही जिन्हें कृत्रिम विधियों द्वारा चुंबक बनाया जा सकता है, अचुंबकीय पदार्थ कहलाते है। उदाहरण - ताँबा, एल्युमिनियम, सल्फर, कार्बन, रुई, लकड़ी, कागज, रबर, काँच आदि।

ocr_image

चुंबक के ध्रुव

किसी चुम्बक के दोनों छोर को चुम्बक का ध्रुव कहते हैं। सभी चुम्बक के दो ध्रुव होते हैं, उत्तरी ध्रुव और दक्षिणी ध्रुव। एक चुम्बक ध्रुव पर सबसे अधिक शक्तिशाली होता है।

जब किसी चुम्बक को लोहे के चूर्ण में रखा जाता है, या किसी चुम्बक पर जब लोहे का चूर्ण या बुरादा छिड़का जाता है, तब चुम्बक के ध्रुवों पर अधिक बुरादा चिपक जाता है। यह बतलाता है कि चुम्बक ध्रुव पर अधिक शक्तिशाली होता है।

ocr_image

हम कभी भी किसी छड़ चुंबक को बीच में से काटकर उसके उत्तरी और दक्षिणी ध्रुवों को अलग नहीं कर सकते। यदि किसी छड़ चुंबक को काटकर दो भागों में बाँट दें, तो हमें जो टुकड़े प्राप्त होंगे उनमें से प्रत्येक में उत्तर एवं दक्षिण ध्रुव होंगे।

अब इन दोनों नये बने चुंबकों को फिर से काटें, तो चारों टुकड़ों में से प्रत्येक टुकड़ा पूर्ण चुंबक होगा अर्थात् प्रत्येक में एक उत्तर ध्रुव और एक दक्षिण ध्रुव होगा। इस प्रकार चुंबक के चाहे जितने टुकड़े किए जाएँ, प्रत्येक टुकड़े में दोनों ध्रुव विद्यमान रहेंगे।

चुंबक के गुण

चुंबक में बहुत से गुण होते है, जो निम्नलिखित है :-

  • एक चुंबक लोहे या लोहे से बनी वस्तु को अपनी ओर आकर्षित करता है।

  • एक चुंबक के दो ध्रुव होते हैं, जिन्हें उत्तरी ध्रुव और दक्षिणी ध्रुव कहा जाता है।

  • जब एक छड़ चुंबक को किसी धागे या किसी अन्य वस्तु के सहारे स्वतंत्र रूप से लटकाया जाता है, तो उसका उत्तरी ध्रुव उत्तर दिशा की ओर तथा दक्षिणी ध्रुव दक्षिण दिशा की ओर स्थिर हो जाता है।

  • एक चुंबक अपने ध्रुवों पर अधिक शक्तिशाली होता है।

  • किसी दो चुंबक का समान ध्रुव एक दूसरे को प्रतिकर्षित (एक दूसरे को दूर फेंकना) करता है तथा असमान ध्रुव एक दूसरे को आकर्षित करता है।

चुंबक की सहायता से दिशा का पता लगाना

बच्चों आपने चुंबको के उपयोग के बारे में अनेक रोचक कहानियाँ अवश्य सुनी होंगी। ऐसी ही एक कहानी चीन के एक सम्राट के बारे में है, जिसका नाम हुआंग टी था। कहा जाता है कि उसके पास ऐसा रथ था, जिसमें एक महिला की मूर्ति थी। यह मूर्ति किसी भी दिशा में घूम सकती थी। इसकी एक फैली हुई भुजा थी, जैसे की यह रास्ता दिखला रही हो।

ocr_image

मूर्ति में एक अनोखा गुण था। मूर्ति ऐसी स्थिति में आकर रूकती, की इसकी फैली हुई भुजा सदैव दक्षिण की ओर सकेंत करती थी। सम्राट जब भी इस रथ से किसी नये स्थान पर जाता था, तब यह मूर्ति की फैली हुई भुजा को देखकर दिशा ज्ञात कर लिया करता था। आइये यह मूर्ति कैसे काम करती थी ? उसके बारे में पता करते है।

चुंबक का दैशिक गुण : चुंबक में एक विशेष गुण होता है कि जब भी उसे स्वतंत्र रूप से लटकाया जाता है, तो उसका उत्तरी ध्रुव उत्तर दिशा को और दक्षिण ध्रुव दक्षिण दिशा को दर्शाता है। चुंबक के इस विशेष गुण के ज्ञात होने के बाद, लोग चुंबक का उपयोग दिशा जानने के लिए करने लगे।

ocr_image


अब आप समझ गए होंगे कि सम्राट के रथ में लगी मूर्ति चुंबक की बनी थी और उसके हाथ में दक्षिणी ध्रुव था, जो हमेंशा दक्षिण दिशा बताता था।

कंपास या दिक् सूचक : शुरू में यात्री विशेषकर समुद्री यात्री, दिशा ज्ञात करने के लिए चुंबक को किसी धागे से बांध कर लटका दिया करते थे। बाद में चीन में चुंबक के विशेष गुण के आधार पर एक युक्ति विकसित की गयी। इस युक्ति को कंपास का नाम दिया गया। चूँकि कंपास को दिशा के ज्ञान के लिए प्रयोग किया जाता है, इसलिए इसे दिकसूचक भी कहा जाता है।

ocr_image
  • कंपास या दिकसूचक एक छोटी डिब्बी के रूप में होती है, जिसके ऊपर प्राय: एक काँच की ढ़क्कन लगी होती है।

  • इसमें सूई के आकार की एक चुंबक लगी होती है, जो एक धूरी पर स्वतंत्र रूप से घूम सकती है।

  • चुंबकीय सूई के उत्तरी ध्रुव पर 'उ' या 'N' तथा दक्षिणी ध्रुव पर 'द' या 'S' लिखा होता है। तथा कंपास के डायल पर भी सभी दिशाएँ अंकित होती है।

  • चूँकि कंपास में लगी चुंबकीय सूई स्वतंत्र रूप से धूरी पर घूम सकती है, अत: इसका उत्तरी ध्रुव हमेंशा उत्तर दिशा को तथा दक्षिणी ध्रुव दक्षिण दिशा को दर्शाता है।

  • पुराने समय में कंपास का उपयोग प्राय: दिशा ज्ञात करने के लिए किया जाता था, यहाँ तक कि आज भी कंपास का उपयोग दिशा ज्ञात करने के लिए ही किया जाता है।

  • हालाँकि आज स्मार्ट फोन में भी कंपास का सॉफ्टवेयर रहता है, जिसका उपयोग दिशा ज्ञान के लिए किया जाता है।

बिना चुंबक के उपयोग के दिशा ज्ञात करना

बच्चों आप सुबह सूर्य उदय के समय और शाम में सूर्यास्त के समय सूर्य को देखकर भी दिशा का ज्ञात कर सकते हैं।

सूरज पूर्व से उगता है तथा पश्चिम में डूबता है। अत: सूरज को देखकर दिन के समय कोई भी व्यक्ति दिशा को जान सकता है।

ocr_image

किसी एक दिशा का ज्ञान हो जाने पर अन्य दिशाओं को आसानी से ज्ञात किया जा सकता है। जैसे कि कोई व्यक्ति यदि पूर्व की ओर मुँह करके खड़ा हो जाता है, तो उसकी पीठ की ओर पश्चिम दिशा होगी, बायें कंधे की ओर उत्तर दिशा तथा दायें कंधे की ओर दक्षिण दिशा होगी।

ध्रुव तारा हमेंशा उत्तर दिशा में रहता है। अत: रात्रि के समय ध्रुव तारा को देखकर दिशा का ज्ञान किया जा सकता है।

चुंबकों के बीच आकर्षण तथा प्रतिकर्षण

चुंबको में समान धुवों में प्रतिकर्षण होता है। जैसे - उत्तर-उत्तर ध्रुव और दक्षिण-दक्षिण ध्रुव

ocr_image


चुंबको में असमान ध्रुवों में आकर्षण होता है। जैसे - उत्तर-दक्षिण ध्रुवों के बीच।

ocr_image

चुंबकीय पदार्थ को चुंबक बनाना

चुंबक बनाने की बहुत सारी विधियाँ है। आइए हम सबसे सरल विधि सीखते है -

  • सबसे पहले लोहे का एक आयताकार टुकड़ा लीजिए। इसे मेज पर रखिए। अब एक छड़ चुंबक लीजिए और इसका कोई एक ध्रुव लोहे की छड़ के सिरे पर रखिए।

  • चुंबक को बिना हटाए इसे लोहे की छड़ के दूसरे सिरे तक ले जाइए। चुंबक को उठाइए तथा उसी ध्रुव को लोहे के टुकड़े के प्रारंभिक सिरे पर वापस ले आइए।

    ocr_image

  • इसी प्रकार चुंबक को लोहे की छड़ के अनुदिश बार-बार ले जाइए। इस प्रक्रिया को लगभग 30-40 बार दोहराइए।

  • इसके बाद जाँच कीजिए कि क्या लोहे की छड़ चुंबक बन गई है ? इसके लिए कोई पिन अथवा लोहे का बुरादा इसके पास लाइए।

  • यदि यह चुंबक नहीं बना है, तो इस प्रक्रिया को कुछ देर तक और जारी रखिए। ध्यान रखिए की चुंबक का ध्रुव तथा इसे लोहे की छड़ पर रगड़ने की दिशा बदलनी नहीं चाहिए।

  • इस प्रकार हमारा चुंबक तैयार हो जाता है। आप लोहे की कील, सुई आदि को भी इसी प्रकार चुंबक बना सकते है।

चुंबक के उपयोग

हमारे दैनिक जीवन में चुंबक का बड़ा महत्व है। चुंबक के निम्नलिखित उपयोग है -

  • चुंबकों का उपयोग चुंबकीय खिलौनो, लोहे की आलमारी इत्यादि में लगाये जाने वाले स्टिकर्स, विद्युत घंटी, टेलीफोन, विद्युत जनित्र (जनरेटर या डायनमो), टेलीविजन, लाउडस्पीकर इत्यादि में होता है।

    ocr_image

  • सामान्यतः लोहे के कण आँख में चले जाने पर चिकित्सक उसे निकालने हेतु विद्युत चुंबक का उपयोग करते हैं।

  • कई धातुओं के अयस्कों में से लौह अयस्क को चुंबक द्वारा अलग किया जाता है।

  • चुंबकीय कंपास बनाना चुंबक का सबसे महत्वपूर्ण उपयोग है। जिसे हवाई जहाज एवं जलपोत इत्यादि में दिशा जानने हेतु काम में लाया जाता है।

  • लोहे की भारी वस्तुएँ जैसे लोहे की छड़ इत्यादि को उठाने के लिए क्रेन में विद्युत चुंबक का उपयोग किया जाता है।

    ocr_image

  • पिन होल्डर के ऊपरी सिरे पर चुंबक लगा होता है, जिसमें पिन चिपक जाते हैं, जिससे पिन को निकालने में आसानी होती है।

  • रेफ्रिजरेटर, आलमारी आदि के दरवाजे पर भी चुम्बक का प्रयोग किया जाता है, जिससे दरवाजा बंद होने पर आपस में चिपक जाता है।

ocr_image

चुंबकीय रक्षक

चुंबको का चुंबकत्व निम्नलिखित कारणों से नष्ट हो जाता है -

  • चुंबक को पीटने या पटकने से।

  • चुंबक को गर्म करने से।

  • समान ध्रुवों को पास-पास रखने से।

  • सही रख-रखाव नहीं करने से।
ocr_image

अतः आपने देखा की चुंबको का उचित रख-रखाव नहीं करने पर और ऊपर दिए गए कार्यों को करने पर चुंबक अपना गुण (चुंबकत्व) खो देता है। इसलिए जरुरी है कि चुंबको का अच्छे से रख-रखाव करना चाहिए।

चुंबकीय रक्षक : नाल चुंबक के दोनों ध्रुवों पर चिपक सकने वाली नरम लोहे की पट्टी लगा देने से उसका चुंबकत्व गुण नष्ट नहीं होता है।

इसी प्रकार छड़ चुंबकों के चुंबकत्व की रक्षा करने के लिए दो छड़ चुंबक के असमान ध्रुवों को पास-पास रखकर उनके बीच लकड़ी का एक टुकड़ा रख दिया जाता है और सिरों पर नरम लोहे की पट्टियाँ लगा दी जाती है। जैसा की चित्र में दिखाया गया है। नरम लोहे की इन पट्टियों को चुंबकीय रक्षक कहा जाता है क्योंकि इनके लगे होने से चुंबक का चुंबकत्व गुण नष्ट नहीं होता है।

ocr_image

कुछ चेतावनियाँ :
  • चुंबक को गिराना, गर्म करना या चोट नहीं मारना चाहिए।

  • चुंबको को कैसेट, मोबाईल, टेलीविजन, म्यूजिक सिस्टम, सीडी तथा कम्प्यूटर से दूर रखना चाहिए वरना यह ख़राब हो सकते है।

  • दो छड़ चुंबक के बीच में एक लकड़ी का गुटका रखना चाहिए।

  • चुंबक के सिरों पर नरम लोहे के दो टुकड़े लगाने चाहिए।

ocr_image

सारांश

  1. मैग्नेटाइट एक प्राकृतिक चुंबक है।

  2. चुंबक, लौह चुंबकीय पदार्थ जैसे लोहा, निकिल, कोबाल्ट आदि को आकर्षित करता है। ऐसे पदार्थों को चुंबकीय पदार्थ कहते हैं।

  3. जो पदार्थ चुंबक से आकर्षित नहीं होते, ये अचुंबकीय कहलाते हैं।

  4. प्रत्येक चुंबक के दो ध्रुव होते हैं - उत्तरी ध्रुव तथा दक्षिणी ध्रुव।

  5. चुंबक मुख्यतः दो प्रकार के होते है - प्राकृतिक चुंबक और कृत्रिम चुंबक।

  6. स्वतंत्रतापूर्वक लटकाने पर चुंबक सदैव उत्तर-दक्षिण दिशा में आकर रुकता है।

  7. दो चुंबकों के असमान ध्रुव एक-दूसरे को आकर्षित करते हैं, जबकि समान ध्रुवों में परस्पर प्रतिकर्षण होता है।

  8. चुंबक के अनेक उपयोग है जैसे - विद्युत क्रेन, स्पीकर, विद्युत घण्टी आदि में।