Doubtnut Promotions Sticky

जंतुओं में जनन कक्षा 8 विज्ञान

भूमिका

बच्चों जैसा कि हम जानते हैं कि सजीवों में अपने समान जीव उत्पन्न करने की प्रक्रिया को प्रजनन कहते हैं। सभी जंतु और पेड़-पौधे प्रजनन करके अपने समान जीव उत्पन्न करते हैं। किसी भी जीव के लिए उसकी जाति के अस्तित्व को बनाये रखने के लिए जनन बहुत ही आवश्यक होता है। यदि जीव जनन नहीं करते, तो उनकी प्रजातियाँ नष्ट हो जाती।

तो आज हम इस अध्याय में जंतुओं में जनन के बारे में चर्चा करेंगे और जानेंगे की जंतुओं में किस प्रकार से जनन होता है ? नर जनन अंग एवं मादा जनन अंग के बारे में पढ़ेंगे तथा भ्रूण से शिशु के विकास के बारे में भी चर्चा करेंगे।

जनन एवं जनन की विधियाँ

जनन : हम जानते हैं कि सभी सजीवों में बहुत से विशेष गुण पाए जाते हैं, जो उनके जीवन के लिए बहुत ही आवश्यक होते हैं। जीवों द्वारा अपने समान जीव उत्पन्न करने की प्रक्रिया को जनन कहते हैं। जनन सभी पेड़-पौधों और जंतुओं में होता है। जनन के द्वारा ही पीढ़ी दर पीढ़ी जंतु एवं पादपों की जाति (स्पीशीज) सुरक्षित बनी रहती है। इस प्रकार जनन बहुत ही आवश्यक होता है।

जनन की विधियाँ : जंतुओं में जनन की दो विधियाँ होती है, जो निम्न है -

  1. लैंगिक जनन

  2. अलैंगिक जनन

लैंगिक जनन

जनन की वह विधि जिसमें नर एवं मादा दो जनकों के मिलने से नए जीव का निर्माण होता है, उसे लैंगिक जनन कहते हैं। लैंगिक जनन जंतु एवं पेड़ पौधे दोनों में ही होता है। लैंगिक जनन के लिए नर जनन अंग एवं मादा जनन अंग उपस्थित होते हैं। यह तो हम जानते ही हैं कि पौधों में नर जननांग पुंकेसर और मादा जननांग स्त्रीकेसर होता है।

इसी प्रकार जंतुओं में भी नर जननांग तथा मादा जननांग अलग-अलग होते हैं। पौधों की तरह ही जंतु भी नर तथा मादा युग्मकों का निर्माण करते हैं। जनन कोशिकाओं को युग्मक कहते हैं। नर में शुक्राणु तथा मादा में अंडाणु युग्मक मिलकर युग्मनज का निर्माण करते हैं। यही युग्मनज विकसित होकर आगे नए जीव का निर्माण करता है।

आगे हम मनुष्य के जननांगो और मनुष्यों में जनन की विधि के बारे में भी चर्चा करेंगे।

नर जनन अंग

नर युग्मक (जनन कोशिका) उत्पादित करने वाले अंग एवं जनन कोशिकाओं को निषेचन के स्थान तक पहुँचाने वाले अंगों को संयुक्त रूप से नर जनन तंत्र कहते हैं।

नर जनन तंत्र निम्नलिखित लैंगिक अंगों से मिलकर बनते हैं-

  1. वृषण

  2. शुक्रवाहिका

  3. लिंग (शिश्न)


ocr_image

वृषण : सभी पशुओं तथा मनाव में पाया जाने वाला नर जनन ग्रंथि है। मनाव में दो वृषण होते हैं, जो एक थैली में सेट होते हैं। उस थैली को अंडकोष कहा जाता है। इस थैली की त्वचा ढीली होती है, जो गर्मियों में अधिक बढ़कर लटक जाती है तथा सर्दियों में सिकुड़ जाती है। अंडकोष की लंबाई 5 सेमी होती है और 2.5 सेमी चौड़ाई होती है।

ocr_image

वृषण में युग्मकों (जनन कोशिका) का उत्पादन होता है, जिन्हें शुक्राणु कहते हैं। वृषण में लाखों की संख्या में शुक्राणुओं का निर्माण होता है। शुक्राणु का आकार बहुत ही सूक्ष्म होता है। ऊपर शुक्राणु का चित्र देखा जा सकता है। जिसमें शुक्राणु का एक सिर, मध्य भाग एवं एक पूँछ देखा जा सकता है।

शुक्रवाहिका : दोनों तरफ के वृषण एक नलिका से जुड़े होते हैं, जिसको शुक्रवाहिका कहते हैं। यह एक पतली नलिका होती है। ये शुक्राणुओं को आगे की ओर बढ़ाने का काम करती है।

लिंग (शिश्न) : शिश्न पुरुषों का संभोग करने वाला अंग होता है। शिश्न के माध्यम से ही शुक्राणु मादा के प्रजनन तंत्र में पहुँचते हैं। मूत्र मार्ग मूत्राशय से प्रारम्भ होकर शिश्न से गुजरकर उसके (शिश्न के) ऊपरी भाग में खुलता है। शिश्न में अत्यधिक रक्त की आपूर्ति होती है। साथ-ही-साथ इसकी पेशियाँ भी विशेष प्रकार की होती है। जो इसे कड़ापन प्रदान करती है। शिश्न शुक्राणुओं को शरीर से बाहर निकालकर मादा की योनि के भीतर तक पहुँचाता है।

मादा जनन अंग

महिलाओं में जनन क्षमता 10 से 14 वर्ष के मध्य से ही प्रारम्भ हो जाती है, और यह 52 वर्ष तक रहती है। जब महिला 52 वर्ष से अधिक की हो जाती है, तो उसकी प्रजनन क्षमता भी कम होने लगती है। मादा जनन तंत्र में निम्नलिखित अंग होते हैं-

  1. अंडाशय

  2. अंड वाहिनी

  3. गर्भाशय

  4. योनि


ocr_image

अंडाशय : इनकी संख्या दो होती है, इनका कार्य हार्मोन्स पैदा करना होता है। जब लड़की वयस्क हो जाती है, तब ये विकसित होते है। प्रत्येक अंडाशय एक अंडाकार रचना होती है। प्रत्येक अंडाशय लगभग 4 सेमी लम्बा, 2.5 सेमी चौड़ा और 1.5 सेमी मोटा होता है। अंडाशय के भीतर अंडाणुओं का निर्माण होता है। अंडाशय का बाह्य स्तर एपिथीलियम का बना होता है, जिसे जनन एपिथीलियम कहते हैं। अंडाशय का आन्तरिक भाग तंतुओं एवं संयोजी ऊतक का बना होता है, जिसे स्टोमा कहते हैं। अंडाशय का मुख्य कार्य अंडाणु पैदा करना है।

ocr_image

अंड वाहिनी : अंड वाहिनी की संख्या दो होती है और इसका कार्य अंडाणु को गर्भाशय तक पहुँचाना होता है। जो गर्भाशय के ऊपरी भाग के दोनों तरफ लगी रहती है। प्रत्येक अंड वाहिन नलिका लगभग 10 सेमी लम्बी होती है। इस नलिका का एक सिरा गर्भाशय से जुड़ा रहता है और दूसरा सिरा अंडाशय की ओर उँगलियों के समान पकड़ बनाता है। इस रचना को फिम्ब्री कहते हैं। स्त्रियों में प्रतिमाह दो अंडाशयों में से किसी एक विकसित अंडाणु, अंड वाहिनी द्वारा गर्भाशय में निर्मोचित (निकालना) होते हैं। अतः अंड वाहिनी का प्रमुख कार्य अंडाणुओं को गर्भाशय में पहुँचाना है।

गर्भाशय : यह एक नाशपाती के समान रचना होती है, जो श्रोणिगुहा में स्थित होती है। यह सामान्यतः 7.5 सेमी लम्बा, 5 सेमी चौड़ा तथा 3.5 सेमी मोटा होता है। इसके ऊपर की तरफ दोनों ओर अर्थात दाएँ और बाएँ तरफ अण्डवाहिनी खुलती है। इसका निचला भाग सँकरा होता है, जिसे ग्रीवा कहते हैं। ग्रीवा आगे की ओर योनि में परिवर्तित हो जाता है। गर्भाशय का निचला छिद्र इसी में खुलता है। गर्भाशय की भित्ति पेशीय होती है, जिसके भीतर खाली जगह होती है। गर्भाशय में ही शिशु का विकास होता है।

योनि : यह एक नली के समान रचना होती है। यह लगभग 7.5 सेमी लम्बी होती है। यह बाहर के तल से गर्भाशय तक फैली रहती है। इसके सामने मूत्राशय तथा नीचे मलाशय स्थित होता है। योनि की दीवार पेशीय ऊतक की बनी होती है। योनि का एक सिरा मादा जनन छिद्र के रूप में बाहर खुलता है तथा दूसरा सिरा पीछे की ओर गर्भाशय की ग्रीवा से जुड़ा रहता है। योनि के शरीर से बाहर खुलने वाले छिद्र को योनि मार्ग कहते हैं। योनि मार्ग से ही नर युग्मक मादा के गर्भाशय में पहुँचता है।

निषेचन

बच्चों हम जानते हैं कि मनुष्य में लैंगिक जनन होता है। जिसके लिए उनमें नर एवं मादा जनन अंग पाए जाते हैं। जब नर युग्मक (शुक्राणु) मादा युग्मक (अंडाणु) के संपर्क में आते हैं, तो लाखों शुक्राणुओं में से एक शुक्राणु, अंडाणु के साथ मिल जाता है। शुक्राणु का अंडाणु के साथ मिलने को निषेचन कहते हैं।

ocr_image

शुक्राणु एवं अंडाणु के निषेचन की क्रिया के फलस्वरूप युग्मनज का निर्माण होता है, यही युग्मनज विकसित होकर शिशु में परिवर्तीत होता है। पिता के शुक्राणु और माता के अंडाणु के मिलने से युग्मनज या संतान की उत्पत्ति होती है, इस कारण संतान में कुछ अनुवांशिक गुण पिता के होते हैं तथा कुछ गुण माता के होते हैं। परन्तु ऐसा हमेंशा ही संभव नहीं होता है। कभी-कभी कुछ अन्य गुण भी उत्पन्न हो जाते हैं।

ocr_image

निषेचन के परिणाम स्वरूप युग्मनज का निर्माण होता है। निषेचन दो प्रकार के होते हैं:-

आंतरिक निषेचन : वह निषेचन जो मादा के शरीर के अंदर में होता है, आंतरिक निषेचन कहलाता है। उदाहरण:- शेरनी, हथनी आदि में आंतरिक निषेचन होता है। मनुष्यों में भी आतंरिक निषेचन होता है।

बाह्य निषेचन : वह निषेचन जिसमें अंडाणु और शुक्राणु का मिलन मादा के शरीर से बाहर होता है, वह बाह्य निषेचन कहलाता है। उदाहरण:- जलीय प्राणी जैसे मछली, मेंढक, स्टारफिश आदि।

प्रायः वर्षा ऋतू अथवा वसंत ऋतू के समय मेंढक तालाब या धीमी गति से बहते जल के समीप पाए जाते हैं। यह समय मेंढकों के प्रजनन का समय होता है। जब नर और मादा मेंढक एक साथ जल में आते है, तब मादा मेंढक जल में सैकड़ों अंडे छोड़ती है एवं नर उस पर शुक्राणु छोड़ता है। शुक्राणुओं में पूँछ होते है, जिसकी सहायता से वे जल में आसानी से इधर-उधर तैर सकते हैं।

शुक्राणु जल में तैरते हुए अंडाणुओं से मिलकर निषेचित हो जाते हैं। निषेचन के पश्चात भ्रूण का विकास होता है, परन्तु सभी अंडे निषेचित नहीं होते हैं क्यूंकि कुछ अंडाणुओं का अन्य जीवों के कारण भक्षण हो जाता है एवं कुछ मार्ग से विचलित हो जाते हैं। इसलिए इनमें से केवल कुछ ही निषेचित होकर भ्रूण में परिवर्तित होते हैं। इस प्रकार मेंढकों में और अन्य जलीय जीवों में बाह्य निषेचन होता है। मादा मेंढक के अंडे नर्म, चिपचिपे जैली के समान पदार्थ के अंदर होते हैं।

परखनली शिशु

बच्चों आपने कभी सुना होगा कि कुछ स्त्रियाँ माँ नहीं बन सकती अर्थात शिशु उत्पन्न करने में असमर्थ होती है। ऐसा इसलिए होता है क्यूंकि कुछ स्त्रियों की अण्ड वाहिनियाँ अवरूद्ध (जाम या बंद) होती है, जिसके कारण शुक्राणु, मार्ग बंद होने के कारण अंडाणु तक नहीं पहुँच पाते। जिससे निषेचन नहीं हो पता है और गर्भधारण नहीं होता।

ऐसी स्थिति में डॉक्टर ताजे शुक्राणु और अंडाणु को एकत्र करके उन्हें कुछ घंटों के लिय एक साथ रखते हैं, जिससे शरीर के बाहर कृत्रिम रूप से निषेचन किया जाता है, इसे IVF अथवा इनविट्रो निषेचन कहते हैं। अगर निषेचन सफलतापूर्वक हो जाता है, तब युग्मनज को एक सप्ताह तक विकसित किया जाता है। इसके बाद उसे माता के गर्भाशय में स्थापित कर दिया जाता है।

ocr_image

माता के गर्भाशय में युग्मनज का पूर्ण विकास होता है एवं शिशु का जन्म सामान्य शिशु की तरह ही होता है। गर्भधारण की इस विधि में बाह्य निषेचन होता है। इस विधि द्वारा जन्मे शिशु को परखनली शिशु कहते हैं। इसे परखनली शिशु इसलिए कहा जाता है क्यूंकि इस प्रक्रिया में निषेचन परखनली में किया जाता है।

भ्रूण का परिवर्धन

नर एवं मादा युग्मक के निषेचन के परिणाम स्वरूप भ्रूण का निर्माण होता है, यही भ्रूण विकसित होकर शिशु के रूप में वृद्धि करता है। हम जानते हैं कि मानव शरीर की संरचनात्मक इकाई कोशिका है। युग्मनज जनन कोशिकाओं से मिलकर बना होता है। ये कोशिकाएँ लगातार विभाजित होते रहती हैं। युग्मनज की कोशिका के विभाजन से अलग-अलग ऊतकों का निर्माण होता है, ये ऊतक समूह बनाकर अंगों का निर्माण करते हैं। इस विकसित होती हुई संरचना को भ्रूण कहते हैं।

ocr_image

भ्रूण गर्भाशय के आंतरिक दिवार में चिपककर वृद्धि करता है। गर्भाशय में भ्रूण का निरंतर विकास होता रहता है। धीरे-धीरे भ्रूण में विकास के साथ विभिन्न अंगों का विकास होने लगता है। जैसे - हाथ, पैर, आँख, नाक, कान आदि। जब शरीर के सभी अंगों का विकास हो जाता है तथा सभी अंगों की पहचान की जा सकती है, तब इसे गर्भ कहते हैं। अतः जब गर्भ का पूर्ण विकास हो जाता है, तब माँ एक नवजात शिशु को जन्म देती है।

ocr_image

बच्चों आप यह तो जानते हैं कि सभी जीव बच्चे नहीं देते कुछ जीव अंडे देते हैं, जिनसे बच्चे निकलते हैं। क्या आप जानते है कि उनमें किस प्रकार से जनन होता है ? हम जानते हैं कि मुर्गी अंडे देती है। मुर्गी में भी आंतरिक निषेचन होता है। निषेचन के पश्चात गर्भाशय में युग्मनज का विभाजन होने लगता है और अंडवाहिनी में नीचे की ओर बढ़ने लगता है।

ocr_image

नीचे बढ़ने के साथ-साथ युग्मनज के चारों ओर एक सुरक्षा का आवरण बनने लगता है। मुर्गी के अंडे का बाहरी कठोर भाग यही सुरक्षा का आवरण होता है। जब सुरक्षा का आवरण या कठोर परत पूरी तरह बन जाता है, तो मुर्गी द्वारा अंडे को बाहर निकाल दिया जाता है। मुर्गी अंडे देने के बाद उन्हें ऊष्मा देने के लिए उन पर बैठती है। मुर्गी के अंडे से चूजे को बाहर निकलने के लिए लगभग 3 सप्ताह का समय लगता है।

बाह्य निषेचन वाले जीवों में भ्रूण का विकास गर्भाशय के बाहर होता है। निषेचन के पश्चात अंड-आवरण के अंदर ही भ्रूण का विकास होता है। भ्रूण के विकास के बाद अंडे से जीव उत्सर्जित होता है या बाहर निकलता है।

जरायुज एवं अंडप्रजक जंतु

जरायुज जंतु : जैसा कि हम जानते हैं, कुछ जंतु सीधे बच्चों को जन्म देते हैं, उन्हें जरायुज जंतु कहते हैं। प्रायः सभी स्तनधारी जीव सीधे बच्चे देते हैं। उदाहरण- मनुष्य ,कुत्ता आदि।

अंडप्रजक जंतु : वह जंतु जो सीधे बच्चे नहीं देते। वे अंडे देते हैं, जिनसे बच्चे निकलते हैं, उन जंतुओं को अंडप्रजक जंतु कहते हैं। उदाहरण- मगरमच्छ, छिपकली, साँप, पक्षी आदि। अधिकतर पक्षी वर्ग के सभी जीव अंडे देते हैं।

शिशु से वयस्क

हमने जंतुओं में होने वाले जनन का अध्ययन किया, जिसमें से कुछ जंतु सीधे बच्चे देते है और कुछ अंडे देते हैं, जिनसे अंडे के फूटने से बच्चे निकलते हैं। ये शिशु अवस्था में होते है। अतः नवजात शिशु में या अंडे से निकले शिशु में तब तक विकास होता है, जब तक वे वयस्क अवस्था में नहीं आ जाते। शिशु जैसे-जैसे वयस्क अवस्था में आते जाते हैं, उनमें परिवर्तन होने लगता है। कुछ जंतुओं में वयस्क जंतु, नवजात अवस्था से बिल्कुल ही अलग दिखाई देते हैं। कुछ विशेष परिवर्तन के साथ जंतुओं का वयस्क में विकास होना कायांतरण कहलाता है।

आइये कुछ जीवों के उदाहरण से कायांतरण को समझते हैं-

रेशम कीट : बच्चों आपने रेशम कीट और इसके जीवन चक्र के बारे में तो जरूर ही पढ़ा होगा। रेशम कीट से कोकून प्राप्त किया जाता है, जिससे रेशम बनाया जाता है। रेशम कीट सर्वप्रथम अंडे से लार्वा के रूप में निकलता है, फिर प्यूपा से वयस्क अवस्था में विकसित होता है। जैसा की चित्र में प्रदर्शित किया गया है।

ocr_image

मेंढक : इस अध्याय में हमने मेंढक में होने वाले जनन के बारे में जाना कि निषेचन के पश्चात निषेचित अंडाणु के अंडे में भ्रूण विकसित होता है। मेंढक को पूर्ण विकसित होने के लिए मुख्य तीन चरणों से गुजरना पड़ता है। पहला अंडा इसके बाद टैडपोल (लार्वा) फिर अंत में वयस्क अवस्था में मेंढक के रूप में पूर्ण विकसित होता है। टैडपोल अवस्था में हम मेंढक को बिल्कुल नहीं पहचान सकते। नीचे चित्र में मेंढक का जीवन चक्र दर्शाया गया है।

ocr_image

मनुष्यों में नवजात अवस्था से ही सभी अंग स्पष्ट रूप से उपस्थित होते हैं। इसलिए मनुष्यों में किसी भी प्रकार का कायांतरण नहीं पाया जाता है।

अलैंगिक जनन

ऐसे जनन जिसमें केवल एक ही जनक अपने समान जीव उत्पन्न करता है या नए जीव को जन्म देता है, उसे अलैंगिक जनन कहते हैं। अलैंगिक जनन मुख्यतः सूक्ष्म जीवों में होता है। जनन की इस प्रक्रिया में कोशिका विभाजन द्वारा नए जीव का निर्माण होता है। अलैंगिक जनन में निषेचन की आवश्यकता नहीं पड़ती है। आइये कुछ जीवों के बारे में जानते हैं, जिनमें अलैंगिक जनन होता है -

हाइड्रा : नीचे चित्र में हाइड्रा के आकार को देखा जा सकता है। हाइड्रा एक जलीय सूक्ष्म जीव होता है। इसके शरीर से एक या एक से अधिक उभार निकले होते हैं। ये असल में विकसित होते नए जीव होते हैं, इन्हें मुकुल कहते हैं। हाइड्रा के समान यीस्ट में भी मुकुल दिखाई देते हैं। ये मुकुल पूरी तरह विकसित होने के बाद शरीर से अलग होकर नए जीव बन जाते हैं। हाइड्रा में मुकुल से नए जीव का निर्माण होता है, इसलिए अलैंगिक जनन की इस विधि को मुकुलन कहते हैं। हाइड्रा में केवल एक ही जनक की आवश्यकता पड़ती है।

ocr_image

अमीबा : अमीबा के बारे में हम सब जानते ही हैं। यह एककोशिकीय सूक्ष्म जीव होते हैं, जिनमें केन्द्रक पाया जाता है। अमीबा के आकार के बारे में तो हम सब ही जानते हैं कि इसका आकार अनिश्चित होता है। अमीबा में उपस्थित केन्द्रक दो भागों में विभाजित होने लगता है, यही अमीबा में जनन का आरम्भ है। धीरे-धीरे कोशिका भी दो भागों में विभाजित या विखंडित होने लगती है। दोनों भागों में केन्द्रक होता है परिणाम स्वरूप दो अमीबा का निर्माण होता है। इस प्रकार अमीबा में अलैंगिक जनन द्वारा एक ही जनक से दो नए जीवों का निर्माण होता है। अलैंगिक जनन की ऐसी विधि जिसमें एक जीव से दो नए जीवों का निर्माण होता है, उसे द्विखंडन कहते हैं।

ocr_image

क्लोनिंग

सभी जीवों का जन्म प्राकृतिक रूप से प्राकृतिक प्रक्रिया द्वारा होता है। जब किसी कोशिका या किसी जीव को कृत्रिम रूप से प्रयोगशाला में बनाया जाता है, तो ऐसी प्रक्रिया को क्लोनिंग कहते हैं। क्लोनिंग की प्रक्रिया द्वारा बने जीव को क्लोन कहते हैं।

किसी जीव की क्लोनिंग सर्वप्रथम इयान विलमट एवं उनके सहयोगी साथियों ने स्कॉटलैंड के एडिनबर्ग नामक शहर के रोजलिन इंस्टिट्यूट में किया था। उन्होंने एक भेड़ का क्लोन तैयार किया था, जिसका नाम डॉली रखा गया था। डॉली एक फिन डॉरसेट भेड़ की एक स्वस्थ क्लोन थी, क्यूंकि इसे फिन डॉरसेट की कोशिका के केन्द्रक से बनाया गया था। यह एक पहला स्तनधारी क्लोन था। डॉली का जन्म 5 जुलाई 1996 को हुआ था।

फेफड़ों के रोग के कारण 14 फरवरी 2003 को डॉली की मृत्यु हो गयी। क्लोन वाले जीवों में प्रायः जन्म के समय विकृतियाँ होती है, जिससे जन्म के समय ही उनकी मृत्यु हो जाती है।

सारांश

  1. सजीवों में अपने समान जीव उत्पन्न करने की प्रक्रिया को जनन कहते हैं। जनन दो प्रकार का होता है- लैंगिक जनन और अलैंगिक जनन।

  2. लैंगिक जनन में दो जनकों का होना आवश्यक होता है, जिनमें से एक नर जनक होता है तथा दूसरा मादा जनक होता है।

  3. नर एवं मादा में जनन के लिए विशेष अंग होते हैं, जिन्हें जनन तंत्र कहते हैं। नर एवं मादा में भिन्न-भिन्न जनन तंत्र होते हैं।

  4. मादा जनन तंत्र में गर्भाशय पाया जाता है। इस गर्भाशय के अंदर भ्रूण का विकास होता है।

  5. नर युग्मक और मादा युग्मक के संलयन से युग्मनज का निर्माण होता है तथा इस प्रक्रिया को निषेचन कहते हैं।

  6. निषेचन की दो विधियाँ होती है- आंतरिक निषेचन व बाह्य निषेचन।

  7. कुछ स्त्रियों में निषेचन शरीर के अंदर नहीं हो पाता। जिससे गर्भधारण नहीं होता, तब शरीर के बाहर कृत्रिम रूप से निषेचन करके युग्मनज को गर्भाशय में स्थापित किया जाता है, इसे परखनली शिशु कहते हैं।

  8. वे जीव जो अंडे देते है, उन्हें अंडप्रजक जीव कहते हैं एवं वे जीव जो सीधे बच्चे को जन्म देते हैं, उन्हें जरायुज जीव कहते हैं।

  9. कुछ जीव लार्वा अवस्था से विभिन्न परिवर्तनों से होकर वयस्क जंतु में बदलते हैं, इस प्रक्रिया को कायांतरण कहते हैं।

  10. जनन की वह प्रक्रिया जिसमें केवल एक ही जनक भाग लेता है, ऐसे जनन को अलैंगिक जनन कहते हैं।

  11. हाइड्रा में मुकुलन द्वारा नए जीव का निर्माण होता है तथा अमीबा में द्विखंडन द्वारा नए जीव का निर्माण होता है। यह दोनों विधियाँ अलैंगिक जनन की विधियाँ हैं।