Doubtnut Promotions Sticky

ऊतक कक्षा 9 जीव विज्ञान

भूमिका

बच्चों, पिछले अध्याय में हमने कोशिका के बारे में अध्ययन किया था। कोशिका प्रत्येक जीव की संरचनात्मक एवं क्रियात्मक इकाई होती है। और हमें यह भी ज्ञात हुआ था कि प्रत्येक जीव कोशिकाओं से मिलकर बना हुआ है। फिर चाहे वह जीव एककोशिकीय हो या बहुकोशिकीय हो। जब हम एककोशिकीय जीव जैसे: अमीबा की बात करते हैं, तो हमें पता चलता है कि जीवन की सारी जैविक क्रियाएं एक ही कोशिका के अंदर संपन्न होती हैं। जैसे: पाचन, उत्सर्जन, श्वसन आदि। परंतु बच्चों, जब हम बहुकोशिकीय जीवों की बात करते हैं तो उनमें एक विशिष्ट प्रकार का ऊतक, अंग, अंगतंत्र पाया जाता है। यदि कोई जीव एक से अधिक कोशिकाओं का बना होता है तो हम उसे बहुकोशिकीय जीव कहते हैं और बहुकोशिकीय जीवों में कार्यों के दक्षता पूर्ण संचालन के लिए श्रम विभाजन पाया जाता है। अतः एक ही आकार एवं विशेषताओं की कोशिकाओं के समूह को जो मिलकर एक ही कार्य करते हैं, ऊतक कहलाता है। अर्थात हम कह सकते हैं कि कोशिकाओं का एक ऐसा समूह जो उत्पत्ति, संरचना एवं समान कार्य करने के लिए बना हो उसे ऊतक कहते हैं। पादप एवं जंतु दोनों में ही ऊतक पाए जाते हैं। अब हम दोनों में मौजूद ऊतकों की संरचना एवं कार्यों के बारे में अध्ययन करेंगे।

पादप ऊतक

ऊतक में पाई जाने वाली कोशिकाओं के आधार पर पादप ऊतक दो प्रकार के होते हैं।
1. विभज्योतकी ऊतक (Meristematic tissue)
2. स्थायी ऊतक (Permanent tissue)
अब हम संपूर्ण पादप उत्तक को संक्षिप्त रूप में चित्र के द्वारा समझ लेते हैं।



ocr_image

1. विभज्योतकी ऊतक (Meristematic tissue)

बच्चों, यह ऐसे ऊतक होते हैं जिनकी कोशिकाएं विभाजित होती रहती हैं। यह पौधों की वृद्धि वाले क्षेत्रों जैसे: मूल एवं तने के शीर्ष भागों पर पाए जाते हैं। इस ऊतक की कोशिकाएं छोटी, अंडाकार या बहुभुजी होती हैं। तथा इन कोशिकाओं की भित्ति सेल्यूलोज की बनी होती है। यह ऊतक अवयस्क तथा जीवित कोशिकाओं का बना होता है। इन कोशिकाओं में रसधानी नहीं पाई जाती है तथा कोशिकाओं के बीच अंतरा कोशिकीय स्थान भी नहीं पाया जाता है। पौधों में वृद्धि के स्थान के आधार पर विभज्योतकी ऊतक शीर्षस्थ (Apical), पार्श्वस्थ (Lateral) एवं अंतर्वेशी (Intercalary) होता है।

शीर्षस्थ (Apical)

यह तने एवं जड़ के शीर्ष भाग में पाया जाता है तथा पौधे की लंबाई वृद्धि में सहायक होता है। यह ऊतक प्राथमिक विभज्योतकी ऊतक से बनता है, इसीलिए यह पौधों में प्राथमिक वृद्धि करता है। इसकी कोशिकाएं विभाजित एवं विभेदित होकर स्थायी ऊतक बनाती हैं जो विशिष्ट कार्य करते हैं।

पार्श्वस्थ (Lateral)

यह जड़ तथा तने के पार्श्व भाग में पाया जाता है तथा द्वितीयक वृद्धि करता है। इससे संवहन ऊतक बनते हैं। संवहन ऊतक भोजन के संवहन का कार्य करते हैं। और बच्चों, संवहन ऊतक के कारण ही तने की चौड़ाई में वृद्धि होती है।

अंतर्वेशी (Intercalary)

यह पत्तियों के आधार में या टहनी के पर्व (Internode) के दोनों ओर पाए जाते हैं एवं वृद्धि करके स्थायी ऊतकों में परिवर्तित हो जाते हैं। बच्चों, अब हम विभज्योतकी ऊतक के तीनों प्रकार को चित्र के द्वारा समझ लेते हैं कि वह किस स्थान पर पाए जाते हैं।


ocr_image

2. स्थायी ऊतक (Permanent tissue)

विभज्योतिकी ऊतक की वृद्धि के फलस्वरूप स्थायी ऊतक बनता है। स्थायी ऊतक में विभाजन की क्षमता नहीं होती है परंतु यह कोशिकाओं का आकार एवं आकृति निश्चित करता है। इनमें मृत व सजीव दोनों प्रकार की कोशिकाएं पाई जाती हैं। इनकी कोशिका भित्ति पतली या मोटी हो सकती है। इनकी कोशिकाओं में बड़ी रसधानी पाई जाती है। संरचना के आधार पर स्थायी ऊतक दो प्रकार के होते हैं।

सरल स्थायी ऊतक
जटिल स्थायी ऊतक

सरल स्थायी ऊतक

सरल स्थायी ऊतक समरूप कोशिकाओं का बना होता है एवं यह निम्न प्रकार का होता है।
a. मृदूतक या पैरेनकाइमा (Parenchyma)
b. स्थूलकोण या कोलेनकाइमा (Collenchyma)
c. दृढ़ ऊतक या स्क्लेरेनकाइमा (Sclerenchyma)
बच्चों, अब हम सरल स्थायी ऊतक एवं जटिल स्थायी ऊतक को विस्तार पूर्वक पढेंगे।

a. मृदूतक या पैरेनकाइमा (Parenchyma)-

यह पतली भित्ति वाली जीवित कोशिकाओं से बना होता है। जो गोलाकार, अंडाकार, बहुभुजी या अनियमित आकार की होती हैं। इन कोशिकाओं में कोशिका भित्ति सेल्यूलोज की बनी होती है तथा कोशिकाओं के मध्य अंतराकोशिकीय स्थान पाया जाता है। कोशिकाओं के मध्य में एक बड़ी रसधानी पाई जाती है। यह नए तने मूल एवं पत्तियों के एपिडर्मिस तथा कॉर्टेक्स भाग में पाया जाता है।
कार्य
1. एपिडर्मिस के रूप में यह पौधों की रक्षा करता है।
2. यह पत्तियों में भोजन का निर्माण करता है।
3. यह तक संचित क्षेत्र में भोजन का संचय करता है तथा यह उत्सर्जित पदार्थ जैसे- गोंद, रेजिन, टैनिन आदि का संचय करता है।
4. यह ऊतक भोजन के पार्श्व चालन में सहायक होता है।
5. इस ऊतक में पाए जाने वाले अंतराकोशिकीय स्थान गैसीय विनिमय में सहायक होते हैं।
बच्चों, अब मृदूतक या पैरेनकाइमा को हम चित्र के द्वारा समझ लेते हैं।
ocr_image

b. स्थूलकोण ऊतक या कोलेनकाइमा-

इसकी कोशिकाएं केंद्रकयुक्त, लंबी, अंडाकार या बहुभुजी एवं जीवित तथा रसधानी युक्त होती हैं। इनमें हरितलवक पाया जाता है तथा इनकी कोशिकाओं में भित्ति के कोनों पर सेल्यूलोज पाए जाने के कारण स्थूलन आ जाता है। इसीलिए इन्हें स्थूलकोण ऊतक कहते हैं। इनमें कोशिकाओं के बीच बहुत कम स्थान होता है। यह ऊतक पौधों के नए भागों में पाया जाता है। जैसे: तने के एपिडर्मिस के नीचे, पर्णवृन्त, पुष्पवृंत और पुष्पावलीवृंत आदि। परंतु यह जड़ों में नहीं पाया जाता है।
कार्य- यह पौधों को यांत्रिक सहायता प्रदान करता है। जब इनमें हरितलवक या क्लोरोफिल पाया जाता है तब यह भोजन का निर्माण करता है। बच्चों, अब हम इन्हे चित्र के द्वारा समझ लेते है।
ocr_image

c- दृढ़ ऊतक स्क्लेरेनकाइमा-

इस ऊतक की कोशिकाएं मृत, लंबी, सकरी तथा दोनों किनारों पर नुकीली होती हैं। इनकी कोशिकाओं में जीवद्रव्य नहीं होता एवं इनकी भित्ति लिग्निन के जमाव के कारण दृढ़ एवं मोटी हो जाती है। बच्चों, लिग्निन एक रासायनिक पदार्थ है, जो कोशिकाओं की वृद्धि करती है तथा उन्हें सीमेंट की तरह दृढ़ता प्रदान करता है। इससे कोशिकाओं के मध्य कोई स्थान नहीं रह जाता। यह कॉर्टेक्स, पेरीसाइकिल तथा संवहन बंडल में पाया जाता है। दृढ़ ऊतक पौधों के तना, पत्तियों के शिरा तथा बीजों के कठोर आवरण, नारियल के बाहरी रेशेदार छिलके में पाए जाते हैं, जिन पौधों में रेशा उत्पन्न होते हैं। जैसे: जूट। बच्चों, रेशेदार पौधे में यह ऊतक प्रचुर मात्रा में पाया जाता है।
कार्य- यह पौधे को यांत्रिक शक्ति प्रदान करता है तथा आंतरिक भागों की रक्षा करता है।
पौधे के बाहरी भागों में यह रक्षात्मक ऊतक की तरह कार्य करता है।
यह पौधे को सामर्थ्य, दृढ़ता एवं लचीलापन प्रदान करता है।
बच्चों, इस ऊतक को अब हम चित्र के द्वारा समझ लेते हैं।
ocr_image

उदाहरण 1

बहुकोशीय जीवो में ऊतकों का क्या उपयोग है ?

बहुकोशीय जीवो में ऊतकों से श्रम विभाजन होता है। प्रत्येक ऊतक एक विशिष्ट कार्य बड़ी दक्षता से करता है। पेशीय ऊतक फैलते और सिकुड़ते है जिससे गति होती है। तंत्रिका ऊतक संदेशो का वहन करते है, रक्त, ऑक्सीजन, भोजन, हार्मोन और अपशिष्ट पदार्थो में वाहक नलियों से सम्बंधित ऊतक भोजन और पानी को एक स्थान दूसरे स्थान तक ले जाते है।

उदाहरण 2

सरल ऊतक के कितने प्रकार है ?

सरल ऊतक तीन प्रकार के होते है: (i) मृदुतक, (ii) स्थूल कोण ऊतक,(iii) ढृढ़ ऊत्तक।

जटिल स्थायी ऊतक

बच्चों, सरल स्थायी ऊतक में कोशिकाएं समरूप होती थी। अर्थात एक जैसी दिखाई देने वाली कोशिकाओं से मिलकर बना ऊतक। परंतु जटिल ऊतक दो या दो से अधिक प्रकार की कोशिकाओं से मिलकर बना होता है। ये एक इकाई के रूप में एक साथ कार्य करते है। ये जल, खनिज-लवणों तथा खाद्य पदार्थों को पौधों के शरीर के विभिन्न भागों में पहुँचाते है। ये दो प्रकार के होते है।
A- जाइलम
B- फ्लोएम
जाइलम तथा फ्लोएम मिलकर संवहन बण्डल का निर्माण करते है। अतः इन दोनों को मिलाकर संवहन ऊतक कहते है।

A. जाइलम अथवा दारू

जाइलम ऊतक पौधों के मूल, तना और पत्तियों में पाया जाता है। इसे चालन ऊतक भी कहते है। यह निम्न चार प्रकार के तत्वों से मिलकर बना होता है।
a. वाहिनिकाएं
b. वाहिकाएं
c. जाइलम तंतु
d. जाइलम मृदूतक
a. वाहिनिकाएं- इनकी कोशिकाएं लंबी, जीवद्रव्यरहित दोनों सिरों पर नुकीली तथा मृत होती हैं। इनकी कोशिका भित्ति मोटी तथा स्थूलित होती है। वाहिनिकाएं, संवहनी पौधों के प्राथमिक तथा द्वितीयक दोनों ही जाइलम में पायी जाती है।
कार्य- यह पौधे को यांत्रिक सहारा देती हैं, एवं जल को जड़ से तने द्वारा पत्तियों तक ले जाती हैं।
b. वाहिकाएं- इनकी कोशिकाएं मृत एवं लंबी नली के समान होती हैं। इनकी भित्ति विभिन्न तरह से मोटी होकर सरपिलाकार, वलयाकार, गर्ती, सीढीनुमा, जालिकारूपी वाहिकाएं बनाती है, यह वाहिकाएं एंजियोस्पर्म पौधे के प्राथमिक एवं द्वितीयक जाइलम में पायी जाती है।
कार्य- यह भी जड़ से जल एवं खनिज-लवण को तनों द्वारा पत्तियों तक पहुँचाती हैं।
c. जाइलम तंतु- यह लंबी, शंकुरूपी तथा स्थूलित भित्तिवाली मृत कोशिकाएं हैं। यह प्रायः काष्ठीय द्विबीजपत्री पौधों में पाई जाती हैं।
कार्य- यह मुख्यतः पौधों को यांत्रिक सहायता प्रदान करती है।
d. जाइलम मृदूतक- इसकी कोशिकाएं प्रायः पैरेंकाइमेटस तथा जीवित होती हैं।
कार्य- यह भोजन का संग्रह करती है, एवं किनारे की ओर पानी के पार्श्व संवहन में सहायता करती है।
बच्चों, अब हम जाइलम ऊतक की सभी कोशिकाओं को चित्र के द्वारा समझ लेते है।

ocr_image

बच्चों, इस तरह जाइलम ऊतक पौधों को यांत्रिक सहारा देता है तथा जल का संवहन जड़ से पत्तियों तक करता है।

B. फ्लोएम

चालनी नलिकाएं लंबी, बेलनाकार तथा छिद्रित भित्ति वाली कोशिकाएं होती हैं। यह एक दूसरे पर परत जैसी सजी रहती हैं। इनमें चालनी पट्टी पाई जाती है। वयस्क चालनी नलिका में केंद्रक अनुपस्थित होता है। चालनी नलिका संवहनी पौधों के फ्लोएम में पायी जाती हैं।
कार्य- इस नलिका द्वारा तैयार भोजन पतियों के संचय अंग और संचय अंगों से पौधे की वृद्धि क्षेत्र तक जाता है। जहां इसकी जरूरत होती है।
b. सह कोशिकाएं- सह कोशिकाएं चालनी नलिकाओं के पार्श्व भाग में स्थित होती हैं। प्रत्येक सह कोशिका लंबी और जीवित होती है जिसमें कि केंद्रक एवं जीवद्रव्य रहता है। केवल एंजिओस्पर्म के फ्लोएम में सह कोशिकाएं पाई जाती हैं।
कार्य- यह चालनी नलिकाओं में भोज्य पदार्थ के संवहन में मदद करता है।
c. फ्लोएम तंतु- यह लंबी दृढ़ स्क्लेरेंकाइमेट्स कोशिकाओं के बने होते हैं। कुछ एंजिओस्पर्म की चालनी नलिकाओं से यह संबंध रखते हैं।
कार्य- यह फ्लोएम ऊतक को यांत्रिक सहायता प्रदान करते हैं।
d. फ्लोएम मृदूतक- यह जीवित, लंबी एवं केंद्रकयुक्त कोशिकाएं होती हैं। जो सह कोशिकाओं के निकट पायी जाती हैं।
कार्य- इनमें भोजन संचित रहता है तथा यह भोज्य पदार्थों के संवाहन का कार्य करती हैं। बच्चों, अब हम सभी फ्लोएम कोशिकाओं को चित्र के द्वारा समझ लेते हैं।
ocr_image

बच्चों, इस तरह फ्लोएम पत्तियों द्वारा तैयार भोज्य पदार्थ को पौधों के विभिन्न भागों तक पहुंचाता है। यह एक संग्रहण उत्तक भी है, जो पौधे को यांत्रिक सहायता प्रदान करता है।

उदाहरण 3

फ्लोएम के संघटक कौन-कौन से है ?

फ्लोएम के संघटक निम्न है: (i) छलनी नलिका
(ii) साथी (सहचर) कोशिकाए
(iii) फ्लोएम मृदुतक
(iv) फ्लोएम दृढ़ोतक

उदाहरण 4

कितने प्रकार के तत्त्व मिलकर जाइलम ऊतक का निर्माण करते है ? उनके नाम बताएं।

जाइलम (दारु) चार प्रकार की कोशिकाओं से मिलाकर बना होता है। वे निम्न है: (i) वाहिनिकाए
(ii) नलिका (वाहिकाए)
(iii) जाइलम मृदुतक
(iv) जाइलम ढृढ़ ऊतक

OMR

जिन मृदूतकों में क्लोरोफिल पाया जाता है उन्हें हरित मृदूतक या क्लोरेनकाइमा कहते हैं। जल में पाए जाने वाले पौधों में तैरने के लिए नलिकाएं होती हैं, जो मृदूतक के बीच पायी जाती है। बच्चों, इस प्रकार के मृदूतक को वायूतक या ऐरेनकाइमा कहते हैं।

जंतु ऊतक

बच्चों प्रत्येक बहुकोशिकीय जीव अलग-अलग कार्य करने के लिए अलग-अलग कोशिकाएं पाई जाती है। और उन कोशिकाओं के समूह को ही हम उत्तक कहते हैं। विभिन्न प्रकार के ऊतक मिलकर अंग बनाते हैं कई अंग मिलकर अंग तंत्र बनाते हैं जिससे एक संपूर्ण जीव का विकास होता है। अधिकांश बहुकोशिकीय जंतुओं में निम्न चार प्रकार के जंतु उत्तक पाए जाते हैं।

1. उपकला या एपिथीलियम ऊतक
2. संयोजी ऊतक
3. पेशी ऊतक
4. तंत्रिका ऊतक
बच्चों, अब हम सम्पूर्ण जंतु उतक को चित्र के द्वारा समझ लेते है।
ocr_image

1. उपकला या एपिथीलियम ऊतक

यह तक बाहरी अंगों की पतली परत तथा भीतरी अंगों की पतली परत का निर्माण करता है। ऐसे ऊतक अंगों की रक्षा करते हैं। यह विसरण, श्रावण तथा अवशोषण में सहायता करते हैं। एपिथीलियम ऊतक की कोशिकाओं का आकार उनके स्थान एवं कार्य के अनुसार अलग-अलग होता है। यह सामान्यतः चार प्रकार के होते हैं:

शल्की या शलकाभ एपिथीलियम
स्तंभाकार एपिथीलियम
क्यूबॉयडल एपीथिलियम
सिलिएटिड एपिथीलियम
शल्की या शलकाभ एपिथीलियम- यह कोशिकाएं चपटी तथा अत्यधिक पतली होती हैं। इनके केंद्रक भी चपटे होते हैं इस प्रकार इस ऊतक की कोशिकाएं फर्श या दीवार पर लगी चपटी ईटों के समान होती हैं। यह त्वचा की बाहरी परत पर पायी जाती है। इसके अलावा यह मुखगुहा, जीभ, ग्रसनी तथा आहारनाल का स्तर बनाती हैं। यह रक्त वाहिनी हो तथा फेफड़ों के वायु कोष में भी पाई जाती हैं।
कार्य- इनका कार्य आंतरिक अंगों को सुरक्षा देना तथा रक्त वाहिनी एवं वायु कोषों के द्वारा पदार्थों का विसरण करना है। बच्चों, अब हम इस ऊतक को चित्र के द्वारा समझ लेते हैं।

ocr_image

स्तंभाकार एपिथीलियम- यह ऊतक एक ही स्तर में बने स्तंभाकार कोशिकाओं से मिलकर बना होता है। कोशिकाओं के मुक्त सिरों पर सूक्ष्म रसांकुर होते हैं। यह उन स्थानों पर पाए जाते हैं जहां अवशोषण एवं श्रावण की अधिक आवश्यकता होती है। जैसे- छोटी आंत का भीतरी स्तर। इसके अलावा यह अंगों को यांत्रिक सहारा भी प्रदान करती है। बच्चों, स्तंभाकार एपिथीलियम को अब हम चित्र के द्वारा समझ लेते हैं।ocr_image
क्यूबॉयडल एपीथिलियम- इसकी कोशिकाएं घनाकार होती हैं तथा प्रत्येक कोशिका में एक स्पष्ट केंद्रक होता है। यह लार ग्रंथि, स्वेद ग्रंथि तथा वृक्क नलिका में पाई जाती है। अवशोषण एवं श्रावण के अतिरिक्त यह कोशिकाओं को यांत्रिक सहारा भी देती हैं। बच्चों, इस ऊतक को अब हम चित्र के द्वारा समझ लेते हैं।

ocr_image
सिलिएटिड एपीथिलियम- जब स्तंभाकार एपिथीलियम में सिलिया उत्पन्न होते हैं तो सिलिएटिड एपीथिलियम का निर्माण होता है। यह सिलिया सिलियरी गति के कारण श्वास नली के भीतरी भाग में म्यूकस या स्लेष्मा को एकत्रित नहीं होने देती है। श्वास नली के अतिरिक्त यह ऊतक अंडवाहिनी तथा गर्भाशय में भी पाया जाता है। बच्चों, इस ऊतक को अब हम चित्र की सहायता से देखते हैं।

ocr_image

2. संयोजी ऊतक

यह ऊतक विभिन्न अंगों एवं ऊतकों को जोड़ता है तथा उन्हें यांत्रिक सहारा भी देता है। इस ऊतक में कोशिकाओं की संख्या कम होती है, तथा अंतराकोशिकीय पदार्थ अधिक होता है। अंतराकोशिकीय पदार्थ को मैट्रिक्स कहते हैं। मैट्रिक्स तंतुवत, ठोस, जेली की तरह, तरल, सघन या कठोर अवस्था में होता है। संयोजी ऊतक आंतरिक अंगों के रिक्त स्थानों में, रक्त नलिकाओं एवं तंत्रिका तंत्र के चारों ओर तथा अस्थि मज्जा में भरा रहता है। संयोजी ऊतक के निम्नलिखित प्रकार के होते हैं।
वास्तविक संयोजी ऊतक
कंकाल ऊतक
तरल ऊतक या संवहनी ऊतक

वास्तविक संयोजी ऊतक

इसके अंतर्गत निम्नलिखित ऊतक आते हैं।
एरियोलर ऊतक- यह बहुतायत में पाए जाते हैं तथा इसके मैट्रिक्स में बहुत सारी कोशिकाएं तथा दो प्रकार के तंतु (श्वेत एवं पीला), एवं निम्नलिखित प्रकार की कोशिकाएं पाई जाती है।
फाइब्रोब्लास्ट- यह चपटी तथा शाखीय होती हैं एवं तंतु बनाती हैं।
हिस्टीयोसाइट्स- यह चपटी, अनियमित आकार की तथा केंद्रकयुक्त होती है। यह जीवाणुओं का भक्षण करती हैं।
प्लाज्मा कोशिकाएं- यह गोलाकार या अंडाकार होती हैं तथा एंटीबॉडीज का निर्माण करती हैं।
मास्ट कोशिकाएं- यह केंद्रकयुक्त, गोलाकार या अंडाकार होती हैं। यह रुधिर वाहिनियों को फैलाने के लिए हिस्टामीन, रुधिर के न जमने के लिए हिपैरिन तथा रुधिर वाहिनियों के सिकुड़ने के लिए सीरोटोनिन नामक प्रोटीन स्रावित करती हैं। बच्चों, अब दो प्रकार के तंतु के बारे में जानते हैं।
श्वेत तंतु- यह आशाखत तथा अलचीले होते हैं क्योंकि यह कोलेजन नामक पदार्थ के बने होते हैं।
पीला तंतु- यह शाकीय या आशाकीय तथा लचीले होते हैं। ये इलास्टिन नामक पदार्थ का बना होता है।
एरियोलर ऊतक के कार्य- यह त्वचा एवं मांसपेशियों अथवा दो मांसपेशियों को जोड़ने का कार्य करता है। यह विभिन्न आंतरिक रचनाओं को ढीले रूप से बांधकर उन्हें अपने स्थान पर बनाए रखने में मदद करता है। बच्चों, अब हम एरियोलर ऊतक को चित्र के द्वारा समझ लेते है।

ocr_image

ऐडीपोज या वसा संयोजी ऊतक- इस ऊतक में गोलाकार एवं अंडाकार कोशिकाएं पाई जाती हैं। इन कोशिकाओं में वसा की बूंदे भरी रहती हैं। यह त्वचा के नीचे चर्बी के रूप में, आंतरिक अंगों के बीच तथा मेंढक के वृक्क के शीर्ष पर स्थित वसापुंजों में पाया जाता है।
एडिपोज ऊतक के कार्य- यह ऊतक संचित भोज्य पदार्थ का कार्य करता है जिसका उपयोग आवश्यकता पड़ने पर होता है, यह बाहरी चोटों से शरीर की रक्षा करता है। यह ऊतक तापरोधक होने के कारण ठंड से शरीर की रक्षा करता है। इसीलिए ठंडे प्रदेशों के जंतुओं के शरीर में यह ऊतक अत्यधिक देखने को मिलता है। इस ऊतक के अधिक मात्रा में होने पर शरीर मोटा हो जाता है। बच्चों, अब हम वसा संयोजी ऊतक को चित्र के द्वारा समझ लेते है।

ocr_image

श्वेत तंतुमय ऊतक- इस ऊतक में एक दूसरे के समांतर श्वेत एवं सघन तंतु पाए जाते हैं। तंतुओं के बीच कुछ कोशिकाएं बिखरी रहती हैं जिनमें मैट्रिक्स बहुत कम होता है। यह ऊतक टेंडन का निर्माण करता है। जो मांसपेशियों को अस्थियों तथा दूसरी मांसपेशियों से जोड़ते हैं। ऐसे ऊतक अत्यधिक मजबूत तथा आंशिक लचीले होते हैं।
पीला तंतुमय ऊतक- इस ऊतक के तंतु एरियोलर उत्तक के पीले तंतु से अत्यधिक मोटे होते हैं इनमें मैट्रिक्स कम होता है तथा तंतुओं के बीच-बीच में कई कोशिकाएं पाई जाती हैं। यह ऊतक अधिक मजबूत एवं लचीले होते हैं। यह तक लिगामेंट का निर्माण करता है जो अस्थियों को अस्थियों से जोड़ने का कार्य करते हैं। बच्चों, अब हम श्वेत तथा पीले तंतुमय ऊतक को चित्र के द्वारा समझ लेते हैं।

ocr_image

जालवत संयोजी ऊतक- इस ऊतक में तारा जैसी कोशिकाएं होती हैं। इन कोशिकाओं से प्रोटोप्लास्मिक कई प्रवर्ध निकलते हैं। जो मैट्रिक्स में एक जाल जैसी रचना बनाते हैं। इसकी मैट्रिक्स में अन्य प्रकार की कोशिकाएं भी होती हैं। ऐसे ऊतक प्लीहा, यकृत तथा अस्थिमज्जा में पाए जाते हैं। बच्चों, अब हम जालवत संयोजी ऊतक को चित्र के द्वारा समझ लेते है।

ocr_image

कंकाल ऊतक

कंकाल ऊतक शरीर को तथा अन्य ऊतकों को सहारा देते हैं तथा उन्हें मजबूती से जोड़ने का कार्य करते हैं। यह सदा शरीर के अंदर पाया जाता है तथा अंतः कंकाल का निर्माण करता है। यह कशेरुकी जंतुओं का विशेष लक्षण है। यह कोमल अंगों जैसे मस्तिष्क आदि की रक्षा करता है। कंकाल ऊतक दो प्रकार का होता है।
उपास्थि ऊतक
अस्थि ऊतक
उपास्थि- उपास्थि ऊतक का मैट्रिक्स लसलसा होता है जिसमें बहुत ही पतले तथा महीन कोलेजन तंतु पाए जाते है। इसके मेट्रिक्स की रचना एक प्रकार के प्रोटीन से होती है जिसे कोंड्रीन कहते है इसमें कोशिकाएं रहती है जो कोंड्रियोब्लास्ट कहलाती है कोशिका के चारों ओर द्रव्य भरा रहता है जिसे लैकुना कहते है। उपास्थि या कार्टिलेज अस्थियों के जोड़ को चिकना बनाती है। यह बाह्य कर्ण, नाक, कान, श्वास नली, कंठ, स्टरनम तथा अंतरकशेरुकी स्थानों पर पायी जाती है। बच्चों, अब हम हायलिन उपास्थि का चित्र के द्वारा अध्ययन करते हैं।

ocr_image

अस्थि- इस ऊतक की कोशिकाएं ओस्टियोब्लास्ट कहलाती हैं। ओस्टियोब्लास्ट कठोर मैट्रिक्स में उपस्थित होते हैं। मैट्रिक्स में कैल्शियम तथा फास्फोरस के लवण पाए जाते हैं जिससे मैट्रिक्स कठोर हो जाता है। ओस्टियोब्लास्ट मैट्रिक्स की लैकुनी में पाई जाती हैं। लेकिन एक दूसरे से पतली नलिकाओं द्वारा संबंधित रहती हैं। जिन्हें कैनालीकुली कहते हैं। अस्थि के मध्य में एक गुहा होती है जो अस्थिमज्जा से भरी रहती है अस्थि मज्जा में रक्तनलिकाए पाई जाती हैं। जिन से पोषक तत्व कैनालीकुली के द्वारा विसरण से अस्थि की सभी जीवित कोशिकाओं तक पहुंचता है। मैमेलियन अस्थि की अनुप्रस्थ काट में अनेक मलिकाएं दिखाई देती हैं जिन्हें हैवर्सियन नाल कहते हैं। बच्चों, अब हम मैमेलियन अस्थि की अनुप्रस्थ काट को चित्र के द्वारा समझ लेते हैं।

ocr_image

तरल ऊतक

रुधिर एवं लसीका को तरल ऊतक कहते हैं। इनका अंतराकोशिकीय पदार्थ तरल होता है। जिसमें कोशिकाएं बिखरी रहती हैं इसलिए इन्हें तरल संयोजी ऊतक कहते है।
रुधिर / रक्त- रुधिर एक तरल संयोजी ऊतक है। बच्चों, रक्त के तरल भाग को प्लाज्मा कहते हैं जिसमें कणिकाएं तैरती रहती हैं। रुधिर कणिकाएं तीन प्रकार की होती हैं जो निम्न है।
लाल रुधिर कणिकाएं
श्वेत रुधिर कणिकाएं
प्लेटलेट्स
बच्चों, अब हम तरल ऊतक (रुधिर) को चित्र के द्वारा समझ लेते हैं।

ocr_image

3. पेशी ऊतक

पेशी ऊतक की कोशिकाएं लंबी होती हैं तथा इनमें पाया जाने वाला तरल सार्कोप्लाज्म कहलाता है। सार्कोप्लाज्म में केंद्रक होता है जंतुओं के शारीरिक अंगों में गति पेशी ऊतक के द्वारा ही आती है। औतकी और कार्यकी के आधार पर यह तीन प्रकार के होते हैं।
अरेखित या अनैच्छिक पेशी
रेखित या ऐच्छिक पेशी
हृदय पेशी
बच्चों, अब हम इन तीनों ही पेशियों को एक सारणी के द्वारा समझ लेते हैं।

ocr_image

बच्चों, अब हम तीनों पेशियों को चित्र के द्वारा समझ लेते हैं।

ocr_image

4. तंत्रिका ऊतक

जंतुओं के शरीर में मस्तिष्क, मेरुरज्जु तथा तंत्रिकाएं तंत्रिका ऊतक के बने होते हैं। तंत्रिका ऊतक संवेदनाओं को शरीर के एक भाग से दूसरे भागों में भेजने का कार्य करती हैं। तंत्रिका तंत्र तंत्रिका कोशिका या न्यूरॉन का बना होता है। जैसा कि हम चित्र के द्वारा देख सकते हैं।

ocr_image

न्यूरॉन के निम्नलिखित भाग होते हैं।
सायटन या कोशिका काय- यह कोशिका का मुख्य भाग होता है जहां पर केंद्रक पाया जाता है।
कोशिका प्रवर्ध या डेन्ड्राइडस- कोशिका काय से निकलने वाले तंत्रिका हैं डेन्ड्राइडस बनाती हैं।
एक्सान- यह कोशिका काय से निकलने वाली धागेनुमा संरचना है जो अंत में तंत्रिकाक्ष बनाती है। जिसके द्वारा ही दूसरा न्यूरॉन जुडा रहता है।
सिनैप्स- एक न्यूरॉन के अंतिम छोर से दूसरा न्यूरॉन जुड़कर सिनैप्स बनाता है आवेग का संचार हमेशा एक्सान की एक कोशिका से दूसरी कोशिका के डेन्ड्राइडस तक होता है न की इसके विपरीत। बच्चों, अब हम तंत्रिका कोशिका द्वारा सिनैप्स को एक चित्र के द्वारा समझ लेते है।

ocr_image

सारांश

कोशिकाओं के स्मरणीय समूह को जिनकी उत्पत्ति, बनावट तथा कार्य समान हो, ऊतक कहते हैं। पादप ऊतक दो प्रकार के होते हैं: 1. विभज्योतक ऊतक और 2. स्थायी ऊतक। विभज्योतकी ऊतक की कोशिकाएँ विभाजित होती रहती हैं एवं यह पौधों के वृद्धि वाले क्षेत्रों (मूल तथा तना के शीर्ष) पर रहती है। स्थायी ऊतक की कोशिकाएँ विभाजित नहीं होती है एवं ये विभज्योतक से बनती हैं। स्थायी ऊतक दो प्रकार के होते हैं: 1, सरल और 2. जटिल। समान कोशिकाओं का समूह सरल ऊतक बनाता है। मृदूतक, स्थूलकोण ऊतक और दृढ़ ऊतक सरल स्थायी ऊतक है। मृदूतक पतली भित्ति की जीवित कोशिकाओं का बना होता है, जिसका कार्य रक्षा करना है। अनियमित ढंग से कोनों पर मोटी, जीवित कोशिकाओं से स्थूलकोण ऊतक बनता है, जो पौधे को यांत्रिक सहायता प्रदान करता है। दृढ़ ऊतक मोटी दीवार की मृत कोशिकाओं का बना होता है यह भी पौधे को यांत्रिक सहायता देता है।जाइलम का संवहन पौधे की जड़ से शीर्ष भाग तक करता है। जटिल ऊतक विभिन्न प्रकार की कोशिकाओं का बना होता है। जाइलम और फ्लोएम जटिल ऊतक हैं। जल एवं घुलित खनिज-लवण फ्लोएम पत्ती से पौधों के विभिन्न भागों में खाद्य पदार्थ का संवहन करता है। जंतु ऊतक चार प्रकार के होते हैं: एपिथीलियमी, संयोजी, पेशी एवं तंत्रिका ऊतक। एपिथीलियमी ऊतक शरीर के विभिन्न अंगों का बाहरी या भीतरी आवरण बनाता है। एपिथीलियमी ऊतक के मुख्य कार्य-सुरक्षा, संयोजी ऊतक अन्य ऊतकों को एकसाथ बाँधकर उन्हें मजबूती और सहायता प्रदान करता है। एरियोलर ऊतक, एडिपोज ऊतक, अस्थि, उपास्थि, रक्त, लसीका ये सभी संयोजी ऊतक हैं। रुधिर या रक्त एवं लसीका को तरल ऊतक भी कहा जाता है। रुधिर में तीन प्रकार की कणिकाएँ पाई जाती हैं-लाल रुधिरकणिका, श्वेत रुधिरकणिका तथा प्लेटलेट्स या थ्रोम्बो रुधिर द्वारा पचे हुए भोजन, ऑक्सीजन, कार्बन डाइऑक्साइड, उत्सर्जी पदार्थों, हॉर्मोनों आदि का परिवहन हो ऊष्मा-वितरण, रोगाणुओं से रक्षा आदि कार्य भी होता है। लसीका खाद्य पदार्थों के परिवहन एवं हमारी सुरक्षा के प्रति भी उतरदायी है। पेशी ऊतक पेशीय कोशिकाओं से बनते हैं। ये गति करनेवाले ऊतक हैं। पेशी तंतु रेखित व रेखित होते हैं।रेखित पेशी आहारनाल की भित्ति में,आँत में, वृषण में, मूत्राशय में तथा रक्तवाहिनियों में पाई जाती हैं। रेखित पेशी बहुकोशिकीय होती है परंतु अरेखित और कार्डियेक पेशी एककोशिकीय होती है। रेखित पेशी ऐच्छिक होती है और रेखित एवं कार्डियेक पेशी अनैच्छिक होती है। न्यूरॉन तंत्रिका ऊतक की इकाई है। न्यूरॉन में साइटन, डेंड्राइट्स और ऐक्सॉन होते हैं। आवेग का संचार हमेशा ऐक्सॉन की एक कोशिका से दूसरी कोशिका के डेंड्राइट्स तक होता है। साइटन के समूह गुच्छिका एवं ऐक्सॉन समूह तंत्रिका का निर्माण करते हैं।

अभ्यास

वस्तुनिष्ठ प्रश्न

लघु उत्तरीय प्रश्न

दीर्घ उत्तरीय प्रश्न

LEVEL 1

LEVEL 2

LEVEL 3