Doubtnut Promotions Sticky

जल: हमारी जीवन रेखा कक्षा 7 विज्ञान

भूमिका

बच्चों हम जल का उपयोग अनेक कामों में करते है जैसे- पीने के लिए, धुलाई, खाना पकाने, उचित सफाई रखने आदि के लिए जल का उपयोग किया जाता है।

प्रतिवर्ष 22 मार्च का दिन विश्व जल दिवस के रूप में मनाया जाता है। जल एक बहुमूल्य संसाधन है। इसे हमको बचा कर रखना चाहिए एवं उचित मात्रा में उपयोग करना चाहिए। इस अध्याय में हम जल की उपलब्धता, जल की अवस्थाएँ, जल के स्त्रोत और जल प्रबंधन के बारे में अध्ययन करेंगे।

जल की उपलब्धता

बच्चों आप नीचे दिए गए चित्र को देखिये। यह अंतरिक्ष से पृथ्वी का लिया गया चित्र है। पृथ्वी में हमे नीला भाग ज्यादा दिखाई देता है। यह नीला भाग पृथ्वी में जल की मात्रा को दर्शाता है। पृथ्वी की सतह का लगभग 71% भाग जल से ढका है।

ocr_image

पृथ्वी पर उपस्थित लगभग समस्त जल समुद्रों और महासागरों, नदियों, तालाबों, झीलों, ध्रुवीय बर्फ, वायुमंडल और भौमजल (भूमि के नीचे पाया जाने वाला जल) में पाया जाता है, किन्तु इसमें से अधिकांश जल मानव उपयोग के लिए उपयुक्त नहीं है।
मनुष्य के उपयोग के लिए उपयुक्त जल अलवण जल है, जिसे बोल-चाल की भाषा में ताजा जल कहते है।

पृथ्वी में उपस्थित जल का पाई चार्ट द्वारा चित्र नीचे प्रदर्शित है :-

ocr_image

पृथ्वी पर उपलब्ध संपूर्ण जल का 97.4% महासागरों में है। यह लवण-युक्त है। अतः इसे मानव द्वारा उपयोग में नहीं लाया जा सकता। अधिकांश शुद्ध जल ग्लेशियर एवं ध्रुवीय चोटियों में बर्फ के रूप में है। केवल एक छोटा-सा अंश (0.01%) मानव उपयोग के लिए उपलब्ध है, चित्र में दिखाया गया है। जल की इसी थोड़ी-सी उपलब्ध मात्रा का ही बार-बार चक्रण करके मानव एवं अन्य प्राणी उसका उपयोग करते हैं।

जल की अवस्थाएँ

जल तीन अवस्था में पायी जाती है :-

  1. ठोस अवस्था

  2. द्रव अवस्था

  3. गैसीय अवस्था

1. ठोस अवस्था : जल हमे ठोस अवस्था के रूप में बर्फ और हिम के रूप में पृथ्वी के ध्रुवों (बर्फ छत्रक), बर्फ से ढके पर्वतों और हिमनदों (ग्लेशियर) में पाया जाता है।

ocr_image


2. द्रव अवस्था : सामान्यतः हमे जल द्रव अवस्था के रूप में ज्यादा उपलब्ध होता है। यह महासागरों, झीलों, नदियों, भू-तल के नीचे (भौमजल) में द्रव अवस्था में पाया जाता है।

ocr_image


3. गैसीय अवस्था : गैसीय अवस्था में जल हमारे आस-पास की वायु में जलवाष्प के रूप में उपस्थित रहता है। यह जल वाष्प एक साथ मिलकर बादलों का निर्माण करते है और वर्षा करते है।

ocr_image

जल चक्र

हम सभी जानते हैं कि जल गर्म होकर वाष्प में बदल जाता है। इसी प्रक्रिया के द्वारा नदी, तालाब, समुद्र आदि में जल भरता है। अर्थात भूमि से जल गर्म होकर वाष्प बनकर ऊपर चला जाता है, फिर ठण्डा होकर वापस वर्षा के रूप में भूमि पर लौट आता है। इस प्रकार यह प्रक्रिया निरंतर चलती रहती है, अतः इसे जलचक्र कहते हैं। जलचक्र की प्रक्रिया द्वारा ही वर्षा होती है। जिससे नदी, तालाब, झरने आदि में जल भरता है। इस जल का हम उपयोग करते हैं।

ocr_image

जलचक्र की प्रक्रिया :

जलचक्र की प्रक्रिया के निम्न चरण हैं, जो क्रमशः एक के बाद एक पूर्ण होते हैं और जलचक्र को पूरा करते हैं।
  • वाष्पीकरण

  • पौधों द्वारा जल की क्षति

  • बादल का बनना

  • वर्षा

  • पुनः महासागरों में मिलना

  • भौम-जल
जल चक्र प्रकृति में जल का संतुलन कायम करने में सहायक है। यह चक्र एक अति महत्त्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसकी सहायता से धरती के ऊपर जीवन का अस्तित्व बना रहता है। जल चक्र वायुमंडल की ऊष्मा का अवशोषण कर सागर भू-मंडलीय ऊष्मा को भी कम करता है। यही ऊष्मा लंबी अवधि के लिए जलवायु के निर्धारण में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

जल का एक महत्वपूर्ण स्त्रोत : भौमजल

बच्चों आपने देखा होगा कि जब कुछ जल जमीन में गिरा दिया जाता है, तो कुछ समय के बाद वह उस स्थान से गायब हो जाता है और उस स्थान पर केवल नमी दिखाई देती है। ऐसा इसलिए होता है क्यूंकि वह जल भूमि द्वारा अवशोषित कर लिया जाता है। भूमि द्वारा अवशोषित किया गया जल धीरे-धीरे भूमि के अंदर रिसता रहता है, इस जल को भौमजल कहते हैं।

भूमि के नीचे उपस्थित भौमजल का उपयोग विभिन्न तरीकों से किया जा सकता है। कुएँ में जल का भरना भौमजल के कारण ही होता है। भौमजल को प्राप्त करने के लिए भूमि को गहराई तक खोदना पड़ता है, फिर हैंड पंप या नलकूप की सहायता से जल प्राप्त किया जा सकता है। जिस स्थान में भौमजल का उपयोग बहुत ही अधिक होता है, उस स्थान में भौमजल स्तर नीचे गिर जाता है। अतः भौमजल बहुत गहराई में प्राप्त होता है।

ocr_image

ऐसे स्थान जहाँ पेड़-पौधे अधिक होते हैं तथा जिस स्थान की जमीन कच्ची होती है। उस स्थान पर जल का रिसाव अच्छे से होता है। अतः उस स्थान का भौमजल स्तर अच्छा रहता है। ऐसे स्थान जहाँ वनस्पति कम होते है तथा जहाँ जमीन सख्त व कंक्रीट की बनी होती है। उस स्थान में वर्षा का जल बह जाता है तथा जल का रिसाव बहुत ही कम होता है।

ocr_image

वर्षाजल और अन्य स्रोतों, जैसे नदियों और तालाबों का जल मृदा में से रिसकर भूमि के नीचे गहराई में रिक्त स्थानों और दरारों को भर देता है। भूमि में जल का रिसाव अंतःस्यंदन कहलाता है। अतः इस प्रक्रम द्वारा उपयोग किए जा चुके भौमजल की पुनः परिपूर्ति हो जाती है।

कुछ स्थानों पर भौमजल स्तर के नीचे स्थिर कठोर शैलों (चट्टानों) की परतों के बीच भौमजल संचित हो जाता है। इस प्रकार संचित भौमजल के भंडारों को जलभर कहते हैं। जलभरों के जल को सामान्यतः नलकूपों अथवा हैंडपंपों की सहायता से बाहर निकाला जाता है।

भौमजल स्तर का अवक्षय

भौमजल की पुनः पूर्ति प्रायः वर्षा जल के अंतः रिसाव द्वारा होती है। भौमजल स्तर तब तक प्रभावित नहीं होता। जब तक हम उतना ही जल निकालते हैं जितने की प्राकृतिक प्रक्रमों द्वारा पुनः जल पूर्ति हो जाती है। परंतु वास्तव में ऐसा नहीं हो रहा है। निम्न कारणों से भौमजल स्तर गिर रहा है जैसे-

  • जनसंख्या में वृद्धि

  • औद्योगिक

  • कृषि गतिविधियाँ

  • अल्प वर्षा

  • वनअपरोपण (वनोन्मूलन)

  • जल के अवस्रवण के लिए क्षेत्र की कमी


जनसंख्या में वृद्धि :

जनसंख्या वृद्धि के साथ भवनों, कार्यालयों, सड़कों, क्रीड़ा-स्थलों आदि की माँग बढ़ जाती है। इन सभी के कारण वर्षा जल के अवस्रवण की दर कम हो जाती है जिसके कारण भौमजल स्तर गिर रहा है।

पक्के फर्श तथा सड़को के निर्माण से जल आसानी से अवस्रवित नहीं होता है, जबकि घास के बगीचे, मैदानों आदि से जल तुरंत अवस्रवित हो जाता है।

ocr_image

भवनों, घर-दुकानों तथा विभिन्न तरह के निर्माण कार्य में बड़ी मात्रा में जल की आवश्यकता होती है। इसके लिए प्रायः भौमजल का उपयोग किया जाता है। इसके कारण भौमजल स्तर का निरंतर अवक्षय हो रहा है।

औद्योगिक :

जल का उपयोग उद्योगों में भारी मात्रा में किया जाता है। बढ़ती उद्योगों की संख्या के कारण जल की खपत तेजी से बढ़ रही है जिसके कारण भौमजल स्तर कम हो रहा है।

ocr_image

कृषि क्षेत्र में वृद्धि :

ज्यों-ज्यों कृषि क्षेत्र में वृद्धि हो रही है, त्यों-त्यों सिंचाई के लिए जल की माँग भी बढ़ रही है। कृषि क्षेत्र में तालाबों, वर्षा और नहरों पर निर्भरता कम हो रही है जिसके कारण भौमजल के सिंचाई में अधिक-से-अधिक इस्तेमाल के कारण इसका स्तर नीचे गिर रहा है।

जनसंख्या के बढ़ते दबाव के कारण कृषि के लिए भौमजल का उपयोग दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप भौमजल स्तर में लगातार गिरावट आ रही है।

ocr_image

अल्प वर्षा :

पृथ्वी में बढ़ते प्रदुषण, जलवायु परिवर्तन तथा अन्य कारणों से वर्षा में कमी हो रही है। भौमजल की आपूर्ति सबसे अधिक वर्षा जल से होती है परंतु अल्प वर्षा के कारण जलापूर्ति प्रभावित होने के कारण भौमजल स्तर गिर रहा है।

वनोन्मूलन :

पेड़ों की जड़ें मृदा में जल का अंतःस्रवण कर भौमजल की मात्रा को बढ़ाते हैं। मनुष्य अपने आवास और फर्नीचर आदि के लिए वनो की अंधाधुन कटाई कर रहे है जिससे वनों की कमी होती जा रही है तो भौमजल की पुनः आपूर्ति भी कम हो रही है।

जल के अवस्रवण के लिए क्षेत्र की कमी :

आम आदमी भूमि का उपयोग निजी कार्यों के लिए कर रहा है, जिसके कारण जल अवस्रवण के लिए प्रभावित क्षेत्र में कमी आ रही है और इसीलिए भौमजल स्तर का अवक्षय हो रहा है।

ocr_image

जल का वितरण

अनेक कारणों से विश्व के विभिन्न क्षेत्रों में पाए जाने वाले जल के वितरण में बहुत असमानता है।
कुछ स्थानों पर अच्छी वर्षा होती है और वह जल से समृद्ध हैं। इसके विपरीत रेगिस्तान हैं जहाँ बहुत कम वर्षा होती है।

भारत में औसत वार्षिक वर्षा का वितरण नीचे चित्र में दिखाया गया है।

ocr_image

भारत बहुत विशाल देश है, जिसके सभी क्षेत्रों में एकसमान रूप से वर्षा नहीं होती। कुछ स्थानों पर अत्यधिक वर्षा होती है, जबकि कुछ अन्य स्थानों पर बहुत कम वर्षा होती है। अत्यधिक वर्षा से प्राय: बाढ़ आ जाती हैं, जबकि वर्षा की कमी से सूखा पड़ता है। अतः, बाढ़ हमारे देश में एक ही समय में पर कुछ क्षेत्रों में और कुछ में सूखा हो सकता है।

हमारे देश के अधिकतर महानगरों, शहरों व नगरों में जल आपूर्ति की व्यवस्था है। आजकल ग्रामीण क्षेत्रों में भी पेय जल की आपूर्ति जल वितरण व्यवस्था के द्वारा की जा रही है। देश के कुछ भागों में आज भी नगर निकाय लोगों की जलापूर्ति नदियों, झीलों, तालाबों व कुँओं से कर रहे हैं। देश के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी महिलाएँ और बच्चे कई कई किलोमीटर पैदल चलकर जल-स्रोतों से जल ग्रहण का कार्य करते हैं। जलापूर्ति का यह तरीका अत्यधिक कष्टदायक है। इससे विशेषकर बच्चे विद्यालयों में नियमित रूप से नहीं जा पाते और इनकी पढ़ाई का नुकसान होता है।

जल प्रबंधन

वर्षा के जल का संरक्षण :

यह जल संरक्षण का एक बहुत ही अच्छा उपाय है। जब वर्षा के जल को किसी प्रक्रम द्वारा एकत्र करके उस जल का उपयोग किया जाता है, तो इस प्रक्रिया को वर्षा जल संरक्षण कहते हैं। वर्षा का जल बिल्कुल शुद्ध होता है, इसलिए इसका उपयोग करना एकदम सुरक्षित होता है।

हम जानते हैं कि वर्षा का जल भूमि से रिसकर भूमि के अंदर चला जाता है, जो भौम-जल स्तर को बढ़ाता है। परन्तु ऐसे स्थान जहाँ भूमि की सतह कंक्रीट की बनी होती है, वहाँ से तो वर्षा का जल बह जाता है और बहकर नदियों में या समुद्रों में मिल जाता है, जो बहुत ही दूर होते हैं। अतः ऐसे बहने वाले जल को एकत्र करके उपयोग में लाया जा सकता है।

इसके लिए दो उपाय किये जा सकते हैं, जो निम्न हैं -
  1. बच्चों आपने देखा होगा जब तेज वर्षा होती है, तो हमारे घरों के छत पर जल एकत्रित हो जाता है। इस एकत्रित जल को पाइपों के द्वारा किसी भण्डारण टैंक तक पहुँचाया जा सकता है, जहाँ वर्षा का जल एकत्रित होता रहेगा। इस टैंक के जल में कुछ धूल या मिट्टी के कण उपस्थित हो सकते हैं, जिन्हें निस्यंदन करके उपयोग किया जा सकता है।

  2. ocr_image

  3. इसके अलावा इस एकत्र जल को पाइपों के द्वारा किसी मिट्टी के गड्ढे तक ले जाया जा सकता है। जहाँ मिट्टी से जल भूमि में रिसकर भौम-जल स्तर को बढ़ाया जा सकता है, जिससे हमारे लिए उपयोगी जल की पूर्ति होगी।
वह स्थान जहाँ भूमि की सतह कंक्रीट की बनी होती है, वहाँ सड़कों के किनारे नालियों द्वारा वर्षा के जल को सीधे मिट्टी द्वारा भूमि के अंदर पहुंचाया जा सकता है।

बावड़ी प्रथा :

बावड़ी या बावली उन सीढ़ीदार कुँओं , तालाबों या कुण्डो को कहते हैं जिन के जल तक सीढ़ियों के सहारे आसानी से पहुँचा जा सकता है। भारत में बावड़ियों के निर्माण और उपयोग का लम्बा इतिहास है।

ocr_image

बावड़ी जल संचित करने का पारंपरिक तरीका था। समय के साथ बावड़ियों का रखरखाव बंद कर दिया गया, जिनसे इन जलाशयों में धीरे-धीरे गाद जमा होती गई। बाद में जल की अत्यधिक कमी के कारण इन क्षेत्रों के लोगों को इस प्रकार की तकनीकों पर पुनः विचार करना पड़ा।
बावड़ियों को पुनः बनाया जा रहा है। जिन स्थानों में बावड़ियों का पुन:उत्थान किया गया है वहाँ कम वर्षा के बावजूद जल की आवश्यकताओं का प्रबंधन भली भाँति हो रहा है।

बूँद (ड्रिप) सिंचाई व्यवस्था :

इस विधि में जल जमीन के ऊपर या दबी हुई प्लास्टिक की ट्यूबों द्वारा बहता है तथा पौधों की स्थिति के अनुसार पाइपों में छोटे-छोटे छिद्र किए जाते हैं और इन्हीं छिद्रों द्वारा जल निकलकर उस मिट्टी में मिल जाता है जिसमें पौधे लगे हैं। इस प्रकार पौधे की जल की आवश्यकता पूरी हो जाती है।

ocr_image

इस विधि का उपयोग वैसे तो प्रत्येक प्रकार की फसल, भूमि और क्षेत्र के लिए किया जा सकता है, परंतु जल की कमी और असमतल भूमि वाले क्षेत्रों में उगाई जाने वाली फल व सब्जियों की फसलों के लिए यह वरदान है।

पादपों के लिए जल का महत्व

जल पौधों के लिए निम्नलिखित कारणों से महत्त्वपूर्ण है-

  1. पौधे भोजन बनाने के लिए खनिज पदार्थों को जल के पतले घोल के रूप में भूमि से प्राप्त करते हैं। यह घोल जड़ों से पत्तों तक पहुँच जाता है। पत्ते कार्बन-डाइऑक्साइड, जल तथा खनिज पदार्थों से अपना भोजन बनाते हैं। जल के बिना यह सब संभव नहीं है।

  2. बीजों का अंकुरण भूमि में जल की उपस्थिति में ही संभव होता है।

  3. जल की उपस्थिति में ही पौधे अपनी स्फीत अवस्था (बिना मुरझाई अवस्था) में रहते हैं। जल के बिना पौधे मुरझाकर मर जाते हैं।

पादपों पर जल की कमी का प्रभाव :

आपने देखा होगा कि गमले के पादपों (पौधों) को यदि कुछ दिनों तक पानी न दिया जाए तो वह मुरझा जाते हैं और अंतत: सूख जाते हैं। कल्पना कीजिए कि यदि पादपों के लिए जल उपलब्ध नहीं होगा, तो उसका क्या परिणाम होगा।

पृथ्वी पर से हरियाली लुप्त हो जाएगी। इसका अर्थ जीवन का अंत हो सकता है, क्योंकि पादपों के न रहने का परिणाम यह होगा कि पृथ्वी पर न ही पर्याप्त भोजन, न ही ऑक्सीजन उपलब्ध होगी, न ही पर्याप्त वर्षा होगी और इनसे संबद्ध अनेकों अन्य समस्याएँ उत्पन्न हो जाएँगी।
इस प्रकार स्पष्ट है कि जल पादपों के लिए बहुत जरूरी है।

जल की सुरक्षा बचत

एक विद्यार्थी के रूप में जल की सुरक्षा बचत-

  1. एक विद्यार्थी जल की बचत करने के बारे में आम लोगों में जागरूकता पैदा कर सकता है, जिससे जल की बचत करने की आदत बन जाए।

  2. व्यर्थ बहते नल को बंद करने से जल की बचत की जा सकती है।

  3. अपने घर या विद्यालय के बगीचे में पौधों को जल सुबह या सायं के समय देकर जल की बचत संभव है।

  4. विद्यार्थी जल की बचत करने के लिए छिड़काव विधि या फव्वारे विधि का इस्तेमाल कर जल की सुरक्षा कर सकता है।

  5. विद्यार्थी स्वयं भी कम जल से ब्रुश करने, नहाने, हाथ धोने की आदत बनाकर जल को बचा सकता है।

  6. जल की कम खपत वाले शौचालयों का प्रयोग कर जल की बचत की जा सकती है।

  7. वर्षा के जल को एकत्रित कर, उपयोग में लाने की जानकारी भी उपयोगी सिद्ध हो सकती है।

  8. जल के रिसाव के बारे में जानकारी स्थानीय प्रशासन को देकर उसे बन्द करवाने में विद्यार्थी अपना योगदान दे सकता है।
ocr_image

सारांश

  1. जल सभी सजीव जीवों के लिए अनिवार्य है। इसके बिना जीवन संभव नहीं है।

  2. जल तीन अवस्थाओं में पाया जाता है- ठोस, द्रव और वाष्प।

  3. यद्यपि, जल चक्र के द्वारा जल की आपूर्ति बनी रहती है फिर भी विश्व के अनेक भागों में उपयोग योग्य जल की कमी है।

  4. विश्व के विभिन्न भागों में जल का वितरण असमान है। ऐसा बहुत कुछ मानव क्रियाकलापों के कारण भी है।

  5. उद्योगों की तेजी से वृद्धि, बढ़ती जनसंख्या, सिंचाई की बढ़ती आवश्यकताएँ और कुप्रबंधन जल की कमी के कुछ कारण हैं।

  6. हमें पाइपों द्वारा जल आपूर्ति के समय, भवनों और अन्य स्थानों में रिसते नलों के कारण होने वाले जल की बर्बादी के प्रति जागरुक होना चाहिए। जल के अनावश्यक उपयोग और अत्यधिक मात्रा में भौमजल का उपयोग करने से बचना चाहिए। भूमि में जल के पुनःपूर्ति को बढ़ाया जाना चाहिए।

  7. समय की माँग है कि हर व्यक्ति जल का उपयोग मितव्ययता से करे।

  8. यदि पौधों को कुछ दिनों तक पानी न दिया जाए तो वह मुरझा जाते हैं और अंततः सूख जाते हैं।