Doubtnut Promotions Sticky

जीवों में श्वसन कक्षा 7 विज्ञान

भूमिका

बच्चों आप सभी ने यह जरूर गौर किया होगा कि जब हम बहुत तेज दौड़ते हैं या कोई व्यायाम करते हैं, तो हम थक जाते हैं और हमारी साँस तेज हो जाती है। क्या आपने कभी सोचा है कि ऐसा क्यों होता है ?

ऐसा श्वसन की क्रिया के कारण होता है। तो इस अध्याय में हम यह जानेंगे कि श्वसन क्या होता है एवं क्यों आवश्यक है ? हमारे शरीर में श्वसन कैसे होता है ? साथ ही जानेंगे कि अन्य जीव और पेड़-पौधों में किस प्रकार से श्वसन होता है ?

श्वसन

वातावरण में उपस्थित ऑक्सीजन युक्त वायु को शरीर के अंदर खींचना या ग्रहण करना और शरीर के अंदर से कार्बन डाइऑक्साइड को बाहर निकालने की प्रक्रिया को श्वसन कहते हैं। श्वसन सभी सजीवों की बहुत ही महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। सभी जीवों में श्वसन होता है। श्वसन एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, जो सभी जीवों में उनके जन्म से मृत्यु होने तक चलती रहती है।

ocr_image

जब एक बार साँस अंदर लेकर उसे बाहर छोड़ते है, तो एक श्वसन चक्र पूर्ण होता है। एक व्यक्ति एक मिनट में जितनी बार श्वसन करता है, वह उसकी श्वसन दर कहलाती है। एक स्वस्थ व्यक्ति विश्राम की अवस्था में एक मिनट में लगभग 15 - 18 बार श्वसन करता है एवं अधिक व्यायाम करने के बाद या तेज दौड़ने के बाद यही श्वसन दर 25 बार प्रति मिनट तक बढ़ जाती है। जब हम थक जाते है, तो हम बहुत तेजी से साँस लेने के साथ लम्बी साँस लेते हैं। जिससे बहुत सी ऑक्सीजन हमारे शरीर में प्रवेश होती है और कार्बन डाइऑक्साइड गैस बाहर निकलती है।

श्वसन की प्रक्रिया दो चरणों में पूर्ण होती है, जो निम्न है -
  • अन्तः श्वसन

  • उच्छ्वसन
आइये इनके बारे में जानें -


अन्तः श्वसन : श्वसन क्रिया में ऑक्सीजन युक्त वायु को शरीर के अंदर ग्रहण करने की प्रक्रिया को अन्तः श्वसन कहते हैं। सामान्य शब्दों में अन्तः श्वसन साँस अंदर लेने की प्रक्रिया है। अन्तः श्वसन में जो वायु हम ग्रहण करते है, उसमें ऑक्सीजन की मात्रा 21% और कुछ मात्रा में कार्बन डाइऑक्साइड 0.04% की मात्रा भी होती है।

ocr_image


उच्छ्वसन : श्वसन क्रिया में कार्बन डाइऑक्साइड गैस को शरीर के बाहर छोड़ने की प्रक्रिया को उच्छ्वसन कहते हैं। अतः यह साँस बाहर छोड़ने की प्रक्रिया है। उच्छ्वसन श्वसन में जो वायु हम बाहर छोड़ते है, उसमें केवल कार्बन डाइऑक्साइड ही नहीं होती है। बल्कि कार्बन डाइऑक्साइड की मात्रा 4.4% और इसके साथ 16.4% ऑक्सीजन गैस भी बाहर छोड़ते है।

ocr_image

श्वसन के प्रकार

श्वसन दो प्रकार के होते है -

  • वायवीय श्वसन

  • अवायवीय श्वसन
आइये इन पर चर्चा करें -

वायवीय श्वसन : श्वसन की वह प्रक्रिया जो केवल ऑक्सीजन की उपस्थिति में होती है, उसे वायवीय श्वसन कहते हैं। इस प्रक्रिया में ऑक्सीजन की उपस्थिति अनिवार्य है। वे जीव जिनके जीवन के लिए ऑक्सीजन आवश्यक होती है, उन्हें वायवीय जीव कहते है।

अवायवीय श्वसन : श्वसन की वह प्रक्रिया जो ऑक्सीजन की अनुपस्थिति में होती है, उसे अवायवीय श्वसन कहते है। ऐसे जीव जिनके जीवन के लिए ऑक्सीजन बिल्कुल भी आवश्यक नहीं होता है, उन्हे अवायवीय जीव कहते है।

वायवीय श्वसन और अवायवीय श्वसन में अंतर

ocr_image

श्वसन की आवश्यकता

हम अपने दैनिक जीवन में बहुत से कार्य करते हैं जैसे - खेलना, पढ़ना, साइकिल चलाना आदि। इन सभी कार्यों को करने के लिए हमारे शरीर को ऊर्जा की आवश्यकता पड़ती है। भोजन हमारे शरीर की ऊर्जा का प्रमुख स्रोत है। हमारे द्वारा ग्रहण किये जाने वाले भोजन की ऊर्जा श्वसन क्रिया द्वारा मुक्त होती है। बच्चों नीचे चित्र में हमारे कुछ दैनिक क्रियाकलापों को प्रदर्शित किया गया है, जिनके लिए हमें ऊर्जा की आवश्यकता होती है।

ocr_image

सभी सजीवों को ऊर्जा की आवश्यकता होती है, जिसके लिए उनमें अलग-अलग प्रकार से श्वसन होता है। श्वसन प्रक्रिया में हम जो ऑक्सीजन अंदर खींचते वह शरीर के अंदर रक्त के माध्यम से सभी कोशिकाओं तक भेजा जाता है। कोशिकाओं में ऑक्सीजन की उपस्थिति में भोजन (ग्लूकोज़) का विखंडन होता है और ऊर्जा मुक्त होती है। इस प्रकार कोशिका द्वारा होने वाले श्वसन को कोशिकीय श्वसन कहते है। कोशिकीय श्वसन सभी जीवों की कोशिकाओं में होता है।

कोशिका के भीतर भोजन का विखंडन कुछ जीवों में केवल ऑक्सीजन की उपस्थिति में ही होता है और कुछ जीवों में ऑक्सीजन की अनुपस्थिति में होता है। ऑक्सीजन की उपस्थिति में कोशिका द्वारा भोजन (ग्लूकोज़) का विखंडन कार्बन डाइऑक्साइड + जल + ऊर्जा में होता है।

ocr_image

कुछ जीवों में ऑक्सीजन की अनुपस्थिति में कोशिका के अंदर भोजन (ग्लूकोज़) का विखंडन होता है जैसे यीस्ट। यीस्ट एक एककोशिकीय जीव है, जो वायु की अनुपस्थिति में जीवित रह सकता है। यीस्ट की कोशिका में भोजन (ग्लूकोज़) का विखंडन ऑक्सीजन की अनुपस्थिति में होता है और ऐल्कोहॉल + कार्बन डाइऑक्साइड + ऊर्जा में विखंडित (टूट) हो जाता है। यीस्ट का उपयोग ऐल्कोहॉल (शराब) बनाने के लिए किया जाता है।

ocr_image

हमारी पेशी कोशिकाओं में भी अवायवीय रूप से श्वसन होता है, परन्तु ऐसा केवल कुछ समय के लिए ही होता है। जब हम अधिक ऊर्जा व्यय वाले कार्य करते है जैसे - लम्बे समय तक दौड़ना, व्यायाम करना, खेलना, अधिक वजन उठाना आदि कार्यों में अधिक ऊर्जा खपत होती है। जिसके लिए हमारी पेशीय कोशिकाओं को अधिक मात्रा में ऑक्सीजन की आवश्यकता होती है, परन्तु ऊर्जा उत्पन्न करने के लिए हमारे शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा सीमित होती है। ऐसे समय में हमारी पेशीय कोशिकाओं में अवायवीय श्वसन द्वारा ऊर्जा उत्पन्न होती है।

ocr_image

ऊपर दिए क्रिया में हमने देखा कि पेशी कोशिका में भोजन के आंशिक या अल्प विखंडन में ऊर्जा के साथ-साथ लैक्टिक अम्ल का निर्माण भी होता है। जब हम लम्बे समय तक व्यायम करते है, तो हमारे हाथ पैरों की पेशियों में ऐंठन या अकड़न महसूस होता है। यह पेशी कोशिका में लैक्टिक अम्ल के संचय या जमा हो जाने के कारण होता है। मालिश करवाने या गर्म पानी से स्नान करने से अकड़न से आराम मिलती है क्यूंकि गर्म पानी से स्नान करने तथा मालिश करवाने से शरीर में रक्त का संचार बढ़ जाता है तथा पेशीय कोशिकाओं तक उपयुक्त मात्रा में ऑक्सीजन पहुँच जाती है और लैक्टिक अम्ल को कार्बन डाइऑक्साइड और जल में पूर्ण रूप से विखंडित कर देता है।

मनुष्यों में श्वसन

हमने श्वसन के बारे में तो जान लिया। अब हम जानेंगे कि मनुष्यों में श्वसन कैसे होता है ? मनुष्य में श्वसन की क्रिया विभिन्न अंगों के द्वारा पूर्ण होती है, जो निम्न है -

  • नासा गुहा

  • ग्रसनी

  • कंठ

  • श्वासनली

  • वक्षगुहा

  • फेफड़े

  • डायाफ्राम

ocr_image

ऊपर दिए चित्र में मनुष्य के श्वसन तंत्र और उसके अंगों को दिखाया गया है। आइये मनुष्य में श्वसन क्रिया को समझें -

नासा गुहा : हम अपने नाक से श्वास अंदर लेते हैं। हमारे नाक के द्वार को नासा गुहा कहते हैं, जैसा की चित्र में दिखाया गया है। नासा गुहा से हम साँस अंदर लेते और बाहर छोड़ते है। नासा गुहा में छोटे-छोटे बाल होते है, जो वायु अंदर लेने के समय वायु में उपस्थित धूल के कणों को अंदर जाने से रोक देते है।

कभी-कभी कुछ धूल के कण नासा द्वार से बिना छने अंदर चले जाते है। जो पहुँचकर गुहा की कोमल परत को उत्तेजित कर देते है, जिसके कारण हमें छींक आती है। छींकने के साथ सभी अवांछित कण वायु के साथ बाहर कर दिए जाते है और केवल स्वच्छ वायु ही शरीर के अंदर जाती है। छींकते समय शरीर से बहुत से अवांछित कण बाहर निकलते है, जो अन्य व्यक्तियों के शरीर में प्रवेश कर सकते हैं। इसलिए हमेंशा छींकते समय मुँह और नाक को कपड़े से ढकना चाहिए।

ग्रसनी : नासा गुहा ग्रसनी से जुड़ी होती है। वायु और भोजन दोनों ग्रसनी के माध्यम से ही शरीर में प्रवेश करते है। नासा गुहा से प्रवेश हुई वायु ग्रसनी से होकर आगे बढ़ती है।

कंठ : ग्रसनी से आगे कंठ उपस्थित होता है। इसे स्वरयंत्र भी कहते हैं क्यूंकि कंठ के कारण ही हम बोल पाते हैं या हमारी आवाज कंठ के कारण ही निकलती है। ग्रसनी के बाद वायु कंठ से होकर गुजरती है।

श्वासनली : श्वासनली प्रायः साढ़े चार इंच लम्बी एवं बीच से खोखली होती है। यह ग्रसनी से होते हुए नीचे वक्षगुहा में चली जाती है। वहाँ यह दो भागों में बट जाती है। एक बाएं फेफड़े में और दूसरी दाएं फेफड़े में चली जाती है। इसके द्वारा ही वायु फेफड़े तक पहुँचती है और बाहर निकलती है।

वक्षगुहा : मनुष्य में गर्दन के नीचे छाती के भीतरी भाग को वक्षगुहा कहते है। वक्षगुहा में महत्वपूर्ण अंग स्थित होते हैं जैसे हृदय, फेफड़े आदि। वक्षगुहा पार्श्व (अगल-बगल) से पसलियों से ढकी रहती है। श्वसन करते समय वक्षगुहा के आकार में गति होती है।

फेफड़े : सभी मनुष्यों में दो फेफड़े दाएं एवं बाएं दोनों ओर स्थित होते है, जो वक्षगुहा में उपस्थित होते है। श्वास नली के द्वारा वायु फेफड़ों तक पहुँचता है। मनुष्य के फेफड़े सपंज के समान फुफ्फुस और चिकने होते है। फेफड़े के अंदर शाखित श्वसनिकाएँ पायी जाती है, जिन्हें कुपिका कहते है।

डायाफ्राम : यह सबसे नीचे की एक बड़ी पेशीय परत होती है, जो वक्षगुहा को आधार प्रदान करती है। जब हम साँस अंदर लेते है, तो डायाफ्राम नीचे की ओर गति करता है और पसलियाँ ऊपर और बाहर की ओर गति करते है। जिससे फेफड़ों में वायु भर जाती है और फेफड़े फूल जाते है तथा वक्षगुहा का आयतन बढ़ जाता है।

ocr_image

जब हम साँस छोड़ते है, तो पसलियाँ अंदर और नीचे की ओर गति करने लगते है तथा डायाफ्राम ऊपर की ओर गति करने लगता है, जिससे वक्षगुहा का आयतन कम हो जाता है। इस क्रिया को अच्छे से समझने के लिए आप एक लम्बी साँस लें आप देखेंगे की आपकी छाती फूल जाती है और बड़ी दिखाई पड़ती है तथा साँस छोड़ने पर वह वापस अपनी पुरानी आकृति में आ जाती है। इस प्रक्रिया को ऊपर दिए चित्र में देख कर भी अच्छे से समझा जा सकता है।

अन्य जंतुओं में श्वसन

गाय, कुत्ता, बिल्ली, साँप, बकरी, छिपकली, मेंढक, पक्षी आदि जंतुओं के वक्षगुहा में भी मनुष्यों के समान फेफड़े पाए जाते है। अतः इनमें मनुष्यों के समान ही श्वसन क्रिया होती है। अलग-अलग वर्गों के जीवों में श्वसन के लिए भिन्न-भिन्न अंग होते है व श्वसन की प्रक्रिया भी अलग-अलग होती है। आइये कुछ जीवों के बारे में जानें जिनमें मनुष्यों से अलग श्वसन प्रणाली पायी जाती है -

  • कॉकरोच

  • केंचुआ
इनमें होने वाले श्वसन को समझें -

कॉकरोच : कॉकरोच एवं अन्य कीटों के शरीर के पार्श्व भाग अर्थात इनके शरीर के दाएं एवं बाएं दोनों तरफ छोटे-छोटे रंध्र (छिद्र) पाए जाते है। इन रंध्रों (छिद्रों) को श्वास रंध्र कहते है। कीटों में वायु नलियों का जाल बिछा होता है, जिसे श्वासप्रणाल या वातक कहते है। श्वासप्रणाल में ही गैसों का विनिमय (अदल-बदल) होता है। श्वास रंध्र एवं श्वासप्रणाल केवल कीटों में ही पाया जाता है। किसी भी अन्य प्राणियों में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं पायी जाती है। नीचे चित्र में कॉकरोच के श्वसन तंत्र को देखा जा सकता है।

ocr_image

श्वास रंध्रों से ऑक्सीजन युक्त वायु श्वासप्रणाल में जाती है और अंत में कोशिकाओं में पहुँच जाती है। इसी प्रकार कोशिकाओं से कार्बन डाइऑक्साइड श्वासप्रणाल में आता है और फिर श्वास रंध्रों से बाहर निकाल दिया जाता है। इस प्रकार कीटों में श्वसन क्रिया पूर्ण होती है।

केंचुआ : केंचुआ एवं जोंख अपनी त्वचा के माध्यम से श्वसन करते है। इनकी त्वचा नम एवं श्लेष्मीय (चिपचिपी) होती है। जिसके कारण इससे गैसों का आवागमन आसानी से हो जाता है। मेंढक में फेफड़े पाए जाते है, परन्तु वह अपनी नम एवं श्लेष्मीय त्वचा से भी श्वसन कर सकते है। नीचे चित्र में केंचुए के श्वसन तंत्र को देखा जा सकता है।

ocr_image

जलीय जीवों में श्वसन

जलीय जीवों में श्वसन के अंग अन्य जीवों से बिल्कुल भिन्न होते है। जलीय जीव जल में ही रहते है, इसलिए वे जल में घुले ऑक्सीजन का उपयोग श्वसन के लिए करते है। जल में श्वसन करने के लिए जलीय जीवों में गिल या क्लोम (गलफड़ा) पाया जाता है।

ocr_image

ऊपर दिए चित्र में मछली जो एक जलीय जीव है, उसके श्वसन तंत्र को दर्शाया गया है। गिल या क्लोम त्वचा से बाहर निकले होते है। ये क्लोम जल में घुली हुई वायु (ऑक्सीजन) का अवशोषण करते हैं। क्लोम में अधिक संख्या में रक्त वाहिनियाँ पायी जाती है, जिनसे गैसों का आदान-प्रदान आसानी से होता है।

पादपों में श्वसन

पेड़-पौधे भी अन्य जीवों के समान ही सजीवों की श्रेणी में आते हैं अतः पेड़-पौधों में भी अन्य जीवों के समान श्वसन क्रिया होती है। ये वायु में उपस्थित ऑक्सीजन को ग्रहण करते है। पादपों में भी अन्य जीवों की भाँति कोशिकाओं में ऑक्सीजन की उपस्थिति में ग्लूकोज़ का विखंडन कार्बन डाइऑक्साइड और जल में होता है एवं कार्बन डाइऑक्साइड को बाहर निकाला जाता है। पादपों में प्रत्येक भाग वायु में उपस्थित ऑक्सीजन को ग्रहण करके कार्बन डाइऑक्साइड मुक्त कर सकता है।

ocr_image

पादप की पत्तियों में छोटे-छोटे छिद्र पाए जाते है, जिन्हें रंध्र कहते है। इन रंध्रों के द्वारा गैसों का आदान-प्रदान आसानी से हो जाता है। पौधों की मूल (जड़ें) भी श्वसन करती है। जैसे कि ऊपर चित्र में दर्शाया गया है। ये मिट्टी के कणों के मध्य में उपस्थित वायु का अवशोषण करके श्वसन करती है। जड़ों को भी ऊर्जा की आवश्यकता होती है, इसलिए पौधों की जड़ों में भी श्वसन होता है।

सारांश

  1. ऑक्सीजन को साँस द्वारा अंदर लेने और कार्बन डाइऑक्साइड को शरीर से बाहर निकालने की प्रक्रिया को श्वसन कहते है।

  2. श्वसन की क्रिया दो चरणों में पूर्ण होती है - श्वास अंदर लेना अन्तः श्वसन और श्वास बाहर छोड़ना उच्छ्वसन।

  3. श्वसन के दो प्रकार होते है - वायवीय श्वसन, जो ऑक्सीजन की उपस्थिति में होती है और अवायवीय श्वसन, जो ऑक्सीजन की अनुपस्थिति में होती है।

  4. श्वसन की प्रक्रिया में अंदर ली गयी ऑक्सीजन कोशिकाओं में पहुँचकर भोजन (ग्लूकोज़) का विखंडन करके ऊर्जा मुक्त करती है, जो सभी कार्यों के लिए बहुत महत्वपूर्ण होती है।

  5. ग्लूकोज़ का विखंडन जीव की कोशिकाओं में होता है, जिसे कोशिकीय श्वसन कहते है।

  6. मनुष्यों में श्वसन के लिए फेफड़े पाए जाते हैं। इसी प्रकार अन्य जंतुओं में जैसे - गाय, बिल्ली, शेर, साँप, छिपकली आदि में भी फेफड़े पाए जाते है।

  7. कीटों में श्वसन के लिए श्वास रंध्र और श्वासप्रणाल पाए जाते है, जो केवल कीटों में ही पाए जाते है।

  8. केंचुआ और जोंख में श्वसन उनकी त्वचा के माध्यम से होता है।

  9. जलीय जीवों में गिल या क्लोम पाया जाता है, जो जल में घुले ऑक्सीजन का अवशोषण करते है।

  10. पादपों में सभी अंगों में उपस्थित रंध्रों के द्वारा श्वसन क्रिया संपन्न होती है।