Doubtnut Promotions Sticky

किशोरावस्था की ओर कक्षा 8 विज्ञान

भूमिका

बच्चों आप सभी ये जानते हैं कि मनुष्य एवं सभी जीव-जंतुओं में वृद्धि होती है। हम हमारे जीवन काल में बाल्यावस्था, किशोरावस्था, युवावस्था, प्रौढ़ एवं वृद्धावस्था से होकर गुजरते हैं। अवस्थाओं के साथ हमारे शरीर में अनेक परिवर्तन होते है।

तो बच्चों आज हम हमारे जीवनकाल की सबसे महत्वपूर्ण अवस्था किशोरावस्था और इस अवस्था में होने वाले शारीरिक परिवर्तनों के बारे में विस्तार से अध्ययन करेंगे।

किशोरावस्था एवं यौवनारम्भ

हम सभी यह जानते हैं कि वृद्धि सभी सजीवों का एक प्राकृतिक एवं महत्वपूर्ण गुण है। वृद्धि जन्म के साथ ही प्रारम्भ हो जाती है। वृद्धि के साथ अनेक शारीरिक परिवर्तन होने लगते हैं। सर्वप्रथम हमारा जन्म शिशु के रूप में होता है, जिसके पश्चात हमारे शरीर में धीरे-धीरे वृद्धि होती है। एक समय ऐसा आता है जब हमारे शरीर में एका एक तेजी से परिवर्तन होने लगता है, इस अवस्था को किशोरावस्था कहते हैं। आइये किशोरावस्था के बारे में चर्चा करते हैं।

किशोरावस्था : 11 वर्ष की आयु से प्रारम्भ होकर 18 से 19 वर्ष की आयु तक हमारे शरीर में बहुत तेजी से वृद्धि होने लगती हैं, इस अवस्था को किशोरावस्था कहते हैं। इस वृद्धि के साथ शरीर में बहुत से बदलाव भी होते हैं, जिन्हें आसानी से देखा जा सकता है। किशोरावस्था इस बात का संकेत होती है कि अब आप बच्चे नहीं रहे अतः अब आप युवावस्था में प्रवेश कर चुके हैं।

ocr_image

किशोरावस्था अंग्रेजी के Teens अर्थात Thirteen (13) से लेकर Eighteen (18) या Nineteen (19) वर्ष की आयु तक होती है, इसलिए किशोरों को टीनेजर्स (Teenagers) भी कहते हैं। सभी व्यक्तियों में किशोरावस्था प्रारम्भ होने का समय कुछ अलग हो सकता है। लड़कियों में लड़कों की अपेक्षा किशोरावस्था का प्रारम्भ कुछ वर्ष पहले ही प्रारम्भ हो जाता है।

किशोरावस्था में यौवनारम्भ एक महत्वपूर्ण चरण है, आइये इसके बारे में जाने।

यौवनारम्भ : मनुष्यों में बचपन के बाद शरीर में अनेक शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तन होते हैं। यह परिवर्तन यौवनारम्भ के संकेत होते है। यौवनारम्भ का अर्थ है बच्चे से जवान होना। यौवनारम्भ का सबसे महत्वपूर्ण परिवर्तन लड़के तथा लड़कियों में जनन क्षमता का विकास होना है।

लड़कों की अपेक्षा लड़कियों में यौवनारम्भ पहले प्रारम्भ होता है। लड़कों में यौवनारम्भ 12 से 14 वर्ष की आयु में शुरू होता है, वहीं लड़कियों में यौवनारम्भ 10 से 12 वर्ष की आयु से ही प्रारम्भ हो जाता है। किशोरों में यौवनारम्भ के समय और भी बहुत से परिवर्तन होते हैं, जिनके बारे में हम आगे पढ़ेंगे।

यौवनारम्भ में होने वाले परिवर्तन

बच्चों आप यह जान चुके हैं कि यौवनारम्भ के समय शरीर में एका एक अनेक परिवर्तन होते हैं, जो निम्न हैं -

  • लंबाई में वृद्धि

  • शारीरिक आकृति में परिवर्तन

  • स्वर में परिवर्तन

  • स्वेद एवं तेल ग्रंथियों की क्रियाशीलता में वृद्धि

  • जनन अंगों का विकास

  • मानसिक, बौद्धिक एवं संवेदात्मक परिपक्वता प्राप्त होना
आइये इन सभी शारीरिक परिवर्तनों के बारे में चर्चा करें -

लंबाई में वृद्धि : यौवनारम्भ के समय युवाओं की शारीरिक लंबाई में वृद्धि को आसानी से देखा जा सकता है। इस समय शरीर की लम्बी अस्थियों (हड्डियों) जैसे- हाथ एवं पैर की हड्डियों की लंबाई में वृद्धि होती है, जिसके कारण मनुष्य का शरीर लम्बा दिखाई देता है। शरीर के सभी अंगों की लंबाई में एक साथ वृद्धि हो ऐसा जरूरी नहीं है। कभी-कभी अलग-अलग भाग में वृद्धि अलग-अलग दर से होती है, परन्तु शरीर शीघ्र ही अन्य भागों में भी वृद्धि करके शरीर को संतुलित कर देता है।

सभी व्यक्तियों में लंबाई की दर एक समान नहीं होती है। कुछ व्यक्तियों में तेजी से लंबाई में वृद्धि होती है और कुछ में धीरे-धीरे लंबाई में वृद्धि होती है। शुरुआत में लड़कियों में लड़कों की अपेक्षा अधिक तीव्रता से लंबाई में वृद्धि होती है, परन्तु 18-19 वर्ष की आयु तक दोनों अपनी अधिकतम लंबाई को प्राप्त कर लेते हैं।

ocr_image

बच्चों आपने देखा होगा कि सभी मनुष्यों की लंबाई एक समान नहीं होती है, परन्तु उनकी लंबाई उनके परिवार के सदस्यों या उनके माता-पिता के समान होती है। ऐसा इसलिए होता है क्यूंकि लंबाई माता-पिता के जीन पर निर्भर करती है। यदि माता या पिता की लंबाई कम होगी तो संतान की लंबाई भी कम ही होगी।

शारीरिक आकृति में परिवर्तन : बच्चों आपने यह देखा होगा कि आपसे छोटे बच्चों की अपेक्षा आपके कंधे चौड़े और सीना फुला हुआ है अर्थात आपके शरीर की आकृति उनके शरीर की आकृति से भिन्न है। यह यौवनारम्भ का परिवर्तन है।

यह परिवर्तन लड़कों की अपेक्षा लड़कियों के शरीर में अलग तरह से होता है। लड़कों के कंधे एवं सीने की आकृति में परिवर्तन होता है, वहीं लड़कियों के कमर का निचला हिस्सा चौड़ा हो जाता है। इसी प्रकार लड़कों के शरीर की पेशियाँ लड़कियों की तुलना में स्पष्ट एवं कठोर (गठित) दिखाई देता है।

स्वर में परिवर्तन : यौवनारम्भ में किशोरों के स्वर में परिवर्तन होता है, जिसके कारण उनकी आवाज भर-भराने लगती है या आवाज फटने लगती है। ऐसा इसलिए होता है क्यूंकि यौवनारम्भ के समय लड़कों के स्वरयंत्र या लैरिंक्स में वृद्धि होने लगती है। वृद्धि के पश्चात लड़कों का स्वरयंत्र बड़ा हो जाता है। इसे गर्दन के बाहर उभार से स्पष्ट देखा जा सकता है, जैसा की नीचे चित्र में दिखाया गया है। गर्दन के बाहर इस उभार को ऐडम्स एप्पल या कंठमणि कहते हैं।

ocr_image

जब आपके बड़े भाई या पिता जी घर में बात कर रहें हो या पानी पी रहें हो तब उनके गले में ऐडम्स एप्पल या कंठमणि को देखें, वह ऊपर नीचे उछलते हुए दिखाई देगा। स्वरयंत्र में वृद्धि के कारण ही लड़कों के आवाज में भारीपन होता है। लड़कों के स्वरयंत्र में कभी-कभी अनियंत्रित वृद्धि के कारण आवाज फटने लगती है, परन्तु यह कुछ समय के लिए ही होता है।

लड़कियों का स्वरयंत्र लड़कों की अपेक्षाकृत छोटा होता है, इसे बाहर से नहीं देखा जा सकता। स्वरयंत्र छोटा होने के कारण सामान्यतः लड़कियों का स्वर या आवाज उच्च तारत्व (पतली व तीखी) वाली होती है।

स्वेद एवं तेल ग्रंथियों की क्रियाशीलता में वृद्धि : किशोरावस्था में किशोरों के चेहरे पर फुंसियाँ और मुहासे होने लगते है, जिन्हें अंग्रेजी में आम भाषा में पिंपल्स (Pimples) कहते हैं। ऐसा स्वेद एवं तेल ग्रंथियों की अधिक क्रियाशीलता के कारण होता है। स्वेद ग्रंथि त्वचा में स्थित होती है, जिससे स्वेद या पसीना स्त्रावित होता है। तेल ग्रंथि भी त्वचा में ही स्थित होती है, जिससे तेलीय द्रव स्त्रावित होती है। इनकी अधिक क्रियाशीलता के कारण त्वचा में पिंपल्स (Pimples) होते हैं।

किशोरावस्था में स्वेद एवं तेल ग्रंथियों का स्त्राव बढ़ जाता है, ये ग्रंथियाँ अपना स्त्राव वाहियों द्वारा स्रावित करती है। अंतःस्रावी ग्रंथियाँ हार्मोन को रुधिर (रक्त) में स्रावित करती है, इसलिए इन्हें नलिका विहीन ग्रंधियाँ कहते है।

जनन अंगों का विकास : पिछली कक्षा में हम मानव जनन अंगों के बारे में पढ़ चुके है। यौवनारम्भ में लड़कों में नर जनन अंग (वृषण और शिश्न) विकसित हो जाते है। वृषण में शुक्राणुओं (स्पर्म) का निर्माण प्रारम्भ हो जाता है। लड़कियों में अंडाशय में वृद्धि हो जाती है। अंडाशय में अंडाणु तैयार हो जाते है तथा अंडाशय से अंडाणुओं का निर्मोचन (निकलना) भी प्रारम्भ हो जाता है। इस प्रकार लड़का और लड़की दोनों में जनन अंगों का विकास एवं वृद्धि होने लगती है।

मानसिक, बौद्धिक एवं संवेदात्मक परिपक्वता प्राप्त होना : यौवनारम्भ के साथ किशोरों में सोचने समझने की क्षमता का भी विकास होता है। यह ऐसा समय होता है, जब मनुष्य के सोचने समझने की क्षमता सबसे अधिक होती है। किसी भी चीज या कार्य को करने की उत्तेजना जागृत होती है। इस अवस्था में मनुष्य में बौद्धिक एवं मानसिक विकास का प्रारम्भ होता है।

कभी-कभी टीनेजर्स अपनी शारीरिक परिवर्तनों को लेकर चिंतित होने लगते है। वे इसके अनुसार अपने आप को ढालने का प्रयास करते है, परन्तु उन्हें इसके बारे में नहीं सोचना चाहिए क्यूंकि ये सभी परिवर्तन प्राकृतिक रूप से सभी के शरीर में होते है और ये परिवर्तन वृद्धि का ही रूप है।

गौण लैंगिक लक्षण

हमारे शरीर में अंतःस्रावी ग्रंथियाँ कुछ लैंगिक हार्मोन स्रावित करते है, जिनके फलस्वरूप लड़कों एवं लड़कियों में अनेक लैंगिक परिवर्तन होते है जैसे लड़कों के चेहरे पर दाढ़ी-मूँछ और सीने पर बाल आना तथा लड़कियों में युवावस्था में स्तनों का विकास होना। ये लक्षण लड़के और लड़कियों को पहचानने में सहायक होते हैं। इन लक्षणों को गौण लैंगिक लक्षण कहते है। लड़के एवं लड़की दोनों में ही बगल और जांघों के ऊपरी भाग अथवा प्यूबिक क्षेत्र (अंद्रूणी भाग) में बाल उगने लगते हैं।

ocr_image

मनुष्यों के किशोरावस्था में होने वाले परिवर्तन हार्मोन द्वारा नियंत्रित होते हैं। क्या आप जानते है कि हार्मोन क्या होते है ? आइये हार्मोन के बारे में जानें -

हार्मोन

यह एक जटिल कार्बनिक रासायनिक पदार्थ होता है, जो अंतःस्रावी ग्रंथियों के द्वारा स्त्रावित होता है। यह सजीवों में होने वाली सभी जैव रासायनिक क्रियाओं का नियंत्रण करता है जैसे - वृद्धि, विकास, प्रजनन आदि। हार्मोन ग्रंथियों के द्वारा स्त्रावित होकर शरीर की अन्य कोशिकाओं या ऊतकों को उत्तेजित करने का कार्य करते है, इसलिए हार्मोन को रासायनिक दूत भी कहते है। मानव शरीर में हार्मोन की कमी एवं अधिकता दोनों को हानिकारक होती है।

यौवनारम्भ में लड़के और लड़की दोनों में परिवर्तन के लिए उत्तदायी लैंगिक हार्मोन निम्न है -

  • टेस्टोस्टेरॉन

  • एस्ट्रोजन
आइये इन हार्मोन के बारे में जानें -

टेस्टोस्टेरॉन : यह लड़कों में परिवर्तन के लिए उत्तरदायी हार्मोन है। यौवनारम्भ के साथ ही वृषण में पौरुष हार्मोन या टेस्टोस्टेरॉन का स्त्राव आरम्भ हो जाता है, जिसके कारण लड़कों के चेहरे और सीने में बाल आने लगते है।

एस्ट्रोजन : यह हार्मोन लड़कियों में होने वाले परिवर्तनों के लिए उत्तरदायी होते है। यौवनारम्भ के साथ ही अंडाशय में स्त्री हार्मोन या एस्ट्रोजन स्त्राव आरम्भ हो जाता है। जिसके कारण लड़कियों में स्तनों का विकास होता है और स्तनों के अंदर दुग्ध स्त्रावी ग्रंथियाँ विकसित होती है।

इन दोनों हार्मोन का नियंत्रण एक अन्य हार्मोन द्वारा किया जाता है, जो पीयूष ग्रंथि या पिट्यूटरी ग्रंथि कहलाती है।

पीयूष ग्रंथि

यह एक अंतःस्रावी ग्रंथि होती है, जिसका आकार मटर के दाने के समान होता है। इसका वजन 0.6 ग्राम होता है। यह मस्तिष्क के तल में हाइपोथैलेमस के नीचे हिस्से में स्थित होता है। पीयूष ग्रंथि अपने द्वारा स्रावित होने वाले हार्मोन को सीधे रक्त प्रवाह में छोड़ता है। पीयूष ग्रंथि अन्य अंतःस्रावी ग्रंथि द्वारा स्रावित होने वाले हार्मोन को नियंत्रित करती है, इसलिए इस ग्रंथि को मास्टर ग्रंथि (Master gland) के नाम से भी जाना जाता है।

पीयूष ग्रंथि के द्वारा वृद्धि हार्मोन भी स्त्रावित होता है, जो शरीर की वृद्धि के लिए बहुत ही आवश्यक है। यदि बाल्यावस्था में ही इस हार्मोन की कमी हो जाती है, तो बचपन से ही मनुष्य का कद बौना हो जाता है। कुछ लोगों में इस हार्मोन का स्त्राव अधिक होता है, जिसके कारण उनका कद सामान्य लोगों से लम्बा हो जाता है।

ocr_image

शरीर के अन्य अंतःस्रावी ग्रंथियाँ : हमारे शरीर में अनेक अंतःस्रावी ग्रंथियाँ उपस्थित है। जिनसे विभिन्न हार्मोन स्त्रावित होते है, आइये इनमें से कुछ मुख्य ग्रंथियों के बारे जानें -
  • थायरॉइड ग्रंथि

  • अग्नाशय ग्रंथि

  • एड्रिनल ग्रंथि

  • थाइमस ग्रंथि
आइये इनके बारे में विस्तार से जानें -

थायरॉइड ग्रंथि : यह हमारे गले में उपस्थित एक ग्रंथि है, जो थाइरॉक्सिन नामक हार्मोन का स्त्राव करती है। थाइरॉक्सिन हार्मोन के निर्माण के लिए थायरॉइड ग्रंथि को आयोडीन की आवश्यकता होती है, इसलिए हमारे भोजन में उपयोग किये जाने वाले नमक में आयोडीन मिलाया जाता है। थाइरॉक्सिन हार्मोन की कमी के कारण गॉयटर नामक रोग उत्पन्न होता है।

अग्नाशय ग्रंथि : अग्नाशय ग्रंथि हमारे पेट में स्थित होती है, जो इन्सुलिन नामक हार्मोन का स्त्राव करती है। यह इन्सुलिन हार्मोन शर्करा का नियंत्रण करती है। इन्सुलिन की कमी के कारण रक्त में शर्करा की मात्रा बढ़ जाती है, जिसके कारण मधुमेह (diabetes) नामक रोग उत्पन्न होता है।

एड्रिनल ग्रंथि : एड्रिनल ग्रंथि एक ऐसा हार्मोन स्रावित करती है, जो शरीर में रक्त में नमक की मात्रा को नियंत्रित करता है। इस हार्मोन को एड्रिनेलीन हार्मोन कहते है। जब हम क्रोध में होते हैं, घबराहट होती है या चिंतित होते हैं तब हमारे शरीर में रक्त का प्रवाह बढ़ जाता है। इसके नियंत्रण के लिए शरीर में एड्रिनेलीन हार्मोन का स्त्राव होता है।

थाइमस ग्रंथि : थाइमस ग्रंथि वक्ष में स्थित होती है, जो थाइमोसिन नामक हार्मोन का स्त्राव करती है। हमारे शरीर में रोगाणुओं से लड़ने की क्षमता का विकास भी इसी हार्मोन के स्त्राव के कारण होता है।

जनन कार्य आरम्भ करने में हार्मोन की भूमिका

बच्चों हमारे शरीर के सभी उद्दीपनों एवं कार्यों के लिए हार्मोन एक महत्वपूर्ण कारक है। जैसा कि अभी हमने पढ़ा मनुष्यों के युवावस्था में होने वाले परिवर्तनों के लिए लैंगिक हार्मोन उत्तरदायी होते है, जो लैंगिक लक्षणों का विकास करते है।

इसी प्रकार जनन कार्य के लिए भी हार्मोन उत्तरदायी होते है। अंतःस्रावी ग्रंथियाँ हार्मोन का स्त्राव सीधे रुधिर प्रवाह में करते है। रुधिर का प्रवाह शरीर के सभी कोशिकाओं तक होता है, जिससे ये हार्मोन अपने लक्ष्य स्थान तक पहुँच सकें। लक्ष्य स्थान हार्मोन के प्रति प्रतिक्रिया करता है और कार्य संपन्न करता है। हमारे शरीर में अनेक अंतःस्रावी ग्रंथियाँ उपस्थित होती है।

मनुष्य वृषण एवं अंडाशय लैंगिक हार्मोन स्त्रावित करते है। इनका नियंत्रण पीयूष ग्रंथि द्वारा किया जाता है। पीयूष ग्रंथि अनेक हार्मोन का स्त्रवण करती है, जिसमें से एक हार्मोन वृषण से शुक्राणु एवं अंडाशय से अंडाणु के परिपक्व (विकसित) होने को नियंत्रित करता है। जो जनन के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है।

मानव में जनन काल की अवधि

जब मनुष्यों में किशोरावस्था के समय अंडाणु और वृषण पूर्ण विकसित होकर युग्मक उत्पादित करने लगते है, तो इस समय से वे जनन के योग्य हो जाते हैं। स्त्रियों में जननांगों का विकास यौवनारम्भ (10 से 12 वर्ष की आयु) से प्रारम्भ हो जाता है तथा सामान्यतः 45 से 50 वर्ष की आयु तक समाप्त हो जाता है।

स्त्रियों में जनन : केवल स्त्रियों में ही गर्भाशय विकसित होता है। जिसमें शिशु का जन्म सम्भव है। यौवनारम्भ चालू होने के साथ अंडाणु विकसित होने लगते है। अंडाशयों में एक अंडाणु विकसित होता है तथा 28 से 30 दिनों के अंतराल में किसी एक अंडाशय द्वारा अंडाणु निर्मोचित (release) होता है। इस समय गर्भाशय की दिवार मोटी हो जाती है, जिससे वह अंडाणु के निषेचन (प्रवेश) के पश्चात युग्मनज को ग्रहण कर सके और गर्भधारण हो सके।

यदि अंडाणु का निषेचन नहीं होता, तो ऐसी स्थिति में अंडाणु तथा गर्भाशय की मोटी दिवार की स्तर रुधिर वाहिकाओं के साथ बाहर निकाल दिए जाते है। जिससे स्त्रियों में रक्त का स्त्राव होता है, जिसे ऋतुस्त्राव या रजोधर्म कहते हैं। ऋतुस्त्राव एक महीने में या 28 से 30 दिनों में एक बार होता है।

पहला स्त्राव यौवनारम्भ के समय होता है, जिसे रजोदर्शन कहते है। शुरू-शरू में ऋतुस्त्राव चक्र के समय में अनियमितता हो सकती है, परन्तु धीरे-धीरे कुछ समय के बाद यह नियमित हो जाता है। लगभग 45 से 50 वर्ष की आयु के बाद ऋतुस्त्राव रुक जाता है। ऋतुस्त्राव के रुकने को रजोनिर्वृत्ती कहते हैं।

ऋतुस्त्राव चक्र का नियंत्रण हार्मोन के द्वारा होता है। इस चक्र में अंडाणु का परिपक्व होना, अंडाणु का निषेचन होना, गर्भाशय की दिवार का मोटा होना, निषेचन न होने पर मोटी परत का टूटना और बाहर निकलना शामिल है। अगर निषेचन हो जाता है, तो वह गर्भाशय में स्थापित हो जाता है और गर्भाशय में विकसित होने लगता है।

संतति का लिंग निर्धारण

संतति के लिंग निर्धारण से आशय है कि गर्भाशय में जो शिशु विकसित होता है, वह लड़का होगा या लड़की। इसका निर्धारण धागे के समान संरचना जिन्हें गुणसूत्र कहते है, उनके द्वारा होता है। हम जानते हैं कि कोशिका के भीतर केन्द्रक में ये गुणसूत्र उपस्थित होते हैं। अंडाणु कोशिका एवं शक्राणु कोशिका में ये गुणसूत्र संतान का लिंग निर्धारण करते हैं।

सभी मनुष्यों की कोशिकाओं के केन्द्रक में 23 जोड़े गुणसूत्र पाए जाते हैं। जिनमें से एक जोड़ा अर्थात 2 गुणसूत्र लिंग गुणसूत्र होते हैं, जिन्हेंं X गुणसूत्र और Y गुणसूत्र कहते हैं। लड़कियों में दो X प्रकार के गुणसूत्र होते हैं एवं लड़कों में X तथा Y प्रकार के गुणसूत्र होते हैं। युग्मक (अंडाणु एवं शुक्राणु) में गुणसूत्रों का एक जोड़ा होता है।

ocr_image

अनिषेचित अंडाणु में केवल एक X गुणसूत्र होता है, परन्तु शुक्राणु में दो प्रकार के गुणसूत्र एक X गुणसूत्र तथा एक Y गुणसूत्र होते है। जब X गुणसूत्र वाला शुक्राणु अंडाणु को निषेचित करता है, तो दो X गुणसूत्र (XX गुणसूत्र) मिलते हैं। जो मादा शिशु में विकसित होगा अर्थात संतान लड़की पैदा होगी। जब Y गुणसूत्र वाला शुक्राणु अंडाणु को निषेचित करता है, तो XY गुणसूत्र मिलने से नर शिशु में विकसित होगा अर्थात संतान लड़का पैदा होगा।

इस प्रकार गुणसूत्रों के द्वारा संतान के लिंग का निर्धारण होता है। संतान के लिंग के निर्धारण के लिए पिता के शुक्राणुओं में उपस्थित गुणसूत्र उत्तदायी होते हैं। माता में केवल एक ही प्रकार का गुणसूत्र पाया जाता है। अतः लिंग निर्धारण के लिए माता को उत्तरदायी मानन बिल्कुल गलत है।

कीट एवं मेंढक के जीवन चक्र में हार्मोन का योगदान

कीट, मेंढक एवं अन्य सभी प्राणियों में हार्मोन एक बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आइये इन्हें एक-एक करके समझते हैं -

कीट : बच्चों आप सभी ने रेशम के कीड़े के जीवन चक्र के बारे में तो पढ़ा ही होगा कि कैसे लार्वा से वयस्क बनने के लिए विभिन्न चरणों से गुजरना पड़ता है। लार्वा से वयस्क बनने की प्रक्रिया को कायांतरण कहते हैं। कीटों में कीट हार्मोन पाया जाता है, जो उनके कायांतरण को नियंत्रित करता है।

मेंढक : मेंढक तो आप सभी ने देखा ही होगा। मेंढक में प्रजनन के फलस्वरूप अंडे विकसित होते हैं। फिर उनसे लार्वा के समान जीव निकलते है। जो पूर्ण रूप से मेंढक नहीं होते, इस अवस्था को टैडपोल कहते हैं। टैडपोल को मेंढक बनने के लिए विभिन्न चरणों से गुजरना पड़ता है। मेंढक में थायरॉइड ग्रंथि द्वारा स्त्रावित थायरॉक्सिन हार्मोन वृद्धि को नियंत्रित करता है।

ocr_image

हम जानते हैं कि थायरॉक्सिन हार्मोन के निर्माण के लिए आयोडीन की आवश्यकता होती है। इसलिए जिस जल में टैडपोल वृद्धि करते है, यदि उस में आयोडीन की उपयुक्त मात्रा न हो तो टैडपोल वयस्क मेंढक में परिवर्तित नहीं हो पाते।

जननात्मक स्वास्थ्य

किशोरावस्था में युवाओं को अपने स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखना चाहिए। व्यक्ति का शारीरिक एवं मानसिक रोगों से मुक्त होना उस व्यक्ति का स्वास्थ्य कहलाता है। किशोरों को स्वस्थ रहने के लिए उन्हें अपने खान-पान का विशेष ख्याल रखना चाहिए। साथ ही शरीर को स्वस्थ रखने के लिए व्यायाम करना चाहिए एवं बुरी आदतों से दूर रहना चाहिए। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए नीचे कुछ आवश्यक बिंदु दिए गए है, जो निम्न है -

  • किशोरों के पोषण की आवश्यकताएँ

  • व्यक्तिगत स्वच्छता

  • शारीरिक व्यायाम

  • नशीली दवाओं से दूरी
आइये इन ऊपर दिए बिंदुओं पर चर्चा करें -

किशोरों के पोषण की आवश्यकताएँ : किशोरों के भोजन में पोषण की आवश्यकता बहुत अधिक होती है। चूँकि किशोरावस्था में शरीर अधिक तीव्रता से वृद्धि करता है, जिसके लिए शरीर को सभी प्रकार के पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है।

हम पहले पढ़ चुके हैं कि ऐसा आहार जिसमें सभी प्रकार के पोषक तत्व उपस्थित होते हैं, उसे संतुलित आहार कहते हैं। संतुलित आहार में प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, वसा, विटामिन एवं खनिज पदार्थ उपस्थित होते हैं। हमारा भारतीय भोजन जिसमें दाल, चावल, रोटी, सब्जियाँ होते है, एक सन्तुलित आहार है। जिसमें सभी प्रकार पोषक तत्व प्राप्त हो जाते हैं।

दूध भी पोषण का एक अच्छा साधन है। फलों से भी बहुत से पोषक तत्वों की प्राप्ति होती है। पोषक तत्वों में लौह (आयरन) तत्व द्वारा रुधिर का निर्माण होता है। लौह तत्व हमें पत्तेदार सब्जियों, मांस, गुड़, आँवला आदि से प्राप्त होता है। नीचे एक सारणी दी गयी है, जिसमें खाद्य पदार्थ एवं उनसे प्राप्त होने वाले पोषक तत्वों को जाना जा सकता है -

ocr_image

व्यक्तिगत स्वच्छता : किशोरावस्था में युवाओं को स्वच्छता का विशेष रूप से ध्यान रखना चाहिए। क्यूंकि यौवनारम्भ में किशोरों में स्वेद ग्रंथियों और तेल ग्रंथियों के अधिक क्रियाशील होने के कारण शरीर से दुर्गन्ध आने लगती है और जीवाणुओं से संक्रमण का खतरा भी होता है। इस कारण शारीरिक स्वच्छता को बनाये रखने के लिए प्रतिदिन कम से कम एक बार अच्छे से स्नान करना चाहिए एवं शरीर के सभी अंगों की अच्छे से सफाई करनी चाहिए।

लड़कियों को ऋतुस्त्राव के समय शारीरिक स्वच्छता का अच्छे से ध्यान रखना चाहिए। गंदे कपड़े का उपयोग नहीं करना चाहिए, सेनेटरी पैड का उपयोग करना चाहिए। ऋतुस्त्राव चक्र का ध्यान रखते हुए ऋतुस्त्राव के लिए तैयार रहना चाहिए।

शारीरिक व्यायाम : किशोरावस्था में प्रवेश करने वाले सभी युवक युवतियों को खेल कूद एवं व्यायाम में बढ़ चढ़कर भाग लेना चाहिए। सुबह उठकर ताजी ठण्डी हवा में टहलना चाहिए। इन सभी क्रियाकलापों से शरीर में ताजगी रहती है और शरीर चुस्त-दुरुस्त एवं स्वस्थ रहता है।

नशीली दवाओं से दूरी : आज-कल समाज में नशीली दवाओं के कारण युवाओं में नशे की लत तेजी से बढ़ती जा रही है। किशोरावस्था युवाओं में शारीरिक एवं मानसिक सक्रियता का समय होता है। इस समय युवा अपने शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों के कारण भ्रमित और असुरक्षित महसूस करने लगते है, जिसके कारण अन्य लोगों के बहकावे में आकर नशीली दवाओं का सेवन करने लगते है।

युवाओं को अन्य लोगों के बहकावे में नहीं आना चाहिए। ये सभी नशीली दवाएँ शरीर को कमजोर बनती है, इनका सेवन करना सेहत के लिए हानिकारक होता है। सभी मनुष्यों को नशीली दवाओं से दूर ही रहना चाहिए।

सारांश

  1. मनुष्य में 11 से 19 वर्ष की अवधि को किशोरावस्था कहते हैं। किशोरावस्था में जननांगों का विकास हो जाता है।

  2. यौवनारम्भ में युवाओं में अनेक शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तन होने लगते हैं जैसे - लंबाई में वृद्धि, स्वर में परिवर्तन, जननांगों का विकास, शरीर की आकृति में वृद्धि, मानसिक परिपक्वता आदि।

  3. यौवनारम्भ में लड़के एवं लड़कियों में कुछ गौण लैंगिक लक्षण दिखाई देने लगते हैं। लैंगिक लक्षणों के लिए दो हार्मोन उत्तरदायी हैं - टेस्टोस्टेरॉन, एस्ट्रोजन।

  4. पीयूष ग्रंथि का कार्य शरीर के अन्य ग्रंथियों के द्वारा स्त्रावित होने वाले हार्मोन का नियंत्रण करना है।

  5. लड़कियों के गर्भाशय में अंडाणु निषेचित न होने के कारण गर्भाशय की मोटी स्तर रक्त के साथ बाहर निकल जाती है, जिसे ऋतुस्त्राव कहते हैं। गर्भाश्य का विकास होने से ऋतुस्त्राव प्रारम्भ हो जाता है।

  6. संतति के लिंग निर्धारण के लिए पिता के शुक्राणु में उपस्थित X और Y गुणसूत्र उत्तरदायी होते है।

  7. कीटों में कायांतरण के लिए कीट हार्मोन पाया जाता है और टैडपोल से मेंढक में वृद्धि थायरॉक्सिन नामक हार्मोन के द्वारा होती है।

  8. किशोरावस्था में युवाओं को संतुलित आहार लेना, शारीरिक स्वच्छता का ध्यान रखना एवं नशीली दवाओं से दूर रहना बहुत ही आवश्यक है।