Doubtnut Promotions Sticky

पादप में जनन कक्षा 7 विज्ञान

भूमिका

बच्चों इस अध्याय में हम पादपों में होने वाले जनन को समझेंगे कि विभिन्न प्रकार के पादप अपनी प्रजाति की निरंतरता को बनाए रखने के लिए किस प्रकार जनन करते हैं ? क्या आप जानते हैं कि जनन क्या होता है ? तो इस अध्याय में हम जानेंगे कि जनन क्या होता है तथा पादपों में होने वाली जनन की विधियों के बारे में भी विस्तार से चर्चा करेंगे।

जनन

बच्चों सजीवों में अपने ही समान जीव उत्पन्न करने की प्रक्रिया को जनन या गुणन कहते हैं। इसे इस प्रकार भी समझ सकते हैं कि माता और पिता से संतान के जन्म लेने की प्रक्रिया को जनन कहते हैं। जनन एक बहुत ही आवश्यक प्रक्रिया होती है, जिसके द्वारा कोई भी जीव चाहे वह जंतु हो या पादप हो अपने समान जीव उत्पन्न कर सकते हैं। जनन की प्रक्रिया द्वारा नए जीवों का निर्माण होता है, जिससे उस जीव के प्रजाति की निरंतरता लगातार बनी रहती है।

पादप में जनन

जनन की प्रक्रिया पादपों एवं जंतुओं दोनों में ही होती है। आप पादप के अंगों के बारे में तो जानते ही होंगे जैसे जड़, तना तथा पत्तियाँ आदि ये सभी पौधे या पादप के कायिक अंग कहलाते हैं। सामान्यतः पादप में एक निश्चित वृद्धि के बाद पुष्प या फूल खिलने लगते हैं। कुछ समय बाद यही फूल वृद्धि करके फल में परिवर्तित हो जाते हैं।

ocr_image

आप सभी ने आम तो खाया ही होगा यदि आपके आसपास आम का पेड़ होगा तो आपने देखा होगा कि बसंत ऋतु के समय आम के पेड़ में फूल लगते हैं, जिन्हें बौर कहते हैं। यही फूल (बौर) आम में परिवर्तित हो जाते हैं। जिन्हें खाने मे बड़ा मज़ा आता है। आम खाने के समय उसके अंदर बीज निकलता है, जिसे हम यूँही फेंक देते है। इसी बीज से नए पौधे का निर्माण होता है। अतः पुष्प पौधे का जनन अंग होता है।

पादप में जनन के प्रकार

पादपों एवं जंतुओं में जनन एक समान ही होता है। जिसकी विधियाँ बहुत सारी है, परन्तु जनन केवल दो प्रकार से ही होता है। जनन के ये दो प्रकार निम्न हैं -

  1. अलैंगिक जनन

  2. लैंगिक जनन
आइए पादपों में जनन के प्रकारों के बारे मे विस्तार से चर्चा करते हैं -

अलैंगिक जनन

जनन की ऐसी प्रक्रिया जिसमें केवल एक ही जनक के द्वारा अपने ही समान नए जीव (संतान) का निर्माण किया जाता है, उसे अलैंगिक जनन कहते हैं। अलैंगिक जनन में पादपों द्वारा नए पौधों के निर्माण के लिए बीजों की आवश्यकता नहीं होती है। अतः अलैंगिक जनन में नए पादप बीजों अथवा बीजाणुओं के बिना ही उत्पन्न हो जाते हैं। अलैंगिक जनन में नए पौधे के निर्माण के लिए नर एवं मादा दो जनकों की आवश्यकता नहीं होती है, केवल एक जनक ही नए पौधे का निर्माण कर सकता है।

पौधों में अलैंगिक जनन की अनेक विधियाँ हो सकती हैं। जिनमें से कुछ मुख्य विधियाँ निम्न है, जिनके बारे में हम आज पढ़ेंगे -

  • कायिक प्रवर्धन

  • मुकुलन

  • खंडन

  • बीजाणु निर्माण

कायिक प्रवर्धन

यह पौधों में अलैंगिक जनन की एक ऐसी विधि है, जिसमें पौधे के कायिक अंगों जैसे - जड़, तना, पत्ती एवं कली द्वारा नए पौधे का निर्माण होता है। पौधे के कायिक अंगों के द्वारा नए पौधे के निर्माण के कारण अलैंगिक जनन की इस विधि को कायिक प्रवर्धन कहते हैं। प्रवर्धन का अर्थ होता है बढ़ना या वृद्धि होना। अतः इस विधि में जनन पौधे के विभिन्न अंगों के द्वारा होता है।

पौधे के विभिन्न कायिक अंगों में होने वाले कायिक प्रवर्धन को एक-एक करके समझते हैं -

तना : तना पौधे का कायिक अंग होता है। किसी पौधे के तने के द्वारा उसी प्रजाति के नए पौधे उगाए जा सकते हैं। जैसे - गुलाब या चंपा के पौधे के ऐसे तने को काटते है, जहाँ पर्वसंधि उपस्थित होती है। तने का वह भाग जहाँ से पत्तियाँ निकलती हैं, उसे पर्वसंधि कहते हैं तथा तने के ऐसे काटे हुए भाग को कलम या कर्तन कहते हैं।

ocr_image

इसे मिट्टी में लगा देने से तने के इस भाग में कुछ समय बाद वृद्धि होने लगती है। कलम या तने से जड़ें तथा पत्तियाँ निलकने लगती है, इस प्रकार पौधों के तने से एक नए पौधे का निर्माण किया जा सकता है। आपने अपने घर में बड़ों को गमले में गुलाब के कलम लगाते देखा होगा।

बच्चों आप सभी ने पुष्प की कलिकाएँ देखी होंगी, जिससे पुष्प खिलते हैं, इन्हें पुष्पकलिकाएँ कहते हैं। ऐसी ही कलिकाएँ पर्वसंधियों में भी पायी जाती है, जो पत्तियों और पर्वसंधियों के मध्य होता है। इन कलिकाओं से पुष्प नहीं खिलते, अतः ये प्ररोह (पौधे का बढ़ता हुआ भाग) के रूप में विकसित होते हैं, इसलिए इन्हें कायिक कलिकाएँ (मुकुल) कहते हैं। कायिक कलिकाओं से भी नए पौधे का निर्माण किया जा सकता है।

कायिक कलिका के मध्य में छोटा तना होता है तथा चारों तरफ से छोटी-छोटी अपरिपक्व पत्तियों से घिरा रहता है। आपने आलू देखा है ? यदि ध्यान से देखें तो आलू में सफेद रंग की कुछ संरचनाएँ दिखाई देती है, ये संरचनाएँ कालिकाएँ होती है, जिन्हें आँखे भी कहते हैं।

ocr_image

यदि आप आलू के कुछ टुकड़े काटते हैं, तो यह जरूरी है कि प्रत्येक टुकड़े में एक से दो कलिकाएँ या आँख होनी चाहिए। उसे जमीन में मिट्टी में दबा दें, तो आप देखेंगे कि कुछ ही दिनों में कलिकाओं (मुकुल) में जड़ एवं तने विकसित होने लगते हैं, अतः एक नए पौधे का निर्माण होने लगता है। अदरक तथा हल्दी में भी इसी प्रकार नए पौधे का जनन होता है।

पत्ती : कुछ पौधों की पत्तियों में कायिक कलिकाएँ पायी जाती है, जिनसे नए पौधे का निर्माण होता है। जैसे - ब्रायोफिलम (पत्थरचट्टा) पौधे की पत्तियों के गर्त (अंदर) कलिकाएँ (मुकुल) पाए जाते हैं। यदि ब्रायोफिलम की पत्तियाँ नम या आर्द्र मिट्टी में गिर जाती है, तो पत्ती की प्रत्येक कलिकाओं से नए पौधे का निर्माण हो सकता है। इसके पत्ती से कलिकाओं को अलग करके भी मिट्टी में लगा देने से नए पौधे का निर्माण हो सकता है। जैसा की नीचे चित्र में देखा जा सकता है।

ocr_image

जड़ : कुछ पादप की जड़ों से भी नए पौधों का जनन या निर्माण किया जा सकता है। जैसे- शकरकंद और डहेलिया पौधों की जड़ों में कलिकाएँ पायी जाती है। जिनको यदि जमीन (मिट्टी) में दबा दिया जाता है, तो उनसे नए पौधे निकलने लगते हैं। इस प्रकार पौधे की जड़ों से भी नए पौधे उगाए जा सकते हैं।

ocr_image

अन्य अंग : कुछ पादपों के अन्य अंग जो पादप शरीर से टूटकर या विगलित होकर नीचे गिर जाते हैं, वे नए पौधे का निर्माण करते हैं। जैसे कैक्टस तो आप सभी जानते ही होंगे यह एक काँटेदार पौधा होता है। कैक्टस पादप के कुछ भाग मुख्य पौधे से अलग होकर नए पौधे का निर्माण करते हैं। इनका प्रत्येक विगलित हुआ भाग एक नए पौधे को जन्म देता है।

ocr_image

कायिक जनन के लाभ

पादप में होने वाले कायिक जनन के निम्न लाभ हैं -

  • कायिक जनन के लिए उसी पौधे के कायिक अंगों का उपयोग किया जाता है।

  • कायिक प्रवर्धन के द्वारा पौधों को कम समय में ही उगाया जा सकता है क्यूंकी इनका जन्म एक ही जनक के द्वारा होता है।

  • कायिक प्रवर्धन के द्वारा उगे हुए पौधों में पुष्प एवं फल जल्दी लगते हैं।

  • इस विधि द्वारा उत्पन्न होने वाले पौधे अपने जनक के समान ही होते हैं।

  • इस विधि से बीज रहित पौधों को उत्पन्न करना संभव है।

मुकुलन

प्रजनन की वह विधि जिनमें किसी जीव के मुकुल द्वारा नए जीव का निर्माण होता है, उसे मुकुलन कहते हैं। मुकुल किसी जीव के शरीर से निकला वह भाग होता है, जो वृद्धि करके एक नए जीव का निर्माण करता है। यह शरीर का ही एक भाग होता है, जो विकसित शरीर से अलग हो जाता है। हाइड्रा और यीस्ट मे मुकुलन द्वारा जनन होता है। आइए इसे यीस्ट के मुकुलन से समझते हैं -

यीस्ट एक सूक्ष्म जीव होता है, जिसे बिना सूक्ष्मदर्शी के नहीं देखा जा सकता है। यह एककोशिक जीव होता है। यदि इन्हें पर्याप्त भोजन मिले तो ये कुछ ही घंटों में जनन करने लगते हैं। नीचे यीस्ट के जनन को चित्र द्वारा समझा जा सकता है। इसमें यीस्ट से निकले हुए मुकुल को देखा जा सकता है। यही मुकुल वृद्धि करके नए यीस्ट का निर्माण करता है।

ocr_image

कभी-कभी एक यीस्ट से एक के बाद एक मुकुल निकलने लगते हैं, जिससे एक मुकुल शृंखला बनने लगती है। मुकुल द्वारा बनी नई यीस्ट कोशिकाएँ वृद्धि करके फिर से नई यीस्ट कोशिकाओं का निर्माण करते हैं, फिर नई यीस्ट कोशिकाएँ जनन करते हैं। यह प्रक्रिया निरंतर चलती रहती है, देखते ही देखते इनकी संख्या बढ़ती चली जाती है।

खंडन

यह प्रक्रिया बहुकोशिकीय जीवों में होती है। इस प्रक्रिया में पौधा पूर्ण विकसित होने के बाद दो या दो से अधिक टुकड़ों में खंडित (विभाजित) हो जाता है, जिसके बाद प्रत्येक टुकड़ा नए जीव के रूप में वृद्धि करता है। अलैंगिक जनन की इस विधि को खंडन कहते हैं। इस विधि में एक ही जनक पौधे से दो या दो से अधिक नए जीवों का निर्माण होता है। उदाहरण - स्पाइरोगाइरा (शैवाल)

बच्चों आपने तालाब या किसी ठहरे हुए जल में काई (शैवाल) देखा ही होगा। ये गहरे हरे रंग की फिसलनदार रेशों के रूप में होती है तथा जल के ऊपरी सतह में तैरती रहती है। ये शैवाल जल तथा पोषक तत्वों की उपस्थिति में वृद्धि करते हैं तथा तेजी से खंडन विधि द्वारा जनन करने लगते हैं।

ocr_image

ये शैवाल दो या दो से अधिक खंडों (भागों) में विखंडित (विभाजत) हो जाते हैं। जिससे खंडित हुआ प्रत्येक खंड एक नए जीव के रूप में वृद्धि करता है, नए जीव विकसित होकर फिर से नए जीवों का निर्माण करते हैं। अतः यह प्रक्रम निरंतर चलता रहता है, जिससे कुछ ही समय में शैवाल बहुत बड़े क्षेत्र में फैल जाते हैं।

बीजाणु निर्माण

बीजाणु निर्माण की प्रक्रिया केवल पौधों में ही होती है। इस प्रक्रिया में जनक पौधा अपने बीजाणु पेटी में सैकड़ों जनन इकाइयों का निर्माण करते हैं, जिन्हें बीजाणु कहते हैं। जब पौधों की ये बीजाणु पेटी फटती है, तब उससे बीजाणु निकलकर वायु में उड़ते हुए दूर तक बिखर जाते हैं एवं जहाँ इन्हें मृदा एवं पोषक तत्व मिलता है, ये वही नए पौधे के रूप में विकसित होने लगते हैं। कवकों में बीजाणुओं द्वारा जनन होता है।

ocr_image

बीजाणु की संरचना कुछ इस प्रकार होती है कि प्रत्येक बीजाणु चारों तरफ से सुरक्षात्मक आवरण से घिरा रहता है, जो इन्हें उच्च ताप एवं कम आर्द्रता वाले स्थानों में जीवित रखता है। इसलिए बीजाणु अधिक समय तक जीवित रह सकते हैं। मॉस एवं फ़र्न पौधे में भी बीजाणु निर्माण द्वारा होता है।

लैंगिक जनन

यह जनन का ऐसा प्रकार होता है, जिसमें जनन के लिए दो जनको की आवश्यकता होती है। जिसमें से एक जनक नर होता है एवं एक जनक मादा होती है, इस प्रकार से होने वाले जनन को लैंगिक जनन कहते हैं। पौधों में लैंगिक जनन पुष्पों के द्वारा होता है। यदि आपको पुष्प के बारे में पता होगा, तो आप जानते होंगे कि पुष्प पौधे का लैंगिक जनन अंग होता है। जिसमें नर जनन अंग पुंकेसर तथा मादा जनन अंग स्त्रीकेसर होता है। आइए इनके बारे में विस्तार से जानें -

पुंकेसर : यह किसी भी पौधे का नर जनन अंग होता है। पुंकेसर किसी पौधे के पुष्प में उपस्थित होता है। तंतु तथा परागकोश पुंकेसर के मुख्य भाग होते हैं। इसे पौधे का नर जनन अंग इसलिए कहते हैं क्यूंकी इसमें नर युग्मक या परागकण का निर्माण होता है।

ocr_image

स्त्रीकेसर : यह किसी भी पौधे का मादा जनन अंग होता है। यह भी पुंकेसर की तरह पुष्प में ही स्थित होता है। वर्तिकाग्र, वर्तिका, अंडाशय तथा बीजांड स्त्रीकेसर के मुख्य भाग होते हैं। क्यूंकी स्त्रीकेसर में मादा युग्मक या अंड का निर्माण होता है, इसलिए इसे मादा जनन अंग कहा जाता है। यहीं फल एवं बीज का निर्माण होता है।

लैंगिक जनन अंगों या लिंग के अनुसार पुष्प दो भागों में बाँटा जा सकता हैं -

एकलिंगी पुष्प : ऐसे पुष्प जिनमें केवल एक ही जनन अंग या लिंग होते है जैसे या तो केवल पुंकेसर उपस्थित होता है या तो केवल स्त्रीकेसर उपस्थित होता है, ऐसे पुष्प को एकलिंगी पुष्प कहते हैं। कुछ पौधे जैसे - मक्का, पपीता, ककड़ी तथा खीरे के पौधों में एकलिंगी पुष्प होते हैं।

द्विलिंगी पुष्प : ऐसे पुष्प जिनमें दोनों ही जनन अंग उपस्थित होते हैं, उन्हें द्विलिंगी पुष्प कहते हैं। ऐसे पौधों में पुंकेसर तथा स्त्रीकेसर दोनों ही उपस्थित होते हैं। कुछ पौधे जैसे - सरसों, गुलाब तथा पिटूनिया के पौधों में द्विलिंगी पुष्प होते हैं।

अतः इस प्रकार हम समझ सकते हैं कि नर एवं मादा जनन अंग अलग-अलग पौधे में भी उपस्थित हो सकते हैं तथा दोनों एक ही पौधे में भी उपस्थित हो सकते हैं।

लैंगिक जनन की विधि

पादपों में लैंगिक जनन की विधि के लिए निम्न चरण होतें है। जिनके द्वारा पादपों में लैंगिक जनन से नए पौधे का निर्माण होता है, ये चरण निम्न हैं -

युग्मकों का निर्माण : पुष्प के पुंकेसर में तंतु होता है, जिसके ऊपरी भाग में परागकोश होता है। परागकोश में परागकण होते हैं। ये परागकण, नर युग्मकों या नर जनन कोशिकाओं का निर्माण करते हैं। इसी प्रकार पुष्प के स्त्रीकेसर में वर्तिकाग्र, वर्तिका एवं अंडाशय होता है। अंडाशय के अंदर एक या एक से अधिक बीजांड होते हैं, जिससे स्त्रीकेसर में मादा युग्मक (अंड) या मादा जनन कोशिकाओं का निर्माण बीजांड में होता है।

परागण : अब हम जान गए कि पुष्पों में नर एवं मादा जनन कोशिकाओं का निर्माण होता है, जिन्हें युग्मक कहते हैं। अब इन युग्मकों के एक दूसरे तक मिलने के बारे में देखे हैं। परागकणों के चारों ओर एक आवरण होता है, जो परागकणों को सुरक्षा प्रदान करता है। क्यूंकी ये बहुत ही हल्के होते हैं, जिससे ये वायु में आसानी से बिखर सकते हैं।

ocr_image

परागकणों का परागकोश से वर्तिकाग्र तक पहुँचने की प्रक्रिया को परागण कहते हैं। परागण की प्रक्रिया पुष्पों में बैठने वाले कीटों के द्वारा पूर्ण होती है। जब कोई कीट पुष्प पर बैठता है, तो ये परागकण कीट के पैरों में चिपक जाते हैं तथा जब वह कीट उसी प्रकार के किसी अन्य पुष्प में जाकर बैठता है, तो कीट के पैरों में चिपके कुछ परागकण, वर्तिकाग्र में गिर जाते हैं। इस प्रकार परागण की प्रक्रिया पूर्ण होती है।

ocr_image

जब परागकण उसी पुष्प के वर्तिकाग्र में गिरते हैं, तो इसे स्व-परागण कहते हैं एवं जब परागकण उसी प्रजाति के या उसी पौधे के किसी अन्य पुष्प के वर्तिकाग्र में गिरते हैं, तो इसे पर-परागण कहते हैं।

निषेचन : नर तथा मादा युग्मकों के मिलने से युग्मनज का निर्माण होता है। युग्मनज, नर एवं मादा युग्मकों से बनी एक संयुक्त जनन कोशिका होती है। युग्मनज के निर्माण के लिए नर एवं मादा युग्मकों के युग्मन (दो कोशिकाओं का आपस में जुड़ना) की प्रक्रिया को निषेचन कहते हैं। निषेचन द्वारा बना युग्मनज भ्रूण में विकसित होता है।

ocr_image

जब परागकण वर्तिकाग्र तक पहुँचते हैं, तो परागकणओं में अंकुरण होता है। जिससे परागनलिका का विकसित होती है, जो अंडकोशिक तक पहुँचकर भ्रूण का निर्माण करता है। इसे ऊपर चित्र में समझ जा सकता है।

फल और बीज का विकास

निषेचन के पश्चात स्त्रीकेसर का अंडाशय, फल में विकसित होने लगता है। आपने देखा होगा कि जब पुष्प खिलता है, तो ताजा दिखाई देता है। परन्तु कुछ समय बाद वह सुख कर झड़ जाता है तथा अंडाशय विकसित होकर फल का निर्माण करता है। फल तो आप सभी ने खाया होगा जैसे आम, अमरूद, बेर आदि ये सभी स्वाद में बहुत ही अच्छे होते हैं।

ocr_image

रसदार फल के अंदर बीजांड में बीज का निर्माण होता है। जब हम फल खाते हैं, तो उसके अंदर बीज निकलता है, जिसे हम नहीं का सकते है। यही बीज एक नए पौधे को जन्म देता है। बीज बाहर से कठोर होता है, परन्तु इसके अंदर भ्रूण होता है। बाहर का कठोर आवरण इस भ्रूण की रक्षा करता है। जब हम फलों को खाकर बीज को मिट्टी में फेंक देते हैं, तो वह मिट्टी में विकसित होकर एक नए पौधे का निर्माण करते हैं।

बीज प्रकीर्णन

बच्चों आपने एक ही प्रजाति के बहुत से पौधे अलग-अलग स्थानों में देखे होंगे। क्या आपने कभी सोच की ऐसा कैसे होता है ? ऐसा बीजों के प्रकीर्णन के कारण होता है। प्रकीर्णन का अर्थ होता है, फैलना या बिखरना। कभी आप अधिक पेड़-पौधे वाले स्थान में घूमने जाते हैं, तो आपके कपड़ों में कुछ बीज चिपक जाते हैं। यह भी एक प्रकार से बीज प्रकीर्णन की प्रक्रिया ही है।

बीज प्रकीर्णन पौधों के लिए बहुत ही आवश्यक होता है क्यूंकी यदि किसी एक ही प्रकार के पौधे के बीज एक ही स्थान में गिर जायें तथा वहीं नए पौधे भी उगने लगे। तो ऐसी स्थिति में सभी पौधों को पर्याप्त मात्रा में जल, सूर्य प्रकाश, खनिज, लवण आदि नहीं मिल पाएगा तथा उनमें प्रतिस्पर्धा प्रारंभ हो जाएगी। जिसके कारण वहाँ उपस्थित कोई भी पौधा अच्छे से विकसित नहीं हो पाएगा।

इस प्रकार से बीज प्रकीर्णन पौधों के लिए लाभदायक होता है। बीज प्रकीर्णन की सहायता से बीज दूर-दूर तक पहुँच कर अपने नए आवास में स्थापित होते हैं। इससे सभी स्थानों में उस पादप की प्रजाति स्थापित होती है तथा पौधों में जल, प्रकाश, पोषक, तत्व के लिए प्रतिस्पर्धा भी कम होती है। अलग-अलग पौधे के बीजों में बीज प्रकीर्णन भिन्न-भिन्न होता है -

वायु के द्वारा : कुछ पादपों के बीज जैसे - सेहीजन (ड्रमस्टिक) तथा द्विफल (मैपिल) के बीज पंख युक्त होते हैं तथा घासों के बीज, आक (मदार) एवं सूरजमुखी के फल रोमयुक्त होते हैं, जिसके कारण ये वायु में उड़ते हुए दूर स्थानों तक चले जाते हैं।

ocr_image

जल के द्वारा : कुछ पौधों के बीज जल में तैरते हुए एक स्थान से दूर दूसरे स्थान तक चले जाते हैं। इन बीजों की आकृति तंतुमय होती है तथा बाह्य आवरण स्पंजी होता है। जो इन्हें जल में तैरने में सहायता करता है। जैसे - नारियल।

ocr_image

जंतुओं के द्वारा : कुछ काँटेदार बीज जंतुओं के शरीर से चिपक कर उनके साथ एक स्थान से दूसरे स्थान तक चले जाते हैं। इनमें हुक जैसी संरचना होती है, जिससे ये आसानी से चिपक जाते हैं। उदाहरण - यूरेना, जैन्थियम।

ocr_image

अन्य माध्यम द्वारा : कुछ पादपों के फल झटके के साथ फटते हैं, जिससे उनमें उपस्थित बीज पौधे से दूर तक प्रकीर्णित (बिखर) हो जाते हैं। जिससे बीज दूर गिरकर नए पौधे का निर्माण करते हैं। उदाहरण - एरंड और बाल्सम में ऐसे ही बीज प्रकीर्णित होते हैं।

ocr_image

सारांश

  1. सभी सजीवों के द्वारा अपने समान जीव उत्पन्न करने की प्रक्रिया को जनन या प्रजनन कहते हैं।

  2. पादप में जनन दो प्रकार से होता है - अलैंगिक जनन तथा लैंगिक जनन।

  3. ऐसा जनन जिसमें नए जीव के निर्माण के लिए केवल एक ही जनक की आवश्यकता होती है, वह जनन अलैंगिक जनन कहलाता है।

  4. पादप में अलैंगिक जनन की निम्न विधियाँ होती है जैसे - कायिक प्रवर्धन, मुकुलन, खंडन, बीजाणु निर्माण।

  5. जड़, तना, पत्ती व अन्य अंग पादप के कायिक अंग कहलाते हैं। कायिक अंगों से नए पौधे का निर्माण कायिक प्रवर्धन कहलाता है।

  6. ऐसे जनन जिसमें नए जीव के निर्माण के लिए दो जनको की आवश्यकता होती है, वह जनन लैंगिक जनन कहलाता है।

  7. पौधों में लैंगिक जनन के लिए नर जनन अंग पुंकेसर एवं मादा जनन अंग स्त्रीकेसर होते है। ये जनन अंग पौधे के पुष्प में पाए जाते हैं।

  8. एकलिंगी पुष्प में या तो केवल नर जनन अंग होता है या केवल मादा जनन अंग होता है। द्विलिंगी पुष्प में नर एवं मादा दोनों जनन अंग उपस्थित होते हैं।

  9. पादपों के जनन अंगों में युग्मक का निर्माण होता है। पुंकेसर में परागकण तथा स्त्रीकेसर में अंड या अंडाणु पाए जाते है।

  10. किसी पुष्प के परागकण का उसी प्रकार के किसी अन्य पुष्प के वर्तिकाग्र में गिरने की प्रक्रिया को परागण कहते हैं।

  11. नर तथा मादा युग्मकों का युग्मन निषेचन कहलाता है। निषेचन के फलस्वरूप युग्मनज का निर्माण होता है, जो आगे बढ़कर भ्रूण में विकसित होते हैं।

  12. बीज प्रकीर्णन वायु, जल एवं जंतुओं के द्वारा हो सकता है, जिससे पौधों के बीज दूर के स्थानों में पहुँचकर स्थापित हो जाते हैं और नए पौधे का निर्माण करते हैं।