Doubtnut Promotions Sticky

मृदा कक्षा 7 विज्ञान

भूमिका

आप सभी ने अपने आस-पास जमीन में मृदा या मिट्टी देखा ही होगा। मिट्टी बहुत अधिक उपयोगी पदार्थ है। इसके उपयोग से बहुत सी वस्तुओं का निर्माण किया जाता है। मिट्टी में ही अनाज उत्पन्न होता है, जो हमारे भोजन का प्रमुख स्रोत है।

अतः इस अध्याय में हम मृदा के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे कि मृदा का निर्माण कैसे होता है ? मृदा के गुण और इसके उपयोग के बारे में पढ़ेंगे। साथ ही साथ यह भी जानेंगे कि मृदा का प्रदुषण और अपरदन कैसे होता है तथा इसे रोकने के उपाय क्या है ? तो चलिए अध्याय को शुरू करते है।

मृदा का परिचय

पृथ्वी की सतह के ऊपर में पाए जाने वाले अनेक छोटे बारीक कणों के मिश्रण को मृदा कहते हैं। मृदा में बहुत से कार्बनिक और अकार्बनिक पदार्थ मिश्रित होते है। साथ ही साथ जीवाणु, बैक्टीरिया जैसे सूक्ष्म जीव और पादपों के अवशेष भी मिट्टी में पाये जाते है। मृदा एक प्राकृतिक संसाधन है, जो सभी स्थानों में पाया जाता है। आपने देखा होगा कि मिट्टी का रंग भूरा या काला होता है। मृदा या मिट्टी पेड़-पौधों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण होता है, पेड़-पौधे मिट्टी से ही सभी पोषक तत्व प्राप्त करते हैं। मिट्टी भूमि की सतह से लेकर भूमि में बहुत गहराई तक पायी जाती है। मिट्टी में बहुत से जीव भी पाए जाते हैं। कृषि के लिए मृदा सबसे आवश्यक तत्व है। अतः यह कहना गलत नहीं होगा कि मृदा जीवन से भरपूर होती है।

ocr_image

मृदा का निर्माण

बच्चों आपने मृदा सभी जगह ही देखा है, परन्तु क्या आप जानते है कि मृदा का निर्माण कैसे होता है ? मृदा मुख्यतः चट्टानों (शैलों) के टूटने-फूटने से बनती है। वायु, वर्षा (जल) जैसी प्राकृतिक घटनाओं के कारण चट्टानें (शैल) टूटकर कणों में परिवर्तित हो जाते है और मिट्टी का निर्माण करते हैं। इस प्रकार चट्टानों (शैलों) के मिट्टी में परिवर्तन की प्रक्रिया को अपक्षय कहते हैं। मृदा की प्रकृति अलग-अलग हो सकती है क्यूंकि मृदा का निर्माण अलग-अलग प्रकार के चट्टानों के अपक्षय से होता है।

ocr_image

मृदा में पाए जाने वाले सड़े-गले पदार्थों को ह्यूमस कहते है। ये ह्यूमस मिट्टी में मिलकर पौधों को पोषक प्रदान करते है। किसी भी मृदा की प्रकृति उन चट्टानों पर निर्भर करती है, जिनसे उनका निर्माण होता है। इस कारण सभी जगह की मृदा में भिन्नता पायी जाती है। किसी स्थान की मृदा की प्रकृति उस स्थान की जलवायु पर भी निर्भर करती है। यदि नम जलवायु है, तो मिट्टी की प्रकृति नम होगी। यदि गर्म जलवायु है, तो मिट्टी की प्रकृति शुष्क या सुखी होगी।

मृदा के प्रकार

हम जान चुके हैं कि मृदा बहुत से छोटे और मध्यम आकार के कणों से मिलकर बने होते है। अतः कणों के आधार पर मृदा 3 प्रकार के होते है, जो निम्न है -

  • बलुई मृदा

  • मृण्मय मृदा

  • दुमटी मृदा

ocr_image


आइये मृदा के इन प्रकारों के बारे में जाने -

बलुई मृदा : जिस मृदा में बड़े कणों की मात्रा अधिक होती है, उन्हें बलुई मृदा कहते है। बलुई मृदा में बालू या रेत की मात्रा अधिक होती है, इस कारण इसका नाम बलुई पड़ा। बलुई मृदा के कणों का आकार बड़ा होने के कारण इनके कण एकदम पास-पास चिपके हुए नहीं रहते। अतः इनके कणों के मध्य में रिक्त स्थान रहता है, जिसमें वायु होती है। कणों के बीच रिक्त स्थान या वायु होने के कारण जल इन रिक्त स्थानों से आसानी से गुजर जाती है। इस कारण से बलुई मृदा की जल धारण क्षमता कम होती है और यह मृदा हल्की और शुष्क (सुखी) होती है। इस मिट्टी में गेहूँ, मक्का, दलहन, जौ, बाजरा आदि उगाया जा सकता है।

ocr_image

बलुई मृदा के उपयोग : बलुई मृदा विभिन्न प्रकार से उपयोगी होती है, जो निम्न है -
  • अधिक पोषक तत्वों की उपस्थिति के कारण बलुई मृदा को कृषि के लिए बहुत ही उपयुक्त माना जाता है।

  • अधिकांश पौधों की किस्मों को उगाने के लिए बलुई मिट्टी उपयुक्त होती है।

  • बलुई मृदा का उपयोग ईंट बनाने के लिए भी किया जाता है।

  • गावों में भवन निर्माण के लिए भी बलुई मिट्टी का उपयोग किया जाता है।
मृण्मय मृदा : जिस मृदा में छोटे-छोटे कणों की मात्रा अधिक होती है, तो उस मृदा को मृण्मय मृदा कहते हैं। मृण्मय मृदा को मृतिका या चिकनी मिट्टी भी कहते हैं। मृतिका में बहुत ही सूक्ष्म कण होते है, जिनके बहुत पास-पास होने के कारण इन कणों के मध्य रिक्त स्थान बहुत छोटे होते है। जिसमें जल रुक जाता है। मृतिका या चिकनी मिट्टी में जल धारण क्षमता अपेक्षाकृत अधिक होती है। जल धारण क्षमता अधिक होने की वजह से यह बलुई मृदा से भारी होता है। इसमें ह्यूमस पाया जाता है।

ocr_image

मृण्मय मृदा के उपयोग : मृण्मय मृदा के गुणों के आधार पर इनका उपयोग बहुत से कार्यों में किया जाता है, जो निम्न है -
  • मृण्मय मृदा का उपयोग मिट्टी के खिलौने, मिट्टी के घड़े, बर्तन, मूर्ति आदि बनाने किया जाता है।

  • मृण्मय मृदा को धान की फसलों के लिए उपयोगी माना जाता है।
दुमटी मृदा : जिस मृदा में छोटे और बड़े दोनों कणों की मात्रा समान होती है, तो ऐसी मृदा को दोमट या दुमटी मृदा कहते हैं। दोमट मृदा के कण आकार में बलुई मृदा और मृण्मय मृदा के मध्य का रूप होता है। इसकी जल धारण क्षमता पौधों की वृद्धि के लिए एकदम ही उचित होती है क्यूंकि इसमें जल और वायु के लिए रिक्त स्थान उचित मात्रा में होते है।

यह गाद के रूप में भी पाया जाता है। गाद नदी या जलाशयों के अंदर सतह में एकत्र रूप में पाए जाते है। इसमें फास्फोरस और ह्यूमस की मात्रा अधिक होती है। दोमट मिट्टी को कपास, सोयाबीन, मूंगफली, सरसों, तिलहन फसलें, सब्जियों, फलों आदि की फसलों के लिए बहुत उपयोगी माना जाता है।

ocr_image

दुमटी मृदा के उपयोग : दुमटी मृदा के उपयोग निम्न लिखित है -
  • दोमट मृदा को पौधों को उगाने के लिए शीर्ष मृदा (मिट्टी की सबसे ऊपरी परत) के रूप में बहुत उपयोगी माना जाता है।

  • दोमट मिट्टी बागवानी तथा कृषि कार्यों के लिए उत्तम मानी जाती है।

  • दोमट मिट्टी को कपास, सोयाबीन, मूंगफली, सरसों, तिलहन फसलें, सब्जियों, फलों आदि की फसलों के लिए बहुत उपयोगी माना जाता है।

मृण्मय मृदा और बलुई मृदा के बीच अंतर

ocr_image

मृदा परिच्छेदिका

बच्चों हम जानते हैं कि मृदा भूमि की सतह से लेकर भूमि के अंदर गहराई तक स्थित होती है। यदि हम पृथ्वी को ऊर्ध्वाधर काटकर देखेंगे, तो हमें पता चलेगा कि जैसे-जैसे हम सतह से नीचे की ओर देखते जाते है, तो हमें मृदा की विभिन्न स्तरें क्रम में दिखाई पड़ती है। अतः भूमि के नीचे मृदा के स्तरों के क्रम और आकृति को मृदा परिच्छेदिका कहते हैं।

ocr_image

भूमि के नीचे मृदा और शैलों की अलग-अलग परत होती है। सभी परतें एक दूसरे से स्पर्श, रंग, गहराई और रासायनिक संघटक में भिन्न होती है। सामान्यतः हम मृदा की सबसे ऊपरी परत को ही देख पाते है। अन्य परतों को देखने के लिए किसी खान (खदान) जो नयी-नयी खोदी गई हो, वहाँ जाकर देखा जा सकता है और भी कई स्थान है, जहाँ मृदा परिच्छेदिका को देखा जा सकता है। जैसे - पहाड़ों के सड़क के किनारे, किसी ईमारत की नीव खोदते समय, कुएँ की खुदाई के समय आदि स्थानों में।

मृदा परिच्छेदिका की मुख्य 4 परतें होती है, जो निम्न है -
  • A संस्तर स्थिति

  • B संस्तर स्थिति

  • C संस्तर स्थिति

  • आधार शैल
आइये इनके बारे में विस्तार से जानें -

A संस्तर स्थिति : संस्तर का अर्थ होता है परत। यह मृदा की सबसे ऊपरी परत होती है, इसलिए इसे A संस्तर स्थिति या शीर्ष मृदा कहते है। इस परत को हम आसानी देख सकते है और इसी में कृषि की जाती है। इस परत की मृदा गहरे रंग की होती है क्यूंकि इस परत में ह्यूमस और खनिज की मात्रा भरपूर होती है।

A संस्तर की मृदा सरंध्र (छिद्रयुक्त) और जल धारण की क्षमता भी अधिक होती है। मृदा की इस परत में बहुत से जीव जैसे - कीड़े-मकोड़े, केंचुए, सूक्ष्म जीव, चूहे आदि और भी बहुत से जीव वास करते है। सभी पेड़-पौधे इसी परत में उगाये जाते है। छोटे पौधों की जड़ें शीर्ष मृदा में ही फैली होती है।

B संस्तर स्थिति : शीर्ष मृदा के नीचे वाली परत को B संस्तर या मध्य परत कहते है। मृदा की इस परत में ह्यूमस की मात्रा शीर्ष मृदा से कम होती है, परन्तु खनिज की मात्रा अधिक होती है। इस परत की मृदा कुछ चिकनी होने के कारण कठोर और घनी (पास-पास) होती है।

C संस्तर स्थिति : मध्य परत के नीचे वाली परत C संस्तर या तीसरी परत कहलाती है। इस परत से पृथ्वी का चट्टानी भाग शुरू होता है। यह परत दरारों और चट्टानों के छोटे टुकड़ों से मिलकर बने होते है।

आधार शैल : यह परत सबसे निचले भाग में होती है। यह परत आधार शैल (चट्टानों) से बने होते है। ये इतने कठोर होते है कि इन्हें फावड़े से आसानी से नहीं खोदा जा सकता क्यूंकि इनमें कड़ी चट्टानें होती है।

मृदा के गुण

मृदा के अलग-अलग प्रकारों का उपयोग उनके गुणों के आधार पर किया जाता है। विभिन्न प्रकार की मृदा का उपयोग अलग-अलग कार्यों के लिए किया जाता है जैसे - खेती करने के लिए, मिट्टी के खिलौने और बर्तन बनाने के लिए, ईंट और घर बनाने के लिए आदि। परन्तु सभी मृदा में जल धारण का एक सामान्य गुण पाया जाता है। इस गुण के कारण जल अन्तः स्त्रवण की क्रिया होती है। आइये इसके बारे में जानें -

जल अन्तः स्त्रवण : जल अन्तः स्त्रवण की क्रिया में भूमि में स्थित मृदा से होकर जल भूमि के अंदर प्रवेश करती है, जिसके कारण भू-जल स्तर बना रहता है। अन्य पदार्थों जैसे चट्टानों, पत्थरों, फर्श आदि में जल अन्तः स्त्रवण की प्रक्रिया नहीं होती है। यह मृदा का एक विशेष गुण होता है। इस प्रक्रिया में मृदा द्वारा जल का अवशोषण होता है। अलग-अलग मृदा में जल अन्तः स्त्रवण कम या ज्यादा हो सकता है।

ocr_image

इसे इस प्रकार से देखा जा सकता है कि जब हम फर्श पर जल डालते है, तो जल पूरे फर्श में फैलने लगता है। इसी जल को जब मिट्टी वाली भूमि में या कच्ची सड़क में डालते है, तो मृदा जल का अवशोषण कर लेती है और जल गायब हो जाता है। ऐसा इसलिए होता है क्यूंकि फर्श में जल अवशोषण का गुण नहीं होता है और मृदा में जल अवशोषण का गुण पाया जाता है।

जल अन्तः स्त्रवण की दर : किसी भी स्थान की मृदा के जल अन्तः स्त्रवण की दर ज्ञात करने के लिए एक प्रक्रिया का उपयोग किया जाता है। इस प्रक्रिया में मृदा वाले स्थान के जमीन पर एक खोखली पाइप को आधा गड़ा देते है और एक बीकर में एक निश्चित मात्रा में जल लेते है और उस पाइप में डालते है। पाइप में जल डालने के समय और जब पाइप का पूरा जल मृदा द्वारा अवशोषित हो जाता है, तो उस समय को नोट कर लेते है। फिर इन मानों को अन्तः स्त्रवण सूत्र में रखते हैं और जल अन्तः स्त्रवण की दर ज्ञात कर लेते है।

ocr_image

नीचे जल अन्तः स्त्रवण की दर ज्ञात करने का सूत्र दिया गया है -

सूत्र - अन्तः स्त्रवण दर mLmin = जल की मात्रा (mL)/अंतःस्त्रवण अवधि (min)

मृदा में नमी

मृदा में जल की मात्रा होती है, जो नमी के रूप में संचित होती है। गर्मी के दिनों में आप किसी मैदानी स्थान में या खेत वाले स्थान में जाते है, तो आपने देखा होगा कि भूमि के ऊपर की वायु कंपदीप्त हो रही है या ऐसा प्रतीत होता है कि वह स्थान धुंधला या कम्पन्न होता हुआ दिखाई पड़ता है। ऐसा इसलिए होता है क्यूंकि गर्मी के समय मृदा में उपस्थित नमी, वाष्प बनकर ऊपर उठने लगती है। यह वाष्प वायु को सघन या घना कर देती है, जिसके कारण सूर्य प्रकाश के परावर्तन के कारण हमें मृदा के ऊपर की वायु कंपदीप्त दिखाई पड़ती है।

यह घटना दर्शाती है कि मृदा में उचित मात्रा में नमी उपस्थित होती है। जिसका वाष्पन सूर्य प्रकाश के द्वारा होता है।

मृदा द्वारा जल का अवशोषण

हम जान ही चुके हैं कि जल का मृदा में अवशोषण होता है। मृदा के कणों के मध्य जो रिक्त स्थान होता है, उनके अनुसार मृदा के जल धारण क्षमता का निर्धारण होता है। सभी प्रकार की मृदा में जल का अवशोषण एक समान मात्रा से नहीं होता है, अतः अलग-अलग प्रकार की मृदा में जल अवशोषण की क्षमता भी अलग-अलग होती है।

ocr_image

मृदा द्वारा होने वाले जल अवशोषण के प्रतिशत को ज्ञात करने की प्रक्रिया को नीचे दिए उदाहरण के द्वारा समझा जा सकता है।

उदाहरण : एक प्लास्टिक की कीप में फिल्टर पेपर को मोड़कर लगाया जाता है और उसमें 50 ग्राम(g) सुखी मिट्टी का चूर्ण डाला जाता है। एक मापक बीकर या सिलेण्डर में जल मापकर लेते हैं। अब इस जल को बूँद-बूँद करके कीप में डालते है, इसके लिए ड्रॉपर का उपयोग कर सकते है। जल को सभी ओर मृदा को गिला करते हुए डालते हैं। जल को तब तक डालते हैं, जब तक की मृदा पूरी तरह भीग न जाये और रिसकर कीप में गिरना प्रारम्भ न कर दे।

ocr_image

जब जल रिसकर कीप में गिरना प्रारम्भ हो तब जल डालना रोक दें। अब मापक सिलेंडर में जल का आयतन देखें कि कितना जल खत्म हुआ है ? इसे नीचे दिए सूत्र की सहायता से मृदा द्वारा होने वाले जल अवशोषण के प्रतिशत को ज्ञात किया जाता है।

मृदा का द्रव्यमान (भार) - 50 ग्राम(g)
मापन सिलेण्डर में जल का प्रारम्भिक आयतन - U mL
मापन सिलेण्डर में जल का अंतिम आयतन - V mL
मृदा द्वारा अवशोषित जल का आयतन - (UV) mL
मृदा द्वारा अवशोषित जल का द्रव्यमान - (UV) g
(1 mL जल का द्रव्यमान 1 g के बराबर होता है )

अवशोषित जल का प्रतिशत =UV50×100

मृदा और फसलें

भारत एक कृषि प्रधान देश है, यहाँ के सभी क्षेत्रों में विभिन्न प्रकार की फसलें उगाई जाती है। फसल का चुनाव उस क्षेत्र की जलवायु और मिट्टी पर निर्भर करती है और किसी स्थान की जलवायु का प्रभाव वहाँ पायी जाने वाली मृदा का निर्धारण करती है। भारत के सभी क्षेत्रों में अलग-अलग प्रकार की मृदा पायी जाती है। जैसे कहीं मृण्मय मृदा, कहीं दुमटी मृदा तो कहीं बलुई मृदा पायी जाती है।

किसी भी स्थान के जलवायवीय कारक जैसे - पवन, वर्षा, ताप और आर्द्रता उस क्षेत्र के मृदा परिच्छेदिका पर प्रभाव डालते हैं। जिससे उस स्थान में मृदा की संरचना में परिवर्तन होता है। किसी क्षेत्र में उगने वाली विशेष वनस्पति और फसल उस क्षेत्र की जलवायु और मृदा पर निर्भर करती है।

मृदा के आधार पर फसलों का चुनाव : सभी प्रकार की मृदा सभी प्रकार के फसलों के लिए उपयुक्त नहीं होती है। इसके लिए उपयुक्त मृदा में उचित फसल उगाया जाता है, जैसे -

  • दुमट या दुमटी मृदा सभी प्रकार के दलहन फसलों के लिए उपयुक्त होती है, क्यूंकि इसमें जल निकासी उचित मात्रा में होती है।

  • कपास के लिए बलुई दुमट या दुमटी मृदा को अच्छा माना जाता है क्यूंकि इसमें जल निकासी आसानी से हो जाता है और वायु भी पर्याप्त मात्रा में मिलती है।

  • मृण्मय मृदा धान और गेहूँ की फसल के लिए उपयुक्त होती है क्यूंकि इसकी जल धारण क्षमता अधिक होती है और यह सभी जैव पदार्थों एवं ह्यूमस से संपन्न होता है, जो इस फसल के लिए बहुत ही उपयोगी है।

मृदा से वस्तुएँ बनाना

मृदा का उपयोग बहुत सी वस्तुएँ बनाने के लिए भी किया जाता है। जैसे - खिलौने, बर्तन, घड़े, ईंट आदि। गावों में आज भी मिट्टी के घर बनाये जाते है। मध्य प्रदेश में सोहागपुर नामक स्थान की बनी मिट्टी की सुराहियाँ बहुत प्रसिद्ध है। नीचे मिट्टी से बनी कुछ वस्तुओं का चित्र दर्शाया गया है।

ocr_image

सुराही, मटका व कुल्हड़ बनाने के लिए बंजर भूमि से सूखी काली मिट्टी लाई जाती है। सूखी मिट्टी को किसी बड़ी टंकी में डालकर उसमें से कंकर, पत्थर आदि चुन लिए जाते हैं। कंकड़, पत्थर हटाने के पश्चात मिट्टी को लगभग 8 घंटे के लिए जल डालकर भीगा दिया जाता है। इस मिट्टी में घोड़े की लीद (मल) की कुछ मात्रा मिलाकर उसे गूंध लिया जाता है। फिर इसे हाथों से चाक पर रखकर आकार दिया जाता है और सूखने के लिए छोड़ दिया जाता है।

सूखने के पश्चात बर्तनों को भट्टी में आग में पकाया जाता है। जब आग में पकाया जाता है, तो घोड़े की लिद सुखकर जल जाती है और वहाँ रिक्त स्थान रह जाता है। इन रिक्त स्थानों से जल का अन्तः स्त्रवण होता है या वाष्पन होता है। इसी कारण गर्मियों के दिनों में मिट्टी के घड़ों और सुराहियों में जल ठण्डा रहता है।

मृदा प्रदुषण और मृदा अपरदन

मृदा हमारे जीवन के लिए बहुत ही उपयोगी होती है। परन्तु कुछ कारणों से मृदा दूषित हो जाती है अथवा मृदा का अपरदन हो जाता है। आइये जाने कि मृदा प्रदुषण और मृदा अपरदन क्यों होता है और इसे रोकने के क्या-क्या उपाय है -

  • मृदा प्रदूषण

  • मृदा अपरदन
आइये इनके बारे में विस्तार से चर्चा करते है -

मृदा प्रदूषण

जब मृदा में हानिकारक बाह्य कारकों के कारण जो रासायनिक और भौतिक परिवर्तन होते है, उसे मृदा प्रदूषण कहते हैं। मृदा प्रदूषण का सबसे अधिक प्रभाव कृषि और वनस्पतियों पर पड़ता है। मानव प्रक्रमों के कारण मृदा प्रदुषण अधिक हो रहा है।

ocr_image

मृदा प्रदुषण के कारण : मृदा प्रदुषण के कारण निम्न लिखित है -
  • प्लास्टिक से बनी पॉलिथीन मृदा प्रदुषण का सबसे प्रमुख कारण है।

  • कीटनाशकों के अधिक उपयोग से भी मृदा प्रदूषित होती है।

  • कारखानों से निकलने वाले रासायनिक अपशिष्टों को जमीन में दबाने से भी मृदा प्रदूषित होती है।
मृदा प्रदुषण के प्रभाव : मृदा प्रदुषण के बहुत ही हानिकारक प्रभाव पड़ते है, जो निम्न है -
  • मृदा प्रदुषण के कारण मृदा में रहने वाले जीवों पर हानिकारक प्रभाव पड़ता है।

  • मृदा प्रदुषण से मृदा की उर्वरक क्षमता नष्ट हो जाती है।

  • मृदा प्रदुषण का हानिकारक प्रभाव पादपों और कृषि पर भी पड़ता है।
मृदा प्रदुषण को रोकने के उपाय : मृदा प्रदुषण को रोकने के उपाय निम्न लिखित है -
  • मृदा प्रदुषण को रोकने के लिए प्लास्टिक और पॉलिथीन के उपयोग में रोक लगाना चाहिए।

  • कीटनाशकों और रासायनिक उर्वरकों का उपयोग कम करना चाहिए।

  • कारखानों से निकलने वाले रासायनिक अपशिष्टों का उचित निपटारा करना चाहिए।

मृदा अपरदन

विभिन्न प्राकृतिक प्रक्रमों जैसे वर्षा, तेज वायु, बाढ़ आदि के कारण मृदा की ऊपरी परत धीरे-धीरे हटने लगती है। मृदा की ऊपरी परत के हटने की प्रक्रिया को मृदा अपरदन कहते हैं। मृदा अपरदन ज्यादातर उन स्थानों में अधिक होते है, जहाँ बहुत कम पेड़ पौधे पाये जाते है।

ocr_image

मृदा अपरदन के कारण : मृदा अपरदन के कारण निम्न है -
  • वनोन्मूलन के कारण मृदा अपरदन होता है।

  • बाढ़ के कारण जल के तेज बहाव से मिट्टी की ऊपरी परत हटने लगती है।
मृदा अपरदन के प्रभाव : मृदा अपरदन के बहुत ही हानिकारक प्रभाव पड़ते है, जो निम्न है -
  • मृदा के अपरदन के कारण भूमि बंजर हो जाती है।

  • मृदा की उपजाऊ क्षमता नष्ट हो जाती है और ह्यूमस कम हो जाता है।

  • मृदा अपरदन से भूमि ढीली हो जाती है, जिससे भू-स्खलन का खतरा बढ़ जाता है।

  • भूमि मरुस्थल में परिवर्तित हो जाती है।
मृदा अपरदन रोकने के उपाय : मृदा अपरदन को रोकने के उपाय निम्नलिखित है -
  • वृक्षा रोपण मृदा अपरदन को रोकने का सबसे अच्छा उपाय है।

  • मृदा अपरदन को रोकने के लिए बांध बनाकर बाढ़ को नियंत्रित किया जा सकता है।

  • मृदा अपरदन को रोकने के लिए वनों की कटाई पर रोक लगाना आवश्यक है।

सारांश

  1. मृदा का निर्माण चट्टानों के कणों के द्वारा होता है। मृदा हमारे जीवन के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है।

  2. मृदा मुख्यतः 3 प्रकार की होती है - बलुई मृदा, मृण्मय मृदा और दुमटी मृदा।

  3. भूमि के अंदर मृदा की विभिन्न परतों को मृदा परिच्छेदिका कहते हैं। इन परतों को संस्तर कहते है।

  4. अलग-अलग प्रकार की मृदा में जल अन्तः स्त्रवण दर भिन्न-भिन्न होती है।

  5. मृदा में नमी के कारण गर्मी के दिनों में भूमि के ऊपर की वायु कंपदीप्त दिखाई देती है।

  6. मृदा जल का अवशोषण करके रखती है, जिसे मृदा की जल धारण क्षमता कहते हैं। मृदा के सभी प्रकारों में जल धारण क्षमता अलग-अलग होती है।

  7. विभिन्न प्रकार की फसलों के लिए अलग-अलग मृदा उपयुक्त होती है। जैसे गेहूँ और धान के लिए मृण्मय मृदा, दलहन के लिए दुमटी मृदा, कपास के लिए बलुई मृदा उपयुक्त होती है।

  8. मृदा से खिलौने, घड़े, ईंट आदि वस्तुएँ बनाई जाती है।

  9. मृदा प्रदुषण और मृदा अपरदन मृदा के लिए बहुत हानिकारक होते है, अतः इनसे बचाव के लिए उचित उपाय करने चाहिए।